मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के सामने महिला की गोली मारकर हत्या, भारी फोर्स के साथ पहुंचे एसएसपी
मुजफ्फरनगर। जनपद के मंसूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी।
नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना पाकर भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे एसएसपी अभिषेक यादव ने घटना की जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों को मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव से शेरनगर निवासी मोहसीना (25) पत्नी सोनू बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर को दिखाने आई थी।
वह टैंपू में सवार होकर बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज पहुंची। जब वह टेंपो से उतर कर चली, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसको गोली मार दी और खतौली की ओर फरार हो गए।महिला को गोली मारने की घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
कुछ लोग तुरंत महिला को अंदर अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस जांच पड़ताल कर रही है परिजनों को सूचना दे दी गई है।

