News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

विदाई समारोह का आयोजनMuzaffarnagar News

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत का पुलिस अधीक्षक जनपद कौशाम्भी के पद पर स्थानान्तरण होने के उपलक्ष्य में किया गया विदाई समारोह का आयोजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित अधिकारियों/कर्मचारियों ने उनके सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए दी विदाई। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत का जनपद मुजफ्फरनगर से पुलिस अधीक्षक जनपद कौशाम्भी के पद पर स्थानान्तरण होने के फलस्वरुप रिजर्व पुलिस लाईन सभागार कक्ष में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उक्त समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री सत्यनारायण प्रजापत को फूल माला पहनाकर, स्मृतिचिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को याद किया तथा भविष्य में ऐसे ही अपने कार्यों से पुलिस विभाग की सेवा करते रहने के लिए शुभकामनाएं दी गयी। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चैबे, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, जिला कारागार अधीक्षक अभिषेक चैधरी, पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर सिद्धार्थ के मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी श्री राजू कुमार, क्षेत्राधिकारी भोपा  देववृत वाजपेई, क्षेत्राधिकारी फुगाना  यतेन्द्र नागर, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी क्षेत्राधिकारी जानसठ श्रीमती रूपाली राय चैधरी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय सुश्री ऋषिका सिंह सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक श्री सत्यनारायण प्रजापत को फूल माला पहनाकर विदाई दी गई।

 

एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिलेMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।जनपद के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला सरवट में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही घर के भीतर घर के अंदर बंद कमरे में 35 वर्षीय इरशाद, उसकी 30 वर्षीय पत्नी नूरीन, 2 साल का बेटा आहिल और महज एक महीने की मासूम बच्ची अक्शा मृत अवस्था में मिले। घर के अंदर एक साथ चार लाशें मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी और यह खबर जंगल कीें आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, पेशे से पेंट का काम करने वाले पेंटर इरशाद का शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। चर्चा रही कि सोमवार देर रात तक घर के अंदर पति पत्नी के बीच विवाद की आवाजे आती रही। सुबह करीब दस बजे तक जब कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने करीब 10 बजे दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर जब लोग अंदर पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। जहां मौके पर मौजूद भीड ने देखा कि युवक इरशाद का फांसी लगा शव पंखे पर लटका हुआ है तथा उसकी पत्नी का शव फर्श एवं दो मासूम बच्चों का शव बिस्तर पर पडा हुआ है। चर्चा रही कि इरशाद की बहन घर आई थी, जिसे उसने ईदी के तौर पर 1500 रुपये दिए थे। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी नूरीन नाराज हो गई थी और दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के बाद घर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया था, जो देर रात तक जारी रहा। घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा, सीओ मंडी राजू कुमार साव, डॉग स्क्वायड, एलआईयू और फॉरेंसिक टीम भी आसपास के थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले पत्नी और बच्चों को मारा अथवा जहर दिया और उसके बाद खुद फांसी लगा ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, वहीं परिजन और स्थानीय लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं। एसएसपी संजय कुमार वर्मा का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 

