वैश्विक

जेल में रहने के दौरान अपने लिए विशेष डाइट और सप्लीमेंट्स की मांग, जरूरतें नहीं-मजिस्ट्रेट

ओलिंपिक पदक विजेता सुशील कुमार ने जेल में रहने के दौरान अपने लिए विशेष डाइट और सप्लीमेंट्स की मांग रख दी। उनकी इस याचिका पर बुधवार को दिल्ली कोर्ट ने सुनवाई के दौरान तल्ख टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि ये ‘आवश्यक जरूरतें’ नहीं हैं। सुशील कुमार हत्या के एक मामले में आरोपी है। मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट सतवीर सिंह लांबा ने कहा, ‘कथित विशेष भोजन और पूरक आहार आरोपी की केवल इच्छाएं हैं और किसी भी तरह से ये आवश्यक जरूरतें नहीं हैं।’

अदालत ने कहा कि दिल्ली जेल कानून, 2018 के तहत आरोपियों की जरूरतों का जेलों में ख्याल रखा जाता है। अदालत ने आदेश में कहा, ‘कानून की नजर में हर व्यक्ति चाहे वह किसी भी जाति, धर्म, लिंग, वर्ग आदि का हो, बराबर होता है। समानता का अधिकार भारतीय संविधान की मूल विशेषता है।’

सुशील कुमार ने रोहिणी की अदालत में आवेदन दायर कर विशेष भोजन, पूरक आहार और कसरत के साजो-सामान जेल के अंदर मुहैया कराए जाने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि अपने स्वास्थ्य एवं प्रदर्शन के लिए ये चीजें बहुत ही जरूरी हैं। उन्होंने कहा था कि इन चीजों से इंकार करने पर उनके करियर पर असर पड़ेगा जो शारीरिक मजबूती पर निर्भर करता है।

जेल अधिकारियों ने अदालत को पहले दिए अपने बयान में कहा था कि कुमार की चिकित्सीय हालत के मुताबिक उन्हें पूरक आहार या अतिरिक्त प्रोटीन आहार की जरूरत नहीं है। सुशील के वकील प्रदीप राणा ने अदालत से कहा कि उनके मुवक्किल को पूरक आहार का अधिकार है क्योंकि वह ‘गैर सजायाफ्ता आपराधिक कैदी’ है और उन्होंने अपने खर्च पर इनकी मांग की है। संपत्ति विवाद में सागर धनखड़ की छत्रसाल स्टेडियम में कथि तौर पर हत्या करने के सिलसिले में पहलवान वर्तमान में दिल्ली की मंडोली जेल में बंद हैं।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

16 − 5 =