उत्तर प्रदेश

इस सरकार में जाति पूछ कर गोली मारी जा रही है: सतीश चंद्र मिश्र

जिस प्रकार से समाजवादी पार्टी की सरकार में कुछ विशेष जातियों को प्रश्रय मिला हुआ था और अन्य जातियों का उत्पीड़न होता था उसी प्रकार से भारतीय जनता पार्टी की सरकार में भी किया जा रहा है। इस सरकार में जाति पूछ कर गोली मारी जा रही है। यह बातें राज्यसभा सदस्य एवं बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चन्द्र मिश्र ने अपने दौरे के दूसरे दिन जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक पवन पाण्डेय ने लोगों के बीच में जो जोश भर दिया है उसके बाद उनके पास कहने को कुछ नहीं है, फिर भी यहां आने के कारण कुछ तो कहना पड़ेगा।

बसपा नेता ने कहा कि 2007 में उन्होंने अपने अभियान की शुरूआत संगम तट से की थी और तब बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी। उस सरकार में बड़ी संख्या में ब्राहम्णों को मंत्रीमण्डल में शामिल किया गया था।

इस बार उन्होंने अपने अभियान की शुरूआत रामनगरी अयोध्या से की है, जिसका भाजपा को काफी दर्द है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ब्राहम्ण वर्ग जिस भी दल के साथ चला जाय उसकी सरकार बनना तय है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ब्राह्मणों के साथ धोखा किया है।

उन्होंने कानपुर के बिकरू कांड में जेल में बंद खुशी दूबे का जिक्र करते हुए कहा कि आखिर दो दिन पूर्व हुई शादी में खुशी का क्या कसूर था जो उसे जेल में डाल दिया गया। क्या उसका दोष इतना था कि वह ब्राह्मण थी। अपने सम्बोधन में उन्होंने इशारों-इशारों में पवन पाण्डेय को अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनने का संकेत दिया।

इसके पूर्व अपने सम्बोधन में पवन पाण्डेय ने कहा कि हमारे समाज के लोगों को अपना इतिहास नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने सतीश चन्द्र मिश्रा को अपना गुरू बताते हुए कहा कि वे उनके इशारे पर बसपा के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब उन्होंने बसपा के पूर्वांचल कार्यालय के लिए अपनी खतौनी की जमीन निःशुल्क दी थी। पूर्व विधायक ने पूर्व मंत्री राम अचल राजभर के पुत्र द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी पर भी चुटकी ली।

इसके अलावा उन्होंने पूर्व मंत्री लालजी वर्मा द्वारा पाण्डेय परिवार की राजनीति को किनारे लगाने की दी गई धमकी पर कहा कि वे जातिवाद की गठरी छोड़ दें तो उन्हें अपनी औकात मालुम हो जायेगी। उन्होंने कहा कि यह दोनों लोग भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं तथा उन्होंने नौकरियों के नाम पर लोगों से पैसे वसूले।

सांसद रितेश पाण्डेय ने जिले के सृजन से लेकर जिले में हुए विकास कार्याें के लिए बसपा का बखान किया। उन्होंने कहा कि इस जिले के लिए जितना कुछ बसपा ने किया उतना किसी भी पार्टी ने नहीं किया। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री नकुल दूबे तथा बसपा के जोनल कोर्डिनेटर घनश्याम चन्द्र खरवार ने भी सम्बोधित किया।

 

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eighteen − four =