 पदाधिकारियों ने की डा.भीमराव अम्बेडकर जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।डा.भीमराव अम्बेडकर जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक मे संस्था के पदाधिकारियो ने अपने सुझाव रखे तथा कार्यक्रम  की सफलता हेतु कार्ययोजना तैयार की।    31 मार्च 2026 दिन मंगलवार को सुबह करीब 10 बजे डाॅ.भीमराव अम्बेडकर जन्मोत्सव एवं जनसेवा समिति ,मुजफ्फरनगर की एक आवश्यक अम्बेडकर धर्मशाला रैदासपुरी में आयोजित हुई। जिसमें आने वाली 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी के जन्मोत्सव व शोभायात्रा को प्रत्येक वर्ष की भंाति इस वर्ष भी बडी धूमधाम के साथ मनाए जाने का निर्णय लिया गया। बैठक मे मौजूद  पदाधिकारियो ने अपने विचार रखते हुए कहा कि कहा कि हर वर्ष की भंाति इस वर्ष भी शहर के सभी मौहल्लो से शोभायात्रा के लिए झाॅकिया निकाली जाएगी। जो शोभायात्रा मे सम्मलित होकर शोभायात्रा की विशाल शोभायात्रा का रूप देंगी। कार्यक्रम की सफलता के लिए एक समिति का गठन किया गया। जिसमे सभी पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया। बैठक में संरक्षक रजनीश गौतम, अध्यक्ष राजकुमार सिद्धार्थ,महासचिव दीपचन्द उर्फ माटू, उपाध्यक्ष जितेन्द्र धीरयान, उपाध्यक्ष राजीव कुमार, मा.सोमदत्त, किरनपाल, कोषाध्यक्ष रामनिवास उर्फ रप्पू, सचिव संजय जानिया, संगठन मंत्री सागर, पुष्पेन्द्र बोबी, डा.आवेश, मीडिया प्रभारी विजय कैमरिक, कानूनी सलाहकार डा.मुकेश गौतम, कुलदीप एड., सरस्यगण दीपक, सुमित, गौतम, शंकर पेन्टर, सन्नी, प्रदीप, राहुल, मनीष कुमार गोल्डी, सौरभ, राहुल, अश्वनी, अनिल कुमार, शैंकी, राजबहादुर सिंह, भारत, रामकुमार, कुक्कु, सूरज, राजू, नितिन गंागुली, बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।  यह जानकारी कमैटी के मीडिया प्रभारी विजय कैमरिक ने पे्रस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।

 

जिला कारागार का जिला जज, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षणMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जिला जज, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा जिला कारागार का किया गया निरीक्षण, महिला बंदियों को किया गया जागरूक। जनपद मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला जज बीरेन्द्र कुमार सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा जिला कारागार मुजफ्फरनगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारीगण द्वारा पुरुष एवं महिला बैरकों, रसोईघर सहित समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया गया। रसोईघर में साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन करते हुए बंदियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।  मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से महिला कारागार में जाकर महिला बंदियों से संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान उन्हें उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, 181 एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निडर होकर अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारीगण द्वारा महिला बंदियों को आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया गया।
 इसके अतिरिक्त पुरुष एवं महिला बंदियों से जेल में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। तत्पश्चात कारागार कार्यालय एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा मुलाकाती रजिस्टर का गहन अवलोकन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से कारागार में स्थापित जैमर प्रणाली एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को भी परखा गया।  निरीक्षण के क्रम में कारागार स्थित चिकित्सालय का भी अवलोकन किया गया, जहां दवाइयों की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था एवं बंदियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई। इस संबंध में निर्देशित किया गया कि उपचार व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही न बरती जाए।   अंत में अधिकारीगण द्वारा जिला कारागार अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशानुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराई जाएं, शातिर बंदियों पर सतत निगरानी रखी जाए, कारागार परिसर में किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री का प्रवेश न होने दिया जाए तथा साफ-सफाई की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही कारागार में तैनात पुलिस बल को ड्यूटी के प्रति सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक  सिद्धार्थ के0 मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मण्डी  राजू कुमार साव सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहें।

 

सेवानिृवत्ति पर दी विदाईMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए पुलिस लाइन सभागार कक्ष मे विदाई समारोह का किया गया आयोजन, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए फूल-माला पहनाकर व उपहार भेंट कर दी गयी विदाई। उत्तर-प्रदेश पुलिस को अपनी सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के लिए रिजर्व पुलिस लाइन सभागार कक्ष में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनायी गयी तथा कर्तव्यों के निर्वहन हेतु उनके द्वारा किये गये कार्यों की प्रशंसा की गयी। महोदय द्वारा सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट कर उनके आगामी सुखमय व समृद्ध जीवन की कामना करते हुए शुभकामनाएं दी गयी। विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अतुल कुमार चैबे, प्रतिसार निरीक्षक श्री ऊदल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण तथा सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे।  सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में पुलिस उपाधीक्षक मुर्तजा हसनैन जैदी मुजफ्फरनगर। (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति), उ0नि0 प्रदीप कुमार थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर। (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति), उ0नि0 महेश चन्द्र पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर। (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति),  उ0नि0 रेडियो राजवीर सिंह, मुजफ्फरनगर। (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति), उ0नि0 राजेन्द्र कुमार शर्मा थाना तितावी , मुजफ्फरनगर। (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति),  उ0नि0 सोहनवीर सिंह थाना खतौली, मुजफ्फरनगर। (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति), मुख्य आरक्षी बनी सिंह पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर। (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति), अनुचर श्रीमती सुमन पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर। (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति)।

