बांदीपोरा: अपहृत भाजपा नेता मेहराजुद्दीन मल्ला को 11 घंटे बाद छोड़ा
कश्मीर के बांदीपोरा जिले में भाजपा नेता वसीम बारी, उनके भाई और पिता की हत्या के ठीक एक सप्ताह बाद बुधवार को बारामुला जिले के राफियाबाद इलाके से अपहृत भाजपा नेता मेहराजुद्दीन मल्ला घटना को लगभग 11 घंटे बाद अपराधियों ने छोड़ दिया।
मेहराजुद्दीन वाटरगाम नगर पालिका के उपाध्यक्ष भी हैं। बुधवार सुबह घर के बाहर से उनका अपहरण किया गया था। फिलहाल पुलिस भाजपा नेता से पूछताछ कर रही है। अभी तक घटना की जिम्मेदारी किसी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस जिला सोपोर के राफियाबाद इलाके में रहने वाले भाजपा नेता मेहराजुद्दीन बुधवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे अपने एक दोस्त से मिलने के लिए घर से निकले थे।
उसी समय एक सेंट्रो कार से आए अज्ञात बंदूकधारियों ने उनका अपहरण कर लिया और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और अपहृत की तलाश शुरू कर दी।
रात लगभग 8 बजे वह खुद ही घर पहुंच गए। उनके पहुंचते ही घर पर तैनात पुलिस उन्हें थाने ले आई। जहां उनसे यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना को किसने अंजाम दिया और वह कैसे छूटे। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है घटना के पीछे किसी आतंकी गुट का हाथ तो नहीं है।
पिछले सप्ताह आठ जुलाई को आतंकियों ने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वसीम अहमद बारी, उनके पिता बशीर अहमद और छोटे भाई उमर बारी की हत्या कर दी थी। पूरा परिवार भाजपा से जुड़ा हुआ था।
