समाचार
विवाहिता की मौत
चरथावल। विवाहिता की मौत से परिजनो तथा ग्रामीणो मे शोक छा गया। अज्ञात कारणो के चलते हुई महिला की मौत के मामले मे पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाने के साथ मामले की छानबीन शुरू की। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव हैबतपुर निवासी अरविन्दपाल की करीब 30 वर्षीय पत्नि सोनिका की आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियो मे मौत हो गई। बताया जाता है कि सोनिका पिछले तीन-चार दिनो से काफी तनावग्रस्त चल रही थी। जिसके चलते आज सुबह उसने अपने उपर मिटटी का तेल छिडक कर खुद को आग लगा दी। इस हादसे मे उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि इस दौरान उसका पति व परिवार के अन्य लोग खेतो मे काम करने के लिए गए हुए थे कि परिजनो की गैर मौजूदगी मे सोनिका पत्नि अरविन्द पाल की संदिग्ध परिस्थितियो मे मौत हो गई। विवाहिता की जल जाने पर मौत हो जाने की खबर पर अनेक ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
वहीं दूसरी और ग्रामीणो की सूचना के कुछ देर बाद ही सीओ सदर सिद्धार्थ तोमर व इंस्पैक्टर राजीव सिह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस व ग्रामीणो द्वारा दी गई इस दुखभरी खबर से मृतका के परिजनो मे कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन व कुछ अन्य लोग टै्रक्टर-ट्रालियो मे सवार होकर हैबतपुर पहुंच गए। परिजनो ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामे का प्रयास किया तथा आरोपी पति व ससुराल वालो के खिलाफ कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने हंगामा कर रहे परिवारजनो को किसी प्रकार शान्त कराया तथा आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले की छानबीन करा आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने महिला के पति को पूछताछ के लिए हिरासत मे ले लिया। वहीं दूसरी और पुलिस सूत्रो का कहना है कि मामले की छानबीन व पोस्ट मार्टम रिर्पाट के बाद ही इस सम्बन्ध मे कोई कार्यवाही हो सकेगी। इस दुखद हादसे से परिजनो तथा ग्रामीणो मे शोक छाया हुआ ैहै।
नाले से मिला लापता युवक का शव
मंसूरपुर। नाले मे युवक का शव पडा देख अनेक ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने परिजनो व ग्रामीणो की मौजूदगी मे शव को पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाने के साथ मामले की छानबीन शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मंसरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर नाले मे किसी अज्ञात युवक का शव पडा देख आसपास फैक्ट्रियो मे काम करने वाले कई लोग मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणो की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वहां मौजूद भीड की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया तो उसकी जेब से मिले कागज के आधार पर उसकी पहचान थाना रतनपुरी क्षेत्र के नया गांव निवासी योगेन्द्र के रूप मे हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनो को इस दुखद हादसे से अवगत कराया। जैसे ही यह दुखद खबर परिजनो को मिली तो परिजनो मे कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन व कुछ अन्य ग्रामीण तुरन्त ही मंसूरपुर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस ने परिजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भर कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। बताया जाता है कि उक्त युवक पिछले चार दिनो से अपने घर से लापता चल रहा था। पुलिस सूत्रो का कहना है कि पोस्ट मार्टम रिर्पोट व मामले की छानबीन के बाद ही इस सम्बन्ध मे कुछ कहा जा सकता है। इस दुखद हादसे से परिजनो व ग्रामीणो मे शोक छाया हुआ है।