 

मंत्री कपिल देव ने दिए बालाजी जन्मोत्सव की भव्य शोभायात्रा को लेकर  दिशा-निर्देश”
मुज़फ्फरनगर। आगामी 2 अप्रैल मे “बालाजी जन्मोत्सव” के अवसर पर निकलने वाली देश की सबसे बड़ी एवं भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आज बालाजी मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक मे माननीय मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंदिर समिति के संरक्षक भीम सैन कंसल, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ सिटी मजिस्ट्रेट, एक्शन विद्युत, नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मंत्री कपिल देव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरे यात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाकर उसे सख्ती से लागू करने को कहा। इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बालाजी जन्मोत्सव की यह शोभायात्रा हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का एक भव्य स्वरूप है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हों, ताकि हर श्रद्धालु सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्वक इस आयोजन में भाग ले सके। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मंत्री जी को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएंगी और आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। इस अवसर पर हरी शंकर तायल, सुनील तायल, कुलदीप कुमार, रजत गोयल मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

 

हनुमान जी की पूजा सभी की मनोकामना करती है पूर्ण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्री बालाजी धाम मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री बालाजी जन्मोत्सव के चलते श्री बालाजी धाम संकीर्तन भवन में हो रही श्री राम कथा के समापन अवसर पर आचार्य श्री शांतनु जी महाराज ने हनुमान जी की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि कथा कभी समाप्त नहीं होती बल्कि कथा में विश्राम होता है, सुंदर कांड क़े फल से धर्म लाभ मिलता है हनुमान जी की पूजा सभी की मनोकामना पूरी करती है बजरंगबली जल्दी ही प्रसन्न होते हैं उन्होंने कहा कि पूरी रामायण में सुंदरकांड पाठ को सबसे श्रेष्ठ माना गया है, हनुमान चालीसा सिद्ध मंत्र, सिद्ध ग्रंथ तथा सिद्ध पंथ है हनुमान जी को प्राप्त करने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करें द्य कथा को आगे बढ़ाते हुए आचार्य श्री ने भगवान श्री राम और रावण के बीच युद्ध के प्रसंग सुनाया आचार्य जी ने कथा में प्रतिदिन आने वाले सभी श्रद्धालुओं का धन्यवाद करते हुए उन्हें अयोध्या का नागरिक बनाते हुए प्रभु श्री राम के राज्याभिषेक के प्रसंग के वर्णन में शामिल किया, उन्होंने कहा रामचरितमानस ऐसा ग्रंथ है जिसमें जात-पात की कोई स्थान नहीं है कथा में मुख्य रूप से राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, आचार्य पंडित श्री प्रगति कौशिक, पूर्व विधायक अशोक कंसल, उद्यमी भीमसेन कंसल, व्यापारी नेता संजय मित्तल, अचिन कंसल  राजीव गोयल, विजय गुप्ता, भाजपा नेता विशाल गर्ग, मुनेश त्यागी, अंकित गर्ग, सुभाष गोयल, सागरमल विद्युत विभाग, अनुराग सिंघल, प्रवीण गुप्ता, मंदिर कमेटी से हरिशंकर तायल, कुलदीप कुमार, सुनील तायल, नितिन संगल, अमन गोयल, उदित गर्ग, रजत राठी, रजत गोयल, विकास गोयल, विभोर तायल, शिवम तायल, अमित जिंदल सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे कथा के पश्चात मंदिर कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया ।

निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन
मोरना। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ स्थित हनुमद्धाम में  आयोजित श्री हनुमत जयंती महोत्सव के पांचवें दिन रोटरी सुंदर लाल नेत्र चिकित्सालय, चंदौसी (संभल) द्वारा यहां निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 385 मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां व चश्मे वितरित किए गए, जबकि 55 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई।
शिविर के शुभारंभ पर महामंडलेश्वर स्वामी केशवानंद महाराज ने कहा कि आंखों की रोशनी के बिना मनुष्य का जीवन अंधकारमय हो जाता है। आंखें ईश्वर की अनमोल देन हैं, इसलिए इनके प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। उन्होंने “नेत्रदान महादान” का संदेश देते हुए लोगों से मृत्यु उपरांत नेत्रदान करने का आह्वान किया, ताकि किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाई जा सके। चिकित्सा टीम के डा. लवकेश सिंह चंदेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने क्षेत्र के छछरौली, वजीराबाद, मोरना, इलाहाबास, फिरोजपुर, शुक्रतारी, भोपा, मलपुरा, कादीपुर, रहकडा आदि विभिन्न गांवों से आए 385 मरीजों की आंखों की जांच कर 55 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। शिविर के सफल आयोजन में प्रमोद अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, सुमित यादव, नवीन जायसवाल का विशेष योगदान रहा।

 

वैदिक पुत्री में एलुमनाई मीट का आयोजनMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। वेदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में एक भावनात्मक और यादगार एलुमनाई मीट का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 30 वर्षों के अंतराल के बाद पूर्व छात्राएँ एक साथ एकत्रित हुईं।
इस अवसर पर पूर्व छात्राओं में अपार उत्साह देखने को मिला। वर्षों बाद एक-दूसरे से मिलकर सभी ने अपनी पुरानी यादों को ताजा किया और विद्यालय के दिनों को फिर से जीने का अवसर प्राप्त किया। पूरे परिसर में अपनत्व, उल्लास और स्मृतियों की मधुर छाया देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व छात्राओं एवं आदरणीय शिक्षिकाओं के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधानाचार्य श्रीमती मीरा गुप्ता, मिस निरुपमा तथा वर्तमान प्रधानाचार्य श्रीमती राजेश कुमारी उपस्थित रहीं। साथ ही विद्यालय की शिक्षिकाएँ वीना कुमार, इला, प्रभा, सीमा, इंदु गुप्ता, मंजू शर्मा, विभूति, शशिबाला एवं वंदना जी  विशेष अतिथि पूर्व  अभिभावक अध्यक्ष योगेंदर सोम की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। सभी को शॉल एवं पुरुष आदि से सम्मानित किया गया और विद्यालय अनुदान हेतु प्राचार्य को 16 000 रुपए की भेंट दी गई। पूर्व छात्राओं ने अपने गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और शिक्षाओं ने उनके जीवन को दिशा प्रदान की है। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें नृत्य, संगीत एवं मनोरंजक गतिविधियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, खेल एवं सहभागिता गतिविधियों ने कार्यक्रम में और भी उत्साह का संचार किया। इस सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति में शिवाली, संगीता, रीना सोम, शैली, रुची अंजली, गज़ाला, राजी और भावना का विशेष योगदान रहा, जिनकी मेहनत और समर्पण से यह कार्यक्रम इतनी सुंदरता से संपन्न हुआ। यह एलुमनाई मीट केवल एक पुनर्मिलन नहीं, बल्कि भावनाओं, संबंधों और स्मृतियों का उत्सव बन गया। कार्यक्रम का समापन हर्षाेल्लास के साथ हुआ, साथ ही भविष्य में ऐसे आयोजन नियमित रूप से करने का संकल्प भी लिया गया।

 

