समाचार (Muzaffarnagar News)
रोहाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंदरू 15 दिनों में कई ट्यूबवेल व घर बने निशाना
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। थाना शहर कोतवाली अंतर्गत रोहाना चैकी क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसानों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बीते 15 दिनों के भीतर कई किसानों की ट्यूबवेलों और ग्रामीणों के मकानों को चोर अपना निशाना बना चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कड़े निर्देशों और निरीक्षण के बावजूद क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार सुबह रोहाना चैकी क्षेत्र के गांव कल्लरपुर-कच्छोली में उस समय सनसनी फैल गई, जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे। वहां दो किसानों की ट्यूबवेल के ताले टूटे मिले और अंदर रखा कीमती सामान गायब था। पीड़ित किसान कृष्ण पुंडीर ने बताया कि चोर ट्यूबवेल से मोटर, स्टार्टर, केबिल सहित हजारों रुपये का सामान बटोर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के किसानों का जमावड़ा लग गया। सूचना मिलते ही डायल-112 और स्थानीय रोहाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित किसानों से पूरी जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने किसानों को जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश करने और चोरों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है। गौरतलब है कि हाल ही में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय वर्मा ने रोहाना चैकी का औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की क्लास ली थी और गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि बीते चार दिन पहले भी कई ट्यूबवेलों पर चोरी हुई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। लगातार हो रही वारदातों से पूरे इलाके में भय का माहौल है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोरी की इन घटनाओं का पर्दाफाश कर सामान बरामद न किया गया, तो वे उग्र कदम उठाने को मजबूर होंगे।
पूर्व दरोगा के मकान में चोरी, पुलिस जांच में जुटी
बुढ़ाना। कस्बे की तहसील कॉलोनी में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। यह मामला पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आवास के पास स्थित पूर्व दरोगा देशपाल सिंह के मकान का है। चोरों ने मकान से नकदी, जेवरात और अन्य सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि तहसील कॉलोनी क्षेत्र में कई अधिकारियों के आवास भी स्थित हैं। बीती रात चोरों ने पूर्व दरोगा के मकान में प्रवेश कर वहां रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि पूर्व दरोगा देशपाल सिंह के मकान के समीप ही कस्बा चैकी प्रभारी का आवास भी स्थित है। पुलिस अधिकारी के आवास के नजदीक हुई इस घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके और उनके आने-जाने के रास्ते का सुराग लग सके। फिलहाल चोरी हुए सामान और नकदी का सटीक आकलन किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का अनावरण कर दिया जाएगा।
श्री कृष्ण मंदिर दुर्गापुरी खतौली में 4 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा जन्माष्टमी महोत्सव
खतौली । जनपद के दुर्गापुरी स्थित सिद्धपीठ श्री कृष्ण मंदिर में पिछले 12 वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 4 सितंबर 2026 (शुक्रवार) सायं 6रू00 बजे से होगा, जिसमें क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित सम्मिलित होने का आग्रह किया गया है।
भव्य रूप से सजेगा भगवान श्री कृष्ण का दरबार
मंदिर के संचालक म. शांतमुनि माधवव्यास शेवलीकर ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर एवं भगवान श्री कृष्ण के दरबार को भव्य व आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर जन्मोत्सव की दिव्य अनुभूति प्राप्त करेंगे।
बच्चों के लिए आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम महोत्सव के दौरान बच्चों में भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक संस्कारों के संवर्धन के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का वर्णन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं मनमोहक नृत्य कार्यक्रम आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास है। महोत्सव में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक शुद्ध देसी घी से निर्मित चूरमा प्रसाद की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
श्री कृष्ण मंदिर परिवार ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 4 सितंबर को सायं 6रू00 बजे सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य एवं अलौकिक बनाने में सहभागी बनें।
सुरक्षा व्यवस्था का पैदल गश्त कर एसपी देहात ने लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड पर है। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (एसपी देहात) अक्षय संजय महाडीक ने थाना तितावी क्षेत्र के कस्बा बघरा में पुलिस बल के साथ सघन पैदल गश्त की। एसपी देहात ने कस्बे के मुख्य बाजारों, व्यस्त चैराहों, मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों तथा संवेदनशील स्थानों का पैदल भ्रमण किया। गश्त के दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी फुगाना नरेंद्र सिंह यादव, थानाध्यक्ष तितावी जयवीर सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति का गहनता से जायजा लिया। गश्त के दौरान एसपी देहात ने स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। एसपी देहात ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर पूरी सतर्कता और निष्ठा के साथ दायित्वों का पालन करें। उन्होंने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर शांति-व्यवस्था बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।
बाइक सवार दो युवक हादसे में घायल
खतौली। थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा फहीमपुर खुर्द गांव स्थित भट्टे के सामने हुआ, जहां अचानक सड़क पर आए सांड से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार ग्राम चांदसमंद निवासी यतेन्द्र पुत्र बहराम सिंह और मनोज पुत्र नथ्थन सिंह बाइक से फहीमपुर खुर्द भट्टे के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर आए सांड से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक से सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज, बेगराजपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मामले की जानकारी ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा लगातार हादसों का कारण बन रहा है। रात के समय सड़क पर अचानक पशुओं के आ जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने तथा सड़क हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
कवाल कांडः सचिन व गौरव को दी श्रद्धांजलि
यज्ञ व शांति पाठ के साथ किया नमन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जानसठ क्षेत्र के गांव मलिकपुरा में शुक्रवार को वर्ष 2013 के कवाल कांड में जान गंवाने वाले सचिन और गौरव सहित 14 लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह विधि-विधान से यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें परिजनों और ग्रामीणों ने आहुति देकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
यज्ञ के उपरांत आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने सचिन और गौरव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि 28 अगस्त का दिन परिजनों व क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत भावुक करने वाला है। उन्होंने समाज में शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि सभा में यशवीर महाराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, पूर्व मंत्री कपिल देव, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र चैधरी, प्रवेंद्र भड़ाना, अनिल राठी, बृजेश रस्तोगी, डॉ. वीरपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, सुप्रीता पाल, उमेश मलिक, हरेंद्र शर्मा, उधम सिंह, बिट्टू (शिवसेना) और यनेश तंवर सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस-प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु प्रार्थना के साथ हुआ।
विशालकाय अजगर का वन विभाग की टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बिहार में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने आबादी के पास एक विशालकाय अजगर देखा। काफी वजनी इस अजगर को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों का मजमा लग गया। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी आदित्य सोनकर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने मुस्तैदी और पूरी सावधानी बरतते हुए विशाल अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। अजगर के सकुशल पकड़े जाने के बाद ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम अजगर को आबादी से काफी दूर, उसके प्राकृतिक आवास यानी सुरक्षित जंगल में ले जाकर छोड़ आई। वन अधिकारियों की इस त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने सराहना की। वन क्षेत्राधिकारी आदित्य सोनकर ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि भविष्य में आबादी क्षेत्र के आसपास कोई सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे, तो उसे नुकसान पहुंचाने या खुद पकड़ने का प्रयास बिल्कुल न करें। ऐसे मामलों में तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि जीव को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके। इस रेस्क्यू अभियान में कुलदीप कुमार, संजीव कुमार, राहुल शर्मा, सागर कुमार और प्रदीप कुमार सहित वन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
एसपी सिटी ने बाजारों और बस स्टैंडों पर परखी सुरक्षा व्यवस्था
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रक्षाबंधन के पावन पर्व को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अमृत जैन ने नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थानों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और बस स्टैंडों पर खुद उतरकर चेकिंग अभियान चलाया और सुरक्षा का जायजा लिया। एसपी सिटी अमृत जैन ने शहर के व्यस्तम बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और बस स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था का बारीक निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कराई गई। उन्होंने बाजारों में खरीदारी करने आए आम नागरिकों से भी बातचीत की और उन्हें सुरक्षित माहौल का अहसास कराया। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने मौके पर तैनात पुलिस बल को पूर्ण सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार गश्त व भ्रमण जारी रखा जाए। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पैनी नजर रखते हुए त्वरित चेकिंग की जाए। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति या सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करे। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बांधा रक्षासूत्र, दिया आशीर्वाद
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक बेहद सुखद और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बड़े ही आदर और स्नेह के साथ अंकित गुर्जर की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बच्चों के इस निश्छल दुलार और आदर से वातावरण खुशनुमा हो गया।
इस खास अवसर पर अंकित गुर्जर की बड़ी बहन अर्चना ने भी अपने प्यारे भाई की कलाई पर राखी बांधी। बहन ने अपने भाई की सफलता, तरक्की और दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया। वहीं, अंकित गुर्जर ने भी अपनी बहन और सभी बच्चों को जीवन के हर मोड़ पर संबल देने और सदैव रक्षा करने का वचन दिया।
यह खास पल आपसी स्नेह, सम्मान और पारिवारिक प्रेम का एक बेहद सुंदर उदाहरण बना।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंची एसपी क्राइम
खतौली। रक्षाबंधन के पावन पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने और आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अपराध (एसपी क्राइम) इन्दु सिद्धार्थ ने कस्बा खतौली में खुद धरातल पर उतरकर निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बाजारों और बस स्टैंड पर चलाया चेकिंग अभियान एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ ने क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राव व पुलिस बल के साथ कस्बे के मुख्य बाजारों, बस स्टैंड तथा भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का बारीक निरीक्षण किया गया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए कड़े निर्देश निरीक्षण के दौरान एसपी क्राइम ने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा किरू
बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस टीम लगातार भ्रमणशील रहे।संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और वाहनों पर पैनी नजर रखी जाए।पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहे।किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल अलर्ट मोड पर रहे। एसपी क्राइम ने स्पष्ट किया कि त्योहारों पर आम नागरिकों और महिलाओं की सुरक्षा सर्वाेपरि है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
चरथावल थाने में पुलिसकर्मियों को बांधी ब्रह्मकुमारी बहनों नेराखी
चरथावल। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की बहनों ने चरथावल थाने पहुंचकर थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया और समस्त पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान बहनों ने पुलिसकर्मियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में शांति, सौहार्द तथा पवित्रता का संदेश दिया।
थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने ब्रह्माकुमारी बहनों का सहर्ष आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बहनों की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी विषम परिस्थिति या समस्या के समय तुरंत पुलिस को सूचित करें, पुलिस हर संभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहेगी। कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में भाई-बहन के स्नेह, आदर और विश्वास का सुंदर वातावरण देखने को मिला। ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिसकर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके जवाब में पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर थाने का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
126वें प्राचीन रामलीला महोत्सव का आगाज
जानसठ। कस्बे के देहात क्षेत्र में प्राचीन रामलीला के 126वें महोत्सव की भव्य शुरुआत हुई। इस अवसर पर परंपरानुसार ढोल-नगाड़ों के साथ झंडी यात्रा निकाली गई और ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर पर रामलीला का झंडा स्थापित किया गया। झंडी यात्रा का शुभारंभ देवी मंदिर परिसर स्थित प्राचीन रामलीला स्टेज से हुआ। यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों, मोहल्ला मिश्रण, हनुमानपुरा और शिव मंदिर तुलसी राय से होती हुई ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ ध्वजारोहण संपन्न हुआ। ध्वजारोहण के साथ ही आगामी नवरात्रों के दौरान आयोजित होने वाले रामलीला व राम विवाह मंचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्राचीन रामलीला मोहल्ला मिश्रण समिति और जानसठ रामलीला परिवार मिलकर इस वर्ष 126वां महोत्सव धूमधाम से आयोजित कर रहे हैं।कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला मंचन के लिए मुख्य कलाकारों को बाहर से बुलाया जाता है और पूरी लीला का मंचन कमेटी के मार्गदर्शन व देखरेख में संपन्न कराया जाएगा।
रक्षासूत्र बांधकर बहनों ने की भाईयोे की लम्बी दुआ की कामना
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भाई-बहन के असीम स्नेह, पवित्र प्रेम और अटूट विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को जनपदभर में अत्यंत हर्षाेल्लास, धूमधाम और पारंपरिक श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। प्रातः काल से ही घरों में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
त्योहार के शुभ अवसर पर जनपदभर के सनातन परिवारों में परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की गई। बहनों ने घरों के मुख्य द्वार के दोनों ओर सोन चिपकाकर अथवा रोली-चावल से उकेरकर विधि-विधान से पूजन किया। बहनों ने स्नान ध्यान के पश्चात पूजा की थाली सजाई, जिसमें रोली, अक्षत, मिठाई और रंग-बिरंगी राखियां शामिल रहीं। शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट करते हुए जीवनभर हर परिस्थिति में उनकी रक्षा करने का वचन दिया।
रक्षाबंधन के अवसर पर शहर के मुख्य बाजारों, मिष्ठान भंडारों और फल मंडियों में भोर से ही ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। घेवर और तरह-तरह की मिठाइयों की दुकानों पर लोगों का तांता लगा रहा। परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सड़कों पर चहल-पहल बनी रही। दूर-दराज से अपने भाइयों के घर जाने वाली बहनों के कारण बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी आवाजाही दर्ज की गई। त्योहार को शांतिपूर्ण, सकुशल और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अमृत जैन, एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों, चैराहों और बस स्टैंडों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिले में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनेक बहनों ने दिन-रात जनता की सुरक्षा में तैनात जवानों के सुख-समृद्धि की कामना की, जिस पर पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के सम्मान और सुरक्षा का संकल्प दोहराया।
निशुल्क सफर कर रोडवेज बसों से पहुंची बहने
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलेभर में बहनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने के लिए बहनें सुबह से ही रोडवेज बसों में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा त्योहार पर महिलाओं को दिए गए निशुल्क बस यात्रा के तोहफे से बहनों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बहनों को एक विशेष सौगात दी गई जिसमें रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को निःशुल्क यात्रा की सौगात दी गयी। त्योहार के मद्देनजर रोडवेज बसों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बस स्टैंडों पर सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि, बसों में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रा के दौरान थोड़ी आपाधापी जरूर बनी रही, लेकिन बहनों के चेहरे पर त्योहार का उत्साह भारी पड़ता दिखा। यात्रियों का कहना था कि रक्षाबंधन जैसे बड़े पर्व पर बसों में भीड़ होना स्वाभाविक है, परंतु निशुल्क सेवा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत और राहत मिली है।
रोडवेज प्रशासन द्वारा भी भीड़ को नियंत्रित करने और बहनों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया, जिससे बहनें समय पर अपने भाइयों के घर पहुंचकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मना सकीं।
दोपहिया वाहनों और कारों से भी भाइयों के घर पहुंचीं बहनें, सड़कों पर नजर आई वाहनों की भारी कतारें
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहर से लेकर देहात तक सड़कों पर अद्भुत चहल-पहल और उत्साह देखने को मिला। जहां एक ओर उत्तर प्रदेश सरकार की मुफ्त बस सेवा का लाभ उठाकर अनेक बहनों ने सफर किया, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में बहनें अपने परिजनों के साथ दोपहिया वाहनों, बाइक और निजी कारों से भाइयों के घर पहुंचीं। सुबह से ही मुख्य मार्गों, हाईवे और अंदरूनी संपर्क मार्गों पर कार और दोपहिया वाहनों की संख्या अत्यधिक दिखाई दी। बहनों को सुरक्षित और समय पर भाइयों के घर पहुंचाने की उत्सुकता के चलते सड़कों पर गाड़ियों का तांता लगा रहा। शहर के प्रमुख चैराहों, जैसे शिव चैक, मीनाक्षी चैक, जानसठ रोड और सर्कुलर रोड पर दिनभर वाहनों का भारी दबाव बना रहा, जिससे यातायात की गति थोड़ी धीमी जरूर हुई लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं आई। वाहनों की अत्यधिक संख्या और संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रमुख चैराहों पर यातायात पुलिसकर्मी लगातार यातायात को सुचारू बनाने में जुटे रहे, ताकि अपने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने जा रही बहनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मिष्ठान भंडारांे पर रही भीड़
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाइयों का मुंह मीठा कराने के लिए बहनों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह से ही शहर व देहात क्षेत्र की मिष्ठान दुकानों और हलवाइयों के यहां ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। दुकानों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां लोगों ने अपनी पसंद की मिठाइयों की जमकर खरीदारी की। रक्षाबंधन के खास मौके पर सावन की पारंपरिक मिठाई श्घेवरश् की सबसे अधिक मांग रही। मावा घेवर, मलाई घेवर, पनीर घेवर और केसरिया घेवर खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों का तांता लगा रहा। इसके अलावा काजू कतली, रसगुल्ले, गुलाब जामुन और बेसन के लड्डुओं की भी धड़ाधड़ बिक्री हुई। हलवाइयों ने भी त्योहार के मद्देनजर कई दिन पहले से ही तैयारियां पूरी कर रखी थीं और दुकानों को आकर्षक रूप से सजाया था। त्योहार की मिठास बनाए रखने के लिए मुख्य बाजारों के साथ-साथ मोहल्लों की दुकानों पर भी दिनभर आपाधापी का माहौल रहा। दुकानदारों का कहना है कि इस बार रक्षाबंधन पर बिक्री काफी अच्छी रही और देर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। मिष्ठान विक्रेताओं के चेहरों पर भी बेहतर बिक्री को लेकर काफी खुशी नजर आई।


