समाचार (Muzaffarnagar News)
दुकान के ताले टूटे, सामान चोरी
रोहाना। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना शहर कोतवाली अंतर्गत रोहाना चैकी क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही वारदातों ने ग्रामीणों और व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से आम जनता और किसानों में गहरा रोष व्याप्त है। रोहाना कस्बे में मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 स्थित एक वेल्डिंग की दुकान को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। दुकान का शटर तोड़कर चोर दो वेल्डिंग मशीनें, ग्राइंडर और कीमती लीड सहित लाखों रुपये का सामान बटोर ले गए। सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुंचा, तो ताले टूटे देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित दुकानदार की सूचना पर पहुंची डायल-112 और स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में कई ट्यूबवेलों और दुकानों में चोरी की बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस केवल आश्वासन देने तक ही सीमित है। किसी भी घटना का अब तक खुलासा न होने से रोहाना क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।
जिला उद्योग बन्धु समिति की जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित।
उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा।
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।बैठक में जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जानसठ रोड स्थित नैराना विद्युत सब-स्टेशन की 500 मीटर लिंक रोड के निर्माण एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग के प्रकरण पर चर्चा की गई। एनएचएआई के प्रतिनिधि द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त कार्य का एस्टीमेट मुख्यालय से अनुमोदित हो चुका है तथा बारिश का मौसम समाप्त होने के पश्चात कार्य प्रारम्भ कराकर शीघ्र पूर्ण करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों के साथ प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित कर विभाग से संबंधित समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि औद्योगिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
बैठक में धंधेड़ा रोड से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़क के संबंध में नोडल अधिकारी, लोक निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि सड़क पर शीघ्र कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा। वहीं, मैसर्स राधा गोविन्द ऑटोमोबाइल्स प्रा. लि., मुजफ्फरनगर की एनओसी/मानचित्र से संबंधित प्रकरण में अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत, मुजफ्फरनगर को संबंधित विभागों से आवश्यक आख्या प्राप्त कर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए एनओसी जारी करने के निर्देश दिए गए।
मैसर्स बी.के. टाइल्स, मेरठ रोड के समीप स्थित लिंक रोड के क्षतिग्रस्त होने के प्रकरण पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, मुजफ्फरनगर द्वारा अवगत कराया गया कि सड़क निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारम्भ करा दिया जाएगा।
ग्राम लच्छेड़ा में मिल्टेक इंडस्ट्रीज के सामने विद्युत पोल स्थापित कर विद्युत तारों को ऊंचा कराने के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए, जिससे औद्योगिक इकाई के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक के दौरान औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हुए प्लेसमेंट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने बैठक में उपस्थित सभी औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का आह्वान किया कि औद्योगिक आस्थान के मुख्य मार्ग के सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्यों में एमडीए तथा नगर पालिका के साथ सक्रिय सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों का बेहतर बुनियादी ढांचा एवं स्वच्छ-सुंदर वातावरण जनपद में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग जैस्मीन द्वारा किया गया। उन्होंने बैठक में प्रस्तुत विभिन्न प्रकरणों एवं विभागीय कार्यवाही की जानकारी भी साझा की। अंत में सभी अधिकारियों एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक का समापन किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, सहायक श्रम आयुक्त सहित जनपद स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारीगण तथा विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड में घायल सहित 4 दबोचे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।