महावीर जन्म कल्याणक महामहोत्सव मनायाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।जैन कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुजफ्फरनगर में महावीर जन्म कल्याणक महामहोत्सव प्राचार्या प्रोफेसर सीमा जैन  की अध्यक्षता में बहुत ही धूमधाम से मनाया गया जिसमें समस्त महाविद्यालय परिवार एवं छात्राएं सम्मिलित हुई। कार्यक्रम का सफल संचालन राष्ट्रीय पर्व एवं महापुरुष जयंती समिति की संयोजिका डॉ स्वीटी जैन असिस्टेंट प्रोफेसर अर्थशास्त्र विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा बहुत ही सुंदर-सुंदर प्रस्तुति, भजन एवं महावीर प्रभु के संदेश के माध्यम से दी गई। डॉ स्वीटी जैन जैन द्वारा कार्यक्रम को और अधिक उत्साह से मनाने के लिए भगवान महावीर के संदेश जियो और जीने दो,अहिंसा,शांति,और  करूणा तथा भगवान का जन्म कल्याण परिचय विभिन्न प्रकार के खेलों के माध्यम से और प्रतियोगिताओं के माध्यम से कराया गया , जिसमें सभी ने अत्यधिक आनंद और उत्साह के साथ प्रतिभाग  किया एवं सभी प्रतिभागियों को प्राचार्या  द्वारा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्राचार्या  ने छात्राओं को भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याण के अतिशयों  से अवगत कराया और उन्हें हमेशा अहिंसा पथ पर चलने की प्रेरणा प्रदान की । कार्यक्रम में डॉ मंजूषा,डॉ पारूल,  रेखा जैन रुचि जैन एवं  प्रीति राघव  ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्रवक्ताए  डॉ आभासैनी,  डॉ वंदना वर्मा, डॉ संतोष कुमारी, ,डॉ पूनम शर्मा , डॉ मनीष अग्रवाल, डॉ सविता , डॉ गीता ,डॉ  प्रियंका कपूर, , डॉ पूजा, डॉ छाया आदि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के पश्चात सभी ने महावीर जयंती के पावन पर्व पर मिष्ठान ग्रहण किया।

 

प्रतियोगिता का हुआ सफल आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)एस. डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में लोगो एवं टैगलाइन पहचान प्रतियोगिता का सफल आयोजन ।  एस.डी. कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ सेल एवं ब्रेनिॉक्स क्लब के तत्वावधान में लोगो एवं टैगलाइन पहचान विषय पर एक रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधि का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल एवं बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ब्रांड जागरूकता, रचनात्मक सोच एवं मार्केटिंग से जुड़े व्यावहारिक ज्ञान को विकसित करना था। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विभिन्न कंपनियों के लोगो और टैगलाइन उपभोक्ताओं को आकर्षित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस गतिविधि को अत्यंत रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जिससे विद्यार्थियों ने सीखने के साथ-साथ आनंद भी लिया । इस कार्यक्रम की मुख्य संयोजक पूर्वी संगल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को च्च् के माध्यम से विभिन्न प्रसिद्ध ब्रांड्स के लोगो और टैगलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे एक छोटा सा लोगो किसी कंपनी की पहचान बन जाता है और एक प्रभावशाली टैगलाइन ग्राहकों के मन में स्थायी स्थान बना लेती है। उनके द्वारा दिए गए उदाहरणों ने विद्यार्थियों को मार्केटिंग की बारीकियों को समझने में सहायता की । कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न लोगो दिखाए गए और उनसे संबंधित टैगलाइन पहचानने के लिए कहा गया। इसी प्रकार, कुछ टैगलाइन दी गईं जिनसे संबंधित ब्रांड का नाम बताना था। इस इंटरैक्टिव गतिविधि में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी समझ एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान उत्साह और प्रतिस्पर्धा का वातावरण देखने योग्य था। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने समूह में मिलकर भी विचार-विमर्श किया, जिससे उनकी टीमवर्क क्षमता में वृद्धि हुई । कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और ब्रांड पहचान की समझ को और अधिक मजबूत बनाया। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की गई, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली। इस अवसर पर बीबीए विभाग के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से, मोहम्मद अंजर, सोनिका, पूरवी, प्राची, रोहन त्यागी, प्रशांत गुप्ता, विनीता चैधरी, सतीश, अमित, पवन बलियान, लवी वर्मा एवं दीपक गर्ग विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. संदीप मित्तल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल ज्ञानवर्धक होती हैं बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण कौशल को भी बढ़ाती हैं। उन्होंने ठतंपदपवऽ क्लब एवं प्फ सेल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बीबीए विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज के समय में मार्केटिंग और ब्रांडिंग का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है और इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों को व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया । कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया तथा उन्हें सीखने का एक नया दृष्टिकोण प्रदान किया। इस सफल आयोजन के लिए ब्रेनिॉक्स क्लब, प्फ।ब् सेल, समस्त बीबीए संकाय एवं विद्यार्थियों का योगदान सराहनीय रहा।     

 

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21142 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × 2 =