Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

मुजफ्फरनगर के आठ ब्लॉकों पर भाजपा का कब्जा, बुढाना में बवाल के बाद जीता विपक्ष…

मुजफ्फरनगर। ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा का दबदबा कायम रहा। 4 ब्लॉक में निर्विरोध जीत दर्ज कराने के बाद आज हुए पांच ब्लॉक के चुनाव में 3 ब्लॉक जानसठ, पुरकाजी और शाहपुर में भाजपा के प्रत्याशी विजयी रहे। जबकि विपक्ष के हिस्से में केवल एक बुढ़ाना ब्लॉक आया। जानसठ, पुरकाजी और बुढ़ाना में नजदीकी मुकाबला हुआ। खतौली में भाजपा ही हारी और भाजपा को ही जीत मिली। पुरकाजी में वोटिंग को लेकर विवाद पर हंगामा हो गया। कुल मिलाकर जिले के नौ ब्लॉक में भाजपा ने 8 में जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया है।

खतौली ब्लाक प्रमुख पद पर संजो देवी पत्नी गौतम गुर्जर विजयी घोषित की गई हैं। वह दूसरी बार विजयी हुई हैं। इस परिवार में ब्लाक प्रमुखी कायम रही। यहां पर भाजपा के पूर्व महामंत्री हरीश अहलावत पराजित हुए। खतौली ब्लाक प्रमुख चुनाव में संजो गौतम को 83 जबकि हरीश अहलावत को 53 वोट मिले हैं। भाजपा ने यहां किसी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया था।

शाहपुर में भाजपा प्रत्याशी अरविन्द त्यागी ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है। अरविन्द को 70 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रालोद के अनुज बालियान को 14 मत प्राप्त हुए हैं। 5 वोट निरस्त हुई हैं। जानसठ से भी भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह तोमर ने काफी कांटे के मुकाबले में संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी मेजर सिंह को 7 वोटों के अंतर से पराजित किया है।

पुरकाजी में ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मतगणना में गडबडी को लेकर जमकर हंगामा हुआ। सूत्रों के अनुसार यहां पर पहले विपक्षी खेमे की प्रत्याशी अंजू देवी को 7 वोटों के अंतर से विजयी बताया गया, लेकिन बाद में भाजपा समर्थकों के हंगामे के बाद दोबारा गिनती गराई गई, इसके बाद यह खबर आई कि यहां पर भाजपा प्रत्याशी मालती देवी 3 वोटों के अंतर से जीत गई हैं।

इस पर विपक्षी खेमे के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। वह दोबारा गिनती की मांग पर अड़े रहे। यहां पर सत्ता और विपक्ष के बीच जीत के लिए बड़ा संघर्ष देखने को मिला है। एससी महिला के लिए आरक्षित पुरकाजी ब्लॉक सीट पर भाजपा प्रत्याशी मालती देवी ने विपक्षी प्रत्याशी अंजू देवी को पराजित किया।

बुढ़ाना में भाजपा की हार की खबर मिली। यहां पर मतदान को लेकर भारी हंगामा विपक्षी दलों के नेताओं द्वारा किया गया। भाकियू मुखिया चौ. नरेश टिकैत मतदान से मतगणना तक विपक्षी नेताओं के साथ यहां मोर्चा लिये रहे। यहां पर भाजपा प्रत्याशी बोहती देवी और संयुक्त विपक्ष प्रत्याशी पाल्लो देवी में जीत को लेकर कड़ा संघर्ष हुआ।

इस मुकाबले में विपक्षी की जीत हुई है। रालोद नेता चौ. योगराज सिंह ने बताया कि पाल्लो देवी ने भाजपा प्रत्याशी बोहती देवी को 17 वोटों के अंतर से पराजित कर दिया है। इस जीत से विपक्ष काफी उत्साहित है। यहां पर पाल्लो देवी के पुत्र विनोद मलिक को समर्थकों ने कंधों पर उठाकर जश्न मनाया।

वहीं जनपद में 9 में से 8 ब्लॉक में भाजपा प्रत्याशियों की जीत ने भाजपाईयों का उत्साह बढ़ाने का काम किया। पार्टी कार्यालय गांधीनगर में मिठाई बांटकर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला ने कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी अचिंत मित्तल, रेणु गर्ग, रविकांत और पंकज प्रजापति भी मौजूद रहे।

जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मिली जीत के बाद अब ब्लॉक प्रमुखी की जंग में भाजपा का परचम लहराने पर विजय शुक्ला ने कहा कि यह पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। इसके साथ ही इस जीत ने साबित किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी नीतियों से आम जनता काफी प्रभावित है। हमारी सरकारों के कामकाज पर चुनाव परिणाम जनविश्वास को प्रदर्शित करता है। हम इसी प्रकार 2022 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदर्शन करेंगे।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21630 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen − seventeen =