S. Sreesanth पर कोल्लुर में खेल अकादमी बनाने के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
S. Sreesanth एक बार फिर विवाद में फंस गए हैं. उत्तरी केरल के एक जिसे में उनपर पैसों की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया है. श्रीसंत के साथ दो और लोगों का नाम इस धोखाधड़ी में है. चूंडा के रहने वाले शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी राजीव कुमार और वेंकटेश किनी ने कर्नाटक के कोल्लुर में खेल अकादमी बनाने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की है.
दोनों ने यह भी कहा कि इस अकादमी में उनके साथ एस श्रीसंत होंगे. दोनों ने 25 अप्रैल, 2019 से विभिन्न तिथियों पर 18.70 लाख रुपये लिए. अपनी शिकायत में, सरीश गोपालन ने कहा कि अकादमी में भागीदार बनने का ऑफर मिलने के बाद उन्होंने पैसे निवेश किए.
यह पहला मौका नहीं है जब S. Sreesanth किसी विवाद में फंसे हैं. उनका विवादों से पुराना नाता रहा है. 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे श्रीसंत को आईपीएल 2008 के एक मैच में पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने मैदान पर ही थप्पड़ जड़ दिया था. वहीं आईपीएल के 2013 एडिशन में उनपर स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे. इस आरोप के बाद अपने दो दोस्तों अजीत चंदेल और अंकित चौहान के साथ उनको हिरासत में भी रहना पड़ा.
स्पॉट फिक्सिंग की जांच के बाद बीसीसीआई ने S. Sreesanth को आरोपी पाया और उनपर आजीवन प्रतिबंध भी लगा दिया. हालांकि बाद में बीसीसीआई ने उनके आजीवन प्रतिबंध को बदलकर सात साल का कर दिया. सात साल की अवधि पूरी होने के बाद श्रीसंत फिर से घरेलू क्रिकेट में केरल की ओर से खेलते देखे गए. हालांकि इतने आरोप झेलने के बाद श्रीसंत की कभी भारतीय टीम में वापसी नहीं हुई.
ताजा मामले में उनपर और उनके दो दोस्तों पर 420 के केस में मामला दर्ज किया गया है. यह धारा धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति हड़पने का प्रयास या प्रेरित करने के लिए लगाया जाता है. S. Sreesanth इस मामले में तीसरे आरोपी बनाए गए हैं.