लाखों के जेवरात सहित बाल अपराधी दबोचे
मुजफ्फरनगर। एसएसपी के निर्देशो के चलते अपराधो पर रोकथाम व अपराधियो के खिलाफ जनपद भर मे चलाए जा रहे अभियान विशेष के तहत नई मन्डी कोतवाली पुलिस की सफलता ओ का सिलसिला बादस्तूर जारी है। नई मन्डी कोतवाली पुलिस ने पांच बाल अपराधियो को अलग-अलग स्थानो से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणो सहित गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी सुधीर कुमार सिह के निर्देशो के चलते तथा एसपी सिटी सतपाल अंतिल व सीओ नई मन्डी योगेन्द्र सिह के निर्देशन मे नई मन्डी इंस्पैक्टर संतोष कुमार सिह ने पिछले कुछ समय से नई मन्डी क्षेत्र के मकानो व घरो मे चोरी की वारदात मे सक्रिय बाल अपराधियो के गिरोह के खिलाफ चलाई गई मुहिम मे इंस्पैक्टर संतोष कुमार सिह द्वारा गठित टीम मे शामिल सब इंस्पैक्टर नरेन्द्र सिह,एसआई अनिल कुमार सिह एवं एसआई श्रीमति कुसुम भाटी क्षेत्र मे चैकिंग व गश्त के दौरान परिक्रमा मार्ग पर एक इन्जिनियरिंग कॉलेज के समीप बाग मे बैठे बाल अपराधी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ करते हुए उसके चार अन्य साथियों को अलग-अलग स्थानो से की गई वारदातो मे चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणो तथा कागजात सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रो का कहना है कि पकडे गए सभी आरोपी नाबालिग हैं। गिरोह का सरगना भी किशोर है। आरोपियो से पूछताछ कर उनके खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
विभिन्न गांवों में किया फ्लैगमार्च
ककरौली। ककरौली पुलिस ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस के जवानों संग ग्राम बेहड़ा सादात,ककरौली, टनहेड़ा,जड़वड़,कटिया,नया गाँव निजामपुर आदि सम्वेदनशील ग्रामों किया फ्लैग मार्च। आगामी लोक सभा चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के प्रयासों में जुटी ककरौली पुलिस ने उच्चाधिकारियों के आदेशों के अनुपालन में पुनः थाना क्षेत्र के ग्रामों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हुवे ग्रामीणों से निर्भीक होकर मतदान करने के लिये कहा क्षेत्राधिकारी भोपा राममोहन शर्मा थाना प्रभारी जितेन्द्र अम्बावत ने नेतृत्व करते हुवे ग्रामीणों से सुरक्षा को लेकर बातचीत की तथा शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिये मोबाइल नम्बर्स को शेयर किया अफवाह फैलाने व उन्माद भड़काने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में खुफिया नज़र रखने की बात ग्रामीणों को बताई तुरन्त थाने में अपना शस्त्र असलाह जमा कर देने को भी कहा।
पोस्टर प्रतियोगिता से किया जागरूक
मुजफ्फरनगर। एस0डी0 कॉलेज ऑफ मैनेजमेन्ट स्टड्ीज के सभागार में मतदाता जागरूकता हेतु पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका उद््ेश्य मतदाताओ को अपने मताधिकार के सदुपयोग के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारम्भ कॉलेज प्राचार्य डा0 संदीप मित्तल व प्राचार्य डा0 आलोक कुमार गुप्ता एवं विभागाध्यक्ष डा0 संजीव तायल व राजीव कुमार पाल ने मॉ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वल्लित करके किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता मे बी0बी0ए0/बी0सी0ए0 छात्र/छात्राओं ने मताधिकार के विषय पर प्रतिभाग किया, जिसमे प्रथम स्थान यश शर्मा, द्वितीय स्थान नियति पांचाल और तृतीय स्थान संयुक्त रूप से रूपाली व अर्शप्रीत कौर ने प्राप्त किया। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य डा0 संदीप मित्तल ने सभी छात्र/छात्राओं एवं शिक्षको का उत्साहवर्धन करते हुए मतदाता/मतदान जागरूकता के महत्व को समझाते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का मत अच्छी सरकार व अच्छे समाज के निर्माण के लिये जरूरी है व हर व्यक्ति को एक सजक जागरूक मतदाता बनने व एक उच्च समाज के निर्माण मे अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के निर्णायक मंडल मे डा0 विभूति शर्मा, डा0 अंजु अरोरा, डा0 संगीता गुप्ता, चन्दना दीक्षित, विनिता चौधरी व मंच संचालन मे प्राची, श्वेता व पूर्वी सिंघल रही। प्राचार्य डा0 आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मतदान करना देश के विकास के लिये जरूरी है तथा प्रत्येक व्यक्ति को मतदान करने का संकल्प दिलाया और इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का एक मत अच्छी सरकार व अच्छे समाज के निर्माण के लिए जरूरी है उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए आवश्यक है कि सभी वर्ग अधिक से अधिक मतदान करें। बी0सी0ए0 के विभागाध्यक्ष डा0 संजीव तायल ने कहा कि हमे वोट जाति धर्म से ऊपर उठकर काम करने वाले व्यक्ति को योग्यता के आधार पर ही देनी चाहिए। बी0बी0ए0 के विभागाध्यक्ष राजीव पाल सिंह ने कहा कि वोट एक सामाजिक जिम्मेदारी है। हम कैसा समाज चाहते है यह हम किसे वोट देते है, इस पर निर्भर करता है। मीडिया प्रभारी डा0 आलोक गुप्ता ने बताया कि इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण व प्रशान्त गुप्ता, विनिता चौधरी व सतीश एवं समस्त छात्र/छात्रायें उपस्थित रहें।
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। बेसिक शिक्षा विभाग व हयुमेनिटी वैलफेयर सोसाइटी,उ0प्र0 के तत्वाधान में लोकसभा निर्वाचन 2019 के स्वीप कार्यक्रम के अंर्तगत बुढ़ान ब्लॉक के जौला गांव में व बुढ़ाना सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रमां का आयोजन किया गया। जिसमें लोकसभा निर्वाचन के लिए मतदान हेतु लोगां को जागरूक करते हुए मतदाता शपथ कराई गई। जौला गावं में कार्यक्रम मुफती आज़ाद के मदरसे में आयोजित किया गया जिसमें सर्वसमाज के लोगो ने हिस्सा लिया व सभी ने मतदान को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए शत प्रतिशत मतदान की बात कही। कार्यक्रम में हयुमेनिटी वैलफेयर सोसाइटी के कार्यक्रम नोडल शाह आलम ने मतदान से जुड़ी बातों पर प्रकाश डालते हुए विस्तार से मतदान प्रक्रिया को लोगो को समझाते हुए महिलाओं से मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही। साथ ही हयुमेनिटी वैलफेयर सोसाइटी द्वारा मैं हूं जागरूक मतदाता थीम के अर्न्तगत मतदाताआें की सेल्फी ली जो अन्य को जागरूक होने के लिए प्रेरित करे। उसके बाद बुढ़ाना सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र पर पर आशाओं के साथ मतदान जागरूकता हेतु कार्यक्रम किया गया। जिसमें बुढ़ाना सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र के चिकित्साधिकारी सैयद यासिर यजदानी ने आशाआें को मतदाता जागरूकता के लिए शपथ दिलाई। कार्यक्रम के आयोजन में कोर पी.सी.आई. का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष फैजुर्रहमान,सचिव एम0शाहवेज, सीम कश्यप आदि का पूर्ण सहयोग रहा।
श्रीराम कालेज में फैशन-शो से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया
मुजफ्फरनगर। श्रीराम गर्ल्स कॉलेज के ललित कला विभाग में आगामी अप्रैल माह में प्रस्तावित फैशन-शो से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया गया। जिसका उद्देश्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न थीम्स पर तैयार किये जा रहे परिधानों के डिजाईन्स की बारिकीयों का अवलोकन करना था। छात्र-छात्राएं बसंत, स्ट्रीट वियर, खादी मेरी पहचान, वेड मी गुड, हकुनामताता, वॉटर, डेनिम विद फ्लोरल, लाइंस गो वाइड आदि थीम्स पर अपने कलेक्शन तैयार कर रहे हैं।
