Muzaffarnagar जानसठ में तेज रफ्तार बस ने साइकिल सवार 13 वर्षीय छात्रा को कुचला, हालत गंभीर
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव वाजिदपुर कवाली कट के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने साइकिल से घर लौट रही 13 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस छात्रा को साइकिल समेत काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक हाथ बुरी तरह कुचल गया। परिजनों ने उसे मुजफ्फरनगर के आनंद अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ट्यूशन से लौटते समय हुआ हादसा
Muzaffarnagar गांव वाजिदपुर कवाली निवासी श्यामलाल सैनी की 13 वर्षीय बेटी कनीका सैनी कक्षा नौ की छात्रा है। वह भाकियू (अराजनैतिक) सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष महक सिंह सैनी की भतीजी है। रविवार सुबह कनीका जानसठ से ट्यूशन पढ़कर साइकिल से अपने गांव लौट रही थी। जैसे ही वह पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव जाने वाले कट के पास पहुंची, तभी मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक प्राइवेट बस ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
साइकिल समेत दूर तक घसीटती गई बस
टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा साइकिल समेत बस की चपेट में आ गई और बस उसे काफी दूर तक घसीटती चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
एक हाथ बुरी तरह कुचला, आनंद अस्पताल में उपचार
परिजनों के अनुसार, दुर्घटना में कनीका का एक हाथ बुरी तरह कुचल गया है। बाद में स्वजन उसे मुजफ्फरनगर के आनंद अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है।
पुलिस ने बस कब्जे में ली, चालक की तलाश शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा का मुजफ्फरनगर के आनंद अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है।