शहर कोतवाली क्षेत्र में देर रात कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर लगाम लगाने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। न्याजूपुरा से काली नदी की ओर जाने वाले सुनसान मार्ग के जंगल में गौकशी की साजिश रच रहे गिरोह के साथ पुलिस टीम की आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व जंगल में एक जिंदा गौवंश को बांधकर गौकशी अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक शातिर आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस की मुस्तैदी से कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। गिरफ्तार आरोपी शोएब उर्फ भूरा (हिस्ट्रीशीटर, मुठभेड़ में घायल), जावेद, अफसर अली, उम्मेद। घटनास्थल से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, कारतूस, कटान में इस्तेमाल होने वाले औजार (दाब, छुरी, रस्सी, लकड़ी का गुटका आदि) बरामद किए हैं। इसके साथ ही एक जिंदा गौवंशीय पशु को भी सकुशल मुक्त कराया गया है। घायल हिस्ट्रीशीटर शोएब के खिलाफ गौवध अधिनियम, गैंगस्टर और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है।
सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक को दी भावभीनी विदाई
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में अपनी निष्ठावान सेवाएं पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक (सशस्त्र पुलिस) श्री दिनेश कुमार के सम्मान में रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ ने अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए उ0नि0 श्री दिनेश कुमार को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना की। महोदया ने उन्हें स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर उनके आगामी जीवन के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक श्री ऊदल सिंह, पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण तथा सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक श्री दिनेश कुमार के परिजन उपस्थित रहे।
‘भारत को जानो’ परीक्षा का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भारत विकास परिषद ‘दिव्य के तत्वाधान में अखिल भारतीय लिखित परीक्षा भारत को जानो का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के करीब 172 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या भारती के शैक्षिक प्रमुख महेशचंद शर्मा, प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा, भारत विकास परिषद श्दिव्यश् के अध्यक्ष कमल गोयल एवं कार्यक्रम चेयरमैन मुकेश जैन ने संयुक्त रूप से मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया। इस अवसर पर सभी आगंतुक अतिथियों का विद्यालय परिवार की ओर से तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को सम्बोधित करते हुए शैक्षिक प्रमुख महेशचंद शर्मा ने कहा कि हमारा शरीर पांच तत्वों- पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं आकाश से मिलकर बना होता है। इसलिए हमें अपने शरीर की चिंता करनी चाहिए। इसके अतिरिक्त शरीर के कुछ गुण जैसे- बल, बुद्धि, शक्ति, निरोगी, लचीलापन, कुशलता, तितिक्षा आदि होते हैं। शरीर के इन गुणों को बेहतर बनाए रखने के लिए हमें संतुलित भोजन, योग एवं व्यायाम, खेल, तथा चिंतारहित निद्रा आदि को नियमित बनाए रखना चाहिए। ये सभी हमारे शारीरिक, मानसिक, प्राणिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक विकास के लिए अति आवश्यक होते हैं। इसके पश्चात भारत विकास परिषद श्दिव्यश् के अध्यक्ष कमल गोयल ने अखिल भारतीय लिखित परीक्षा भारत को जानो के विषय में विस्तार से जानकारी दी। इस परीक्षा में कक्षा 6 से कक्षा 8 तक के कुल 172 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अंत में प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद श्दिव्यश् के अध्यक्ष कमल गोयल, विकास गर्ग, मुकेश जैन आदि सहित समस्त छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
गीता पाठ एवं भजन संध्या हुई आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि सीताराम शर्मा,भोपा रोड,तुलसी नगर के सौजन्य से एवं कथाव्यास होती लाल शर्मा के सानिध्य तथा वरिष्ठ समाज सेवी देवराज पंवार की गरिमामयी उपस्थिति में निःशुल्क गीतापाठ,भजन संध्या का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम शर्मा परिवार द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत पूजन के उपरांत राजेश वर्मा द्वारा गणेश,माँ शारदा तथा गुरू वन्दना, अजय गर्ग तथा रामबीर सिंह द्वारा ओम नमो भगवते वासुदेवाय का जाप,कृष्ण कृपा अमृत, अष्टादश श्लोकी गीतापाठ कराया गया। पंडित होतीलाल शर्मा ने परमात्मा के नाम सुमिरन का महत्व समझाया। गीतापाठ परिवार के रामबीर सिंह ने कहा कि नियमित गीता पाठ से मानसिक शांति,कर्तव्य बोध तथा सकारात्मक ऊर्जा की प्राप्ति होती है तथा घर-घर गीता हर घर गीता के निमित्त उपस्थित श्रद्धालुओ को गीतापाठ के पत्रक भेंट किए।