उत्तर प्रदेश

Lucknow: रात्रि 12 बजे के बाद नहीं चलेंगी परिवहन निगम UPSRTC की बसें, हेल्प लाइन फोन नम्बर 0522-2239023

Lucknow:  UPSRTC ने कोहरे के दृष्टिगत बसों के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव करने का निर्णय लिया है। कोहरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसके अलावा यदि मार्ग पर कोहरा पाया जायेगा तो बसों को मार्ग में पड़ने वाले बस स्टेशनों, ढाबा, थाना, पेट्रोल पम्प, टोल प्लाजा पर कोहरा कम होने तक खड़ी कर दी जायेगी।

इसका निर्णय क्षेत्रीय प्रबंधक स्थानीय स्थिति के अनुसार करेंगे। कोहरा छटने के बाद ही बसों का संचालन पुनः किया जायेगा। लगभग एक माह तक कोहरे के दृष्टिगत बसों की ऑनलाइन बुकिंग भी बंद कर दी गयी है। परिवहन मंत्री के निर्देश मिलने के उपरांत परिवहन निगम मुख्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया है।

यह सुनिश्चित कराने के लिए क्षेत्रीय या सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रात्रि 08:00 बजे से रात्रि 12.00 बजे तक बस स्टेशनों पर कैम्प करेंगे तथा यात्रियों एवं चालक और परिचालक हेतु स्टेशनों पर ठहरने, अलाव, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा के चाक-चौबंद उपाय उपलब्ध कराएंगे। बस स्टेशनों पर स्थित कैन्टीन, स्टाल रात-दिन खुले रहेंगे। ब्रेथ एनेलाइजर से चालकों की मादक पदार्थों के सेवन की जांच भी की जायेगी। इस सम्बंध में एमडी परिवहन निगम द्वारा सभी क्षेत्रीय/सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि बसों का संचालन पूर्व नियोजित ढंग से रात्रि 8.00 बजे से प्रात:8.00 बजे तक या कोहरा खत्म होने तक बंद किया जायेगा। जिससे किसी स्टेशन पर अत्यधिक बसें इकट्ठी न हो तथा यात्रियों को असुविधा न हो। किसी भी परिस्थिति में कोहरे की स्थिति में निगम बसों का संचालन नहीं किया जायेगा। घने कोहरे के कारण बस दुर्घटना होने पर सम्पूर्ण उत्तरदायित्व सम्बंधित अधिकारी का होगा और सम्बंधित मार्ग के सभी बसों के चालकों और परिचालकों को इस सम्बंध में शीघ्र सूचना देने की कार्यवाही की जायेगी।

इसी प्रकार निजी बसों की दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल सम्बंधित आरटीओ/एआरटीओ को इसकी सूचना देने के साथ ही स्वयं भी मौके पर पहुंचें। उन्होंने बताया कि परिवहन मंत्री ने निर्देश दिये हैं, कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी शीर्ष प्राथमिकता है। पब्लिक एड्रेस सिस्टम से इसकी जानकारी यात्रियों, चालकों/परिचालकों को दी जायेगी। 

उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दया शंकर सिंह ने मंगलवार को बलिया में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना में हो रही वृद्धि को देखते हुए घना कोहरा होने पर रोडवेज बसों के रात्रिकालीन परिचालन पर रोक लगाई गई है ।

परिवहन राज्य मंत्री सिंह ने मंगलवार को बलिया मुख्यालय पर वीर लोरिक स्टेडियम में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने आये हुए थे । यहीं पर संवाददाताओं से बातचीत करते कहा कि घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटना में वृद्धि हो रही है। इसे देखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिया गया है कि अपने स्तर से देख लें और घना कोहरा होने पर रोडवेज बसों का रात्रिकालीन परिचालन न हो इसका ख्याल रखें ।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21352 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ten − 7 =