उत्तर प्रदेशसंपादकीय विशेष

फूड प्रोसेसिंग से तैयार केले के पापड़, चिप्स और आचार की धूम रही

मुजफ्फरनगर। झांसी में स्ट्राबेरी महोत्सव, लखनऊ में राज्य गुड़ महोत्सव, सिद्धार्थनगर में कालानमक चावल महोत्सव का सफल आयोजन करा चुकी योगी सरकार कुशीनगर में बनाना फेस्टिवल (केला महोत्सव) करा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने की मंशा से २२ मार्च से कुशीनगर के बुद्धा पार्क में शुरू इस चार दिवसीय केला महोत्सव में ३५ किसानों और उद्यमियों ने स्टाल लगाए हैं। यहां पहुंच रहे लोग यह देख उत्साहित हैं कि जिस केले को हम खाकर उसका छिलका फेंक देते हैं, उस केले के पौधे का तो हर भाग उपयोगी है। केले के रेशे से बनाए गए कपड़े, चप्पल, दरी और तमाम सजावटी समान लोगों का मन मोह ले रहे।

फूड प्रोसेसिंग से तैयार केले के पापड़, चिप्स और आचार की भी इस फेस्टिवल में धूम मच रही है।केले से बने उत्पाद कुशीनगर जिले की ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) योजना में शामिल हैं। बनाना फेस्टिवल के आयोजन से जिले में ओडीओपी योजना को भी धार दी जा रही है। आयोजन के जरिये केले के हर भाग के व्यावसायिक उपयोग से किसानों व इसकी प्रोसेसिंग में लगे उद्यमियों की आर्थिक उन्नति की राह प्रशस्त करने की मंशा है।

प्रदेश में किसानी के साथ उद्यमिता को बढ़ावा देने पर सरकार का विशेष ध्यान है। जिलों में पारम्परिक कृषि उत्पादों को नई प्रविधियों से प्रोसेस कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से कैसे जोड़ा जा सकता है, इसकी बानगी लखनऊ के राज्य गुड़ महोत्सव और सिद्धार्थनगर में कालानमक चावल महोत्सव के बाद कुशीनगर के केला महोत्सव में देखने को मिल रही है।

५०० से अधिक लोग जुड़े प्रोसेसिंग के कार्य में २०१८ में प्रदेश सरकार ने पारम्परिक उद्यम को बढ़ावा देने के लिए एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना शुरू की। कुशीनगर में केले की अच्छी खेती को देखते हुए केले के रेशे (फाइबर) से बने उत्पादों को जिले की ओडीओपी में चयनित किया गया। बाद में इसमें केले के अन्य उत्पादों को भी जोड़ दिया गया।

वर्तमान में जिले में ४४०० हेक्टेयर से अधिक भूमि पर केले की पैदावार हो रही है। ४००० किसान इसकी खेती से जुड़े है तो ओडीओपी में शामिल होने के बाद करीब ५०० लोग इसकी प्रोसेसिंग में रोजगाररत हैं। जिला उपायुक्त, उद्योग व उद्यम प्रोत्साहन सतीश गौतम आशान्वित हैं कि बनाना फेस्टिवल से यह संख्या और बढ़ेगी।

प्रोसेसिंग को बढ़ावा देने के लिए यहां एक सीएफसी (कॉमन फैसिलिटी सेंटर) की कार्ययोजना भी अंतिम प्रक्रिया में है। जिले में अभी बनाना फाइबर प्रोसेसिंग की तीन यूनिट हैं और सीएफसी बनने से यह संख्या तेजी से बढ़ेगी।

केले के हर भाग का उपयोग-केला फल के रूप में एक सम्पूर्ण पोषक खाद्य सामग्री तो है ही, प्रोसेसिंग के जरिये इसका हर भाग उपयोगी है। सरकार द्वारा प्रोसेसिंग को बढ़ावा दिए जाने से पहले फल का उपयोग कर बाकी हिस्से को फेंक दिया जाता था। अब केले से चिप्स, अचार व पापड़ बनाए जाने के साथ ही इसके पत्तों ओर तने के रेशों का विभिन्न उत्पाद बनाने में इस्तेमाल हो रहा है

अपशिष्ट से जैविक खाद भी बनाई जा रही है। पत्तों से प्लेट बन रही है तो तने से निकाले गए रेशों से कपड़े, टोपी, फुटमैट और अन्य सजावटी सामान। बनाना फेस्टिवल में इन उत्पादों को स्टालों पर प्रदर्शित किया गया है।

साथ ही किसानों को अधिक उत्पादकता हेतु प्रेरित करने को टिश्यू कल्चर से तैयार केले के पौधों के कई स्टाल लगाए गए हैं। आयोजन २५ मार्च तक है।

 

Dr. S.K. Agarwal

डॉ. एस.के. अग्रवाल न्यूज नेटवर्क के मैनेजिंग एडिटर हैं। वह मीडिया योजना, समाचार प्रचार और समन्वय सहित समग्र प्रबंधन के लिए जिम्मेदार है। उन्हें मीडिया, पत्रकारिता और इवेंट-मीडिया प्रबंधन के क्षेत्र में लगभग 3.5 दशकों से अधिक का व्यापक अनुभव है। वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों, चैनलों और पत्रिकाओं से जुड़े हुए हैं। संपर्क ई.मेल- [email protected]

Dr. S.K. Agarwal has 405 posts and counting. See all posts by Dr. S.K. Agarwal

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seven + seventeen =