फैशन शो की तैयारियों का अवलोकन श्रीराम गर्ल्स कॉलेज की सचिव आभा कुलश्रेष्ठ एवं प्राचार्य डा० मनोज धीमान द्वारा किया गया। इस मौके पर आभा कुलश्रेष्ठ ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित एवं उनके कार्यां की प्रशंसा करते हुए कहा कि श्रीराम कॉलेज द्वारा ललित कला विभाग के विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष फैशन शो का आयोजन किया जाता है। इससे विद्यार्थियों को न सिर्फ अपनी रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है साथ ही उन्हें व्यवसायिक रूप से फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में हो रही गतिविधियों से भी परिचित होते हैं। जिसके साथ-साथ फैशन के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का भी अवसर मिलता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डा० मनोज धीमान ने कहा कि हम अपने महाविद्यालय के विद्यार्थियों में फैशन के जिस व्यावसायिक कौशल को विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं वो क्षमताएं एवं कौशल इनके कार्य में स्पष्ट दिखाई दे रहा है। उन्होनें कहा कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार किये जा रहे सभी परिधान उत्तम, रचनात्मक एवं व्यावसायिक गुणवत्ता वाले हैं, भविष्य में विद्यार्थियों द्वारा तैयार परिधानों को आधुनिक बाजार में पहचान मिलेगी।
इस परिधान अवलोकन के दौरान विभागाध्यक्षा रूपल मलिक, डा० रविन्द्र धीमान, डा० आशीष गर्ग, बिन्नू पुण्डीर, अनु नायक, रीना त्यागी, मीनाक्षी काकरान, पुनम पाल, तरूण एवं प्रीति चौधरी भी मौजूद रहे।
हादसे में हुई मौत
मोरना। सुबह सवेरे नहर पटरी पर टहलने निकले मजदूर को तेजी से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे मजदूर गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मजदूर ने दम तोड दिया। बिना किसी पुलिस कार्रवाई के परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम बेलडा निवासी ६० वर्षीय नत्थन कश्यप गम्भीर बीमारी से पीडित चल रहा था। सवेरे नत्थन गांव के सामने स्थित गंगनहर पटरी पर टहल रहा था कि भोपा की ओर से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें नत्थन घायल हो गया। घायल को भोपा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक के न होने के कारण घायल काफी देर तक अस्पताल में तडपता रहा। घायल को जिला चिकित्सालय रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान नत्थन ने दम तोड दिया। वहीं कार सवार नरेश व अर्चना को भी हल्की चोटें आयी। नरेश गाजियाबाद से हरिद्वार जा रहे थे। बिना किसी पुलिस कार्रवाई के नत्थन का अंतिम संस्कार कर दिया गया। नत्थन शहतूत की टहनियों से टोकरी बनाने का कार्य करता था। वह अपने पीछे दो पुत्रों मंगल व संजय को छोड गया है।
सड़क हादसे में चार घायल
खतौली। रतनपुरी में एक कार का टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर बाइक तथा राहगीरों से टकराई। हादसे में बाइक सवार दंपत्ती समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को बुढ़ाना सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायल दंपत्ती को मेरठ रेफर किया हैं। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। स्विफ्ट डिजायर कार चालक विवाहिता को लेकर सलावा आ रहा था। बुढ़ाना रोड पर रतनपुरी के पास कार का टायर फट गया। कार ने अनियंत्रित होकर बाइक और पैदल जा रहे राहगीरों को टक्कर मारी। इस हादसे में बाइक सवार गांव गोयल निवासी राजेंद्र पुत्र श्रीचंद और उसकी पत्नी कमला तथा रतनपुरी निवासी रामकिशन पुत्र मेघा व अहशान पुत्र सलीम घायल हो गए। मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। घायलों को बुढ़ाना सीएचसी पहुंचवाया। चिकित्सकों ने राजेंद्र व उसकी पत्नी कमला को गंभीर घायल होने के चलते मेरठ रेफर किया हैं। बताया कि दोनों बाइक से खतौली आ रहे थे। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया है। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी थी।
पालिकाध्यक्ष ने उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची और बच्चों को रिजल्ट दिए और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की इस अवसर पर बोलते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा आप देश का भविष्य हैं खूब मेहनत से पढ़ें और अपने देश का नाम रोशन करें जिन बच्चों की कम परसेंटेज आई है उन बच्चों को और मेहनत करने के लिए उत्साहित किया और सभी बच्चों को आपस में मिलजुल कर भाईचारा बढ़ाने का संदेश दिया
जज बनने का नसीरपुर गांव की बेटी रागिनी का हुआ सपना पूरा
मुजफ्फरनगर। लक्ष्य के प्रति एकाग्रता की बदौलत नसीरपुर गांव की बेटी ने एचजेएस की परीक्षा क्वालीफाई कर जज बनने का गौरव हासिल किया है। हाईकोर्ट इलाहाबाद के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा २८ फरवरी को घोषित रिजल्ट में जिले की रागिनी को ९ वां स्थान मिला है। गांव के प्राइमरी स्कूल से पढ़ी रागिनी की उपलब्धि इसलिए भी खास है कि शादी के ९ साल बाद उसने जज बनने का सपना पूरा किया और अपने दो बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई।
जिले के बघरा ब्लाक के गांव में नसीरपुर में खुशियों का माहौल है। स्वर्गीय किसान छोटे सिंह की पौत्री रागिनी एचजेएस का एग्जाम उत्तीर्ण कर जज बन गई है। वर्ष १९७९ में गांव में जन्मी रागिनी के घर में परिजनों को बधाई का तांता लगा है। उनके पिता जिला बार संघ के पूर्व महासचिव ठाकुर कंवरपाल सिंह कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। हाईकोर्ट इलाहाबाद के रजिस्ट्रार जनरल मयंक कुमार जैन द्वारा एचजेएस के घोषित रिजल्ट में रागिनी को चयनित सूची में ९ वां स्थान हासिल हुआ।
गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल में पढ़ी मेधावी बेटी ने अनुशासन, लगन और परिश्रम से यह मंजिल पाई है। ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी, मगर अपने सपने को मन मे छुपाकर डटी रही। तितावी के उच्च प्राथमिक विद्यालय में आठवीं पास की। फिर शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव द्वारा बघरा में स्थापित कल्याणकारी इंटर कालेज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट उर्तीण की। पढ़ाई के संकल्प को पूरा करने को वह हर दिन नसीरपुर से ६ किमी दूर बघरा पढ़ने आती थी।
शहर के जैन गर्ल्स डिग्री कालेज से बीए तथा डीएवी कॉलेज से वर्ष २००३ में एलएलबी की। मेरठ कालेज, मेरठ से एलएलएम वर्ष २००५ में किया। तीन बार पीसीएस जे की परीक्षा दी, मगर इंटरव्यू की बाधा नही लांघ सही। इसी बीच साल २०१० में रागिनी का विवाह सहारनपुर जिले गांव मोरा निवासी जितेंद्र सिसौदिया से हो गया, उनके पति उच्च न्यायालय इलाहाबाद में क्रिमिनल केस के अधिवक्ता हैं। उसने अपना लक्ष्य छूने का प्रयास कायम रखा।
यहां कचहरी में प्रैक्टिस भी की। परिवार में एक बेटा हनु और एक बेटी पूर्वी की परवरिश का दायित्व निभाते हुए पहली बार एचजेएस की परीक्षा दी और जज बनने का ख्वाब पूरा किया। भाई रोहित और राहुल सिंह बहन की सफलता पर प्रफुल्लित है। रागिनी कामयाबी का श्रेय पति जितेंद्र को देती है, जिन्होंने तैयारी में पूरी मदद की। पिता कंवरपाल सिंह कहते है कि बेटी ने नसीरपुर का नाम रोशन कर दिया। उन्हें रागिनी पर नाज है।
