वैश्विक

केंद्रीय मंत्रिपरिषद में बुधवार को बड़ा फेरबदल : 43 नए नेताओं ने मंत्रीपद की शपथ ली

 नए मंत्रीमंडल में सात और महिला मंत्रियों को शामिल किया गया। जिसके साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार में महिला मंत्रियों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।यह पिछली किसी भी सरकार के मुकाबले महिला मंत्रियों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले 2004 में तत्कालीन पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भी 11 महिला मंत्री शामिल थीं

 मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दोनों कार्यकालों में महिला मंत्रियों की अधिकतम संख्या 10 तक ही पहुंच पाई थी। नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान भी मंत्रिपरिषद में नौ महिला मंत्री थीं, जिनमें छह कैबनेट में थीं।

 गौरतलब है कि इतनी बड़ी संख्या में महिला मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल करने का फैसला दो हालिया विधानसभा चुनावों को नजर में रखते हुए लिया गया, जहां महिलाओं ने बड़े स्तर पर नतीजों को प्रभावित किया। जहां बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने महिला वोटर बेस को लुभाने में कामयाब रहे, वहीं बंगाल में ममता बनर्जी को महिला वोटों की वजह से कड़ी टक्कर के बावजूद भाजपा पर जीत हासिल हुई। ऐसे में 2024 के चुनावों के मद्देनजर भाजपा अब महिला मंत्रियों के जरिए वोटरों को साधने पर है।

मोदी सरकार में किन महिला नेताओं के पास मंत्रीपद?: इस मंत्रिपरिषद विस्तार में कुल 15 कैबिनेट और 28 राज्य मंत्री बनाए गए हैं। अब मंत्रिपरिषद के कुल सदस्यों की संख्या 78 हो गई है। भाजपा की मीनाक्षी लेखी, शोभा कारंदलजे, दर्शना जरदोश, अन्नपूर्णा देवी, प्रतिमा भौमिक, भारती पवार और अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली। इनमें अनुप्रिया को छोड़कर सभी छह नेता पहली बार केंद्रीय मंत्री बनी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली पहली सरकार में अनुप्रिया स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री थीं।

इन सात महिला नेताओं को मंत्रियों के अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति और रेणुका सिंह सरूता पहले ही मंत्रिपरिषद में शामिल हैं। इससे पहले, बुधवार सुबह ही महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबश्री चौधरी ने इस्तीफा दिया। मंत्रिपरिषद विस्तार से पहले जिन मंत्रियों ने इस्तीफा दिया उनमें वह भी शामिल थीं।

 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21114 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eighteen + 5 =