आपसी विवाद मे हुई मारपीट मे घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
बुढाना। आपसी विवाद मे हुई मारपीट मे गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनो मे कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवाने के साथ मामले की छानबीन शुरू की।
जानकारी के अनुसार बुढाना कोतवाली क्षेत्र के निकटवर्ती गांव मंदवाडा मे मजदूर द्वारा अपनी मजदूरी के पैसे मांगने पर हुए आपसी विवाद व मारपीट मे पेट मे कैंची लग जाने से गंभीर रूप से घायल युवक की मेरठ जाते वक्त रास्ते मे ही उपचार से पूर्व मौत हो गई।
बताया जाता है कि गांव मंदवाडा निवासी युवक सलमान उर्फ पंडित उस्मानी पिछले काफी समय से मजदूरी करता है। आरोप है कि गांव के ही निवासी चिनाई मिस्त्री शोएब पर सलमान उर्फ पंडित के 25 सौ रूपये मजदूरी के बकाया हैं। बीती रात सलमान अपने मतदूरी के 25 सौ रूपये लेने के लिए चिनाई मिस्त्री शोएब के पास गया तो आरोप है कि शोएब ने अपने छोटे भाई शावेज के साथ मिलकर सलमान उर्फ पंडित को पीटना शुरू कर दिया।
उधर थोड़ी दूरी पर सलमान उर्फ पंडित का भाई मुरसलीन अपनी नाई की दुकान पर किसी ग्राहक के बाल काट रहा था। तभी उसको गांव के किसी युवक ने बताया कि शोयब और उसका भाई शावेज़ मिलकर उसके भाई सलमान उर्फ पंडित की पिटाई कर रहे हैं। बस इस बात को सुनकर मुरसलीन हाथ में कैंची कंघा लेकर मौके पर आ गया। तब मुरसलीन ने अपने भाई को छुड़ाने के उद्देश्य से पास में खड़े गांव के एक और युवक फिरोज सैफी को कैंची और कंघा पकड़ा दिया और अपने भाई सलमान को दोनों भाइयों शोयब व शावेज़ के चंगुल से छुड़ाने लगा।
तब मौका पाकर शोयब ने फिरोज सैफी के हाथ से कैंची छीनकर सलमान उर्फ पंडित के पेट में घोंप दी और अपने भाई शावेज़ के साथ फरार हो गया। उधर कैंची लगते ही मुरसलीन ने शोर मचा दिया। तब मौके पर आये घायल युवक के परिजनों ने घायल सलमान को गांव के ही एक चिकित्सक को दिखाया तो उसने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना में जाने को कहा।
तब परिजन घायल सलमान उर्फ पंडित को बुढ़ाना में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाये। जहां डॉक्टरों ने सलमान की हालत गंभीर देखते हुए उसको मेरठ के लिए रैफर कर दिया। उधर सूचना पाकर बुढ़ाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मगनवीर सिंह गिल मय पुलिस बल के हस्पताल में पहुंचे।
जब सलमान को मेरठ हस्पताल ले जाया जा रहा था तो सलमान ने लगभग साढ़े ११ बजे मेरठ जनपद में प्रवेश करते ही दम तोड दिया। उधर गांव में जैसे ही सलमान उर्फ पंडित के दम तोड़ने की खबर मिली तो गांव के दबंगों ने मामला निपटाने के उद्देश्य से गांव में आज बुधवार को दिन निकलने से पहले ही अर्धरात्रि में लगभग दो बजे माइक पर ऐलान करते हुए लोगों को हसमत के घर पर पहुंचने को कहा। तब देखते ही देखते सैंकड़ों लोग बिस्तर छोड़ छोड़कर हसमत के घर की तरफ लपके।
यहां पर मृतक के परिजनों को कुछ रुपये देकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज ना करने का दबाव मृतक पक्ष के कुछ जिम्मेदार लोगों पर बनाया गया। उधर सलमान का शव गांव में पहुंचा तो पुलिस भी पहुंच गई। तब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर हत्यारे दोनों भाइयों की तलाश में दबिश दी
लेकिन दोनों भाइयों का कुछ पता नहीं लग पाया। समाचार लिखे जाने तक गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। मौके पर बुढ़ाना पुलिस क्षेत्राधिकारी गिरिजा शंकर त्रिपाठी और एसपी देहात नेपाल सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे
बुढ़ाना कोतवाल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मृतक के परिजनों को आश्वस्त किया। हत्या की घटना को लेकर गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात किया गया है।

