सूर्याकुमार यादव की का डेब्यू कंफर्म, शिखर धवन पहली बार संभालेंगे टीम इंडिया की कमान
इंडिया और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमादास स्टेडियम में दोपहर तीन बजे से शुरू होगा. इंडिया के सीनियर क्रिकेटर्स के इंग्लैंड में होने के चलते शिखर धवन की अगुवाई में युवा भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ मैदान में उतरेगी. पहले वनडे पर हालांकि बारिश का भी खतरा मंडरा रहा और इसी वजह से दोनों टीमों को अपनी रणनीति में बदलाव करने पर मजबूर होना पड़ सकता है.
टीम इंडिया की ओर से पहले वनडे मैच में सूर्याकुमार और संजू सैमसन को डेब्यू का मौका दिया जा सकता है. कप्तान शिखर धवन ने मैच से पहले सूर्याकुमार यादव की का डेब्यू कंफर्म कर दिया है. जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक विराट कोहली की अनुपस्थिति में सूर्याकुमार यादव भारत की ओर से नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए नज़र आ सकते हैं.
संजू सैमसन विकेटकीपर की भूमिका में खेलते हुए दिखाई देंगे. संजू सैमसन के बैटिंग स्टाइल को देखते हुए टीम मैनेजमेंट उन्हें नंबर चार पर बल्लेबाजी का मौका दे सकता है. भारत की ओर से नंबर पांच पर मनीष पांडे खेलते हुए नज़र आएंगे, जबकि छठे और सातवें नंबर पर पांड्या बंधु मोर्चा संभालेंगे.
शिखर धवन के साथ ओपनिंग का जिम्मा पृथ्वी शॉ संभालते हुए नज़र आ सकते हैं. गेंदबाजी की कमान उपकप्तान भुवनेश्वर कुमार के हाथों में रहेगी. दीपक चाहर तेज गेंदबाज के तौर पर भुवी का साथ देंगे. 2019 वर्ल्ड कप के बाद पहली बार कुलदीप यादव और यजुवेंद्र चहल भारत के लिए एक साथ वनडे मैच खेलने की पूरी संभावना है.
वहीं श्रीलंका की टीम में कई चौंकाने वाले बदलाव देखने को मिल सकते हैं. श्रीलंका ने एक बार फिर से लिमिटिड ओवर्स में अपने कप्तान को बदल दिया है. श्रीलंका की कमान दासुन शनाका के हाथों में है. शनाका ने उम्मीद जताई है कि वह टीम इंडिया को वनडे सीरीज में कड़ी टक्कर देने में जरूर कामयाब होंगे.
