Barabanki News: सरदार पटेल जयंती कार्यक्रम में बार बालाओं का डांस, जमकर लुत्फ उठाया
Barabanki News: सरदार पटेल जयंती पखवाड़ा पर कार्यक्रम के खत्म होते ही यहां स्टेज पर बार बालाओं ने जमकर ठुमके लगाये और अश्लील डांस किया। जो Social Media पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कार्यक्रम के आयोजक समेत दूसरे लोगों ने मंच पर बैठकर इस फूहड़ डांस का जमकर लुत्फ उठाया।
बाराबंकी के जीआईसी ऑडिटोरियम में आज सरदार पटेल जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम मिशन द सरदार पटेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंग बहादुर पटेल के द्वारा किया गया था।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और योगी सरकार में एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने शिरकत की थी। जैसे ही दोनों अतिथि कार्यक्रम में शिरकत करके वहां से निकले, मंच के ठीक बगल में बने स्टेज पर बार बालाओं का अश्लील डांस शुरू हो गया।
कार्यक्रम के आयोजक जंग बहादुर पटेल समेत दूसरे लोगों ने उसी मंच पर बैठकर बार बालाओं के इस फूहड़ डांस का