तत्पश्चात भजन भाव मे प्रसिद्ध भजन प्रवाहक महेन्द्र रावत, राजेश वर्मा एवं रंगमंच कलाकार अजय गर्ग के द्वारा प्रस्तुत तारा है सारा जमाना प्रभु हमको भी तारो,, तथा मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है आदि भजनों ने सभी उपस्थित श्रोताओ को भक्ति रस से ओतप्रोत कर दिया तथा सभी श्रद्धालु नाच/झूम उठे।इस अवसर पर समाज सेवी देवराज पंवार ने सत्संग के महत्व पर प्रकाश डाला।अन्त मे प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम को विश्राम दिया गया।गीतापाठ के सफल आयोजन में अतुल गर्ग, रामबीर सिंह,सोनिया सिंह, देवराज पंवार,सीताराम शर्मा, अजय गर्ग,महेंद्र रावत,, उपेंद्र भारद्वाज,संजीव वर्मा, होती लाल शर्मा,राजेश वर्मा, रेखा गुप्ता, विनोद चैहान, महेंद्र चैहान, सत्य प्रकाश शर्मा, प्रेमचंद, महिमा,नीलम तोमर, विजयलक्ष्मी,अमनदीप, डिम्पल,सुनीता,सीमा, मोनिका,सुमन,नवदीप आदि तथा बडी संख्या मे मातृशक्ति का विशेष सहयोग रहा।
स्कूटी सवार बुजुर्ग घायलः हैलमेट बना वरदान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर बाइपास कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि बुजुर्ग ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आने से बच गई और उनकी जान बच गई, हालांकि उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायल सिखेड़ा थाना क्षेत्र के भंडूर गांव निवासी आदेश पुत्र लालू है। उनकी स्कूटी पर अधिवक्ता का स्टीकर लगा हुआ है। हादसे के बाद बुजुर्ग सड़क पर तड़पते रहे। मौके पर एकत्र हुए राहगीरों ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके हाथ-पैरों की मालिश की और उन्हें संभालने का प्रयास किया। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। हादसे का कारण बना ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कूटी और ट्रक को कब्जे में लेकर हाईवे से हटवाया और यातायात सुचारु कराया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है।
रोडवेज गुरुद्वारा साहिब के दरबार हॉल की समाजसेवी सतीश गोयल ने रखी नींव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रोडवेज बस स्टैंड के समीप स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा रोडवेज में सोमवार को दरबार साहिब हॉल के विस्तारीकरण के लिए नींव पत्थर रखने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख उद्यमी एवं समाजसेवी सतीश चंद गोयल को श्री गुरु सिंह सभा मुजफ्फरनगर की ओर से मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। उन्होंने पंज प्यारों की अगुवाई में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान गुरु अरदास के बाद बाद दरबार हॉल के विस्तारीकरण के लिए नींव पत्थर रखा।
नींव पत्थर कार्यक्रम में पधारने के बाद मुख्य अतिथि जिले के प्रमुख उद्यमी और समाजसेवी सतीश चंद गोयल ने गुरु दरबार में मत्था टेककर और गुरु ग्रंथ साहिब की परिक्रमा के बाद सभी के लिए सुख, समृद्धि और शांति के लिए अरदास की। कमेटी की ओर से मुख्य अतिथि सतीश चंद गोयल और पंज प्यारों को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात धार्मिक कार्यक्रम के बीच दरबार साहिब के हॉल के विस्तारीकरण कार्य के लिए सतीश चंद गोयल ने नींव पत्थर रखा। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा और धार्मिक वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में गुरुद्वारा दरबार हॉल के विस्तार को लेकर उपस्थित लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। हॉल के विस्तारीकरण से श्रद्धालुओं और संगत को धार्मिक आयोजनों के दौरान अधिक स्थान उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इस दौरान श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सतपाल मान ने बताया कि संगत की सुविधा के लिए गुरुद्वारा रोडवेज के दरबार हॉल के विस्तारीकरण पर काफी दिनों से मंथन चल रहा था। आज इसके लिए नींव पत्थर रखा गया है और हमें प्रसन्नता है कि ये नींव पत्थर गुरु ग्रंथ साहिब में सच्ची आस्था रखने वाले समाज के हितों के प्रति हमेशा ही चिंतित रहने वाले समाजसेवी सतीश चंद गोयल जैसे व्यक्ति के हाथों से रखा गया है। इसके लिए पूरी कमेटी और समाज में खुशी है, क्योंकि समाजसेवी सतीश चंद गोयल संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित हैं और जिस प्रकार से गुरु गोविंद सिंह तथा उनके चार साहिबजादों की याद में वो बाल दिवस को सच्ची श्रद्धा के साथ मनाकर समाज में सिक्ख समाज के शहीद गुरुओं के आदर्श नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं, वो सराहनीय है। मुख्य अतिथि सतीश चंद गोयल ने अपने व्यक्तव्य में कहा कि वो श्री गुरु सिंह सभा कमेटी के सभी पदाधिकारियों और समाज के आभारी हैं कि उन्होंने इतना बड़ा पुनीत अवसर उनको प्रदान किया। सिक्ख समाज के सभी गुरुओं ने देश और धर्म के लिए बलिदान दिया, अपना सर्वस्व लुटा दिया। गुरु गोविंद सिंह और उनके परिवार का बलिदान विश्व का सबसे बड़ा बलिदान है। युवाओं को इस बलिदान से प्रेरित होकर देश, धर्म और समाज के हितों की रक्षा के लिए अपना योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान, सेक्रेटरी सरदार अजीत सिंह मलिक सहित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा रोडवेज कमेटी के पदाधिकारी व अन्य सदस्य मौजूद रहे।
नर सेवा नारायण सेवा के तहत बांटे फल व मिष्ठान
नई मंडी। संकीर्तन भवन मंदिर में दोपहर के नियमित नारायण भोजन के पश्चात संकल्प परिवार द्वारा नर सेवा-नारायण सेवा के भाव से संस्कृति सप्ताह के द्वितीय सोपान श्मकरंदश् के अंतर्गत फल एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में संकल्प परिवार के सदस्यों ने मंदिर में दर्शन-पूजन किया। तत्पश्चात समारोह में विशेष आमंत्रित प्रांतीय प्रकल्प संयोजक अशोक कुमार सिंघल, सीए अजय अग्रवाल एवं उनकी सुपुत्री का अंगवस्त्र व उपहार भेंट कर भावभीना सम्मान किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों व सदस्यों ने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों को प्रसाद वितरित किया। इस सेवा कार्य में अशोक तायल, सुभाष चंद गुप्ता, विष्णु स्वरुप अग्रवाल, अरूण राजवंशी कोषाध्यक्ष, डॉ. अजय गर्ग, अवनीश गोयल, अनुज माहेश्वरी (सचिव), अभिषेक जैन, गौरव बंसल, सीए नितिन गर्ग, मनोज अग्रवाल, मनोज शर्मा, संदीप दास, परविन्द सिंघल, कुलदीप कुमार गुप्ता, मनोज माहेश्वरी, प्रीति गोयल, नीतू भारद्वाज एवं सीमा दास सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से मोहा मन
मुजफ्फरनगर। अग्रणी साहित्यिक संस्था ‘वाणी’ की मासिक काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन आवास विकास स्थित अजीत सिंह के निवास स्थान पर संपन्न हुआ। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. वीना गर्ग ने की तथा कुशल मंच संचालन लक्ष्मी डबराल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुधीर जगधर द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना के साथ हुआ। गोष्ठी में उपस्थित कवियों ने विभिन्न सामाजिक, आध्यात्मिक, देशप्रेम और मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत रचनाओं का पाठ कर समां बांध दिया। सामाजिक व मानवीय चेतना रामकुमार शर्मा श्रागीश् ने बदलते मानवीय स्वरूप पर प्रहार करते हुए पढ़ा, “है घमंड में चूर सा अब आदमी, चेहरे से बेनूर सा अब आदमी।” वहीं सुनील कुमार शर्मा ने आरक्षण के विषय पर अपनी बात रखी। जीवन दर्शन व संवेदनाएः योगेंद्र सोम ने “है दुनिया तमाशा, तमाशों के मेले…” तथा अंकित दीप ने “ग़म जितने भी हैं दुनिया-ए-फ़ानी में…” के माध्यम से जीवन के अनुभवों को अभिव्यक्ति दी। सुधीर जगधर, समीर कुलश्रेष्ठ, सपना अग्रवाल, पुष्पा रानी एवं मेरठ से पधारी प्रतिभा त्रिपाठी ने भी रिश्तों व स्मृतियों पर भावुक रचनाएं प्रस्तुत कीं। भक्ति व आध्यात्मिक भावः लक्ष्मी डबराल, नेहा कौशिक एवं सीमा मलिक ने ईश्वर भक्ति तथा प्रभु लीला पर आधारित मनमोहक रचनाएं सुनाईं। प्रेम व देशप्रेम के स्वरः विजय गुप्ता, सुमन प्रभा, राजीव भावज्ञ एवं सुनीता सोलंकी ने प्रेम की मधुर अनुभूतियों को पिरोया, वहीं अजीत सिंह ने “मेरा प्यारा वतन, मेरा प्यारा वतन…” पढ़कर देशभक्ति का जज्बा जगाया। काव्यपाठ के अतिरिक्त बृजराज सिंह ने अपनी एक सुंदर कहानी का वाचन भी किया। समारोह के अंत में अध्यक्षीय संबोधन के बाद गोष्ठी का समापन हुआ। इस अवसर पर डॉ. के.डी. कौशिक, पुष्पा रानी, सुनीता सोलंकी, बृजराज सिंह, अनीता सहित अनेक गणमान्य साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गंदगी और जलभराव से परेशान नागरिकों ने पालिकाध्यक्ष के आवास पहुंचकर
कराया समस्या से अवगत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। नगरपालिका क्षेत्र के किदवई नगर स्थित वार्ड संख्या 54 में बदहाल सड़क, जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर क्षेत्र के सैकड़ों लोग पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के आवास पहुंचे और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। नूर मस्जिद टावर वाली गली के निवासियों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की हालत अत्यंत खराब है और नालियों की व्यवस्था न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा रहता है। क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष को बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को रोजाना आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे जलभराव का पानी कई बार घरों के अंदर तक घुस जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी मार्ग से छोटे-बड़े बच्चे स्कूल आते-जाते हैं और बड़ी संख्या में लोग मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचते हैं। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को निकलने में भारी कठिनाई होती है। क्षेत्रवासियों ने जल्द सड़क मरम्मत, नाली निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की। नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क व नाली निर्माण कराकर जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा। पालिकाध्यक्ष से मिले इस आश्वासन के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की उम्मीद जताई है।
चकबंदी कार्यालय में अनोखा धरना, चारपाई और मच्छरदानी लेकर पहुंचे किसान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।अपनी मांगों के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने चकबंदी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन को लेकर किसान इस बार अलग अंदाज में नजर आए। किसान अपने ट्रैक्टरों पर चारपाई, मच्छरदानी और धरने के लिए जरूरी सामान लादकर चकबंदी कार्यालय पहुंचे और वहीं डेरा डाल दिया। धरने का नेतृत्व भाकियू नेता एवं जिला पंचायत सदस्य पति विकास शर्मा निवासी रोनी हरजीपुर ने किया। किसानों ने चकबंदी विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। किसान नेताओं का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। किसानों ने स्पष्ट किया कि इस बार वे केवल औपचारिक धरना देकर वापस लौटने वाले नहीं हैं। मांगों के समाधान तक कार्यालय परिसर में ही डटे रहने की तैयारी के साथ किसान चारपाई और मच्छरदानी लेकर पहुंचे हैं। इससे संकेत है कि आंदोलन को लंबा खींचने की तैयारी की गई है। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। किसान नेताओं ने प्रशासन से चकबंदी से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है। धरने के चलते चकबंदी कार्यालय में भी गतिविधियां प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। किसानों के रुख को देखते हुए प्रशासन और भाकियू पदाधिकारियों के बीच वार्ता की संभावना भी बनी हुई है।
पर्यावरण संरक्षण अभियानः समाजशास्त्रियों व समाजसेवियों ने दिया पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संदेश
जानसठ। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए समाजसेवियों द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के प्रति प्रेरित किया गया। अभियान में उपस्थित सभी लोगों को वृक्षों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। अभियान के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पेड़-पौधों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना असंभव है। पौधे न केवल पर्यावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को सोखकर हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केवल पौधे लगा देना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा करना भी उतना ही आवश्यक है। जिस प्रकार बच्चों का पालन-पोषण किया जाता है, ठीक उसी तरह पौधों की भी देखभाल की जानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके। वक्ताओं ने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या संस्था का नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का सामूहिक दायित्व है।
रक्तदान शिविर का आयोजन
रालोद कार्यकर्ताओं व युवाओं ने उत्साहपूर्वक किया रक्तदान
खतौली। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के तत्वावधान में एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय राठी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर सामाजिक दायित्व निभाया। आयोजन के दौरान वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि समय पर रक्त की उपलब्धता दुर्घटनाग्रस्तों, गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और प्रसूताओं के लिए जीवनदायिनी साबित होती है। स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, जिससे आपात स्थिति में किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सके। शिविर में 36 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री धर्मेंद्र तोमर, नगर अध्यक्ष नौशाद मोनी सहित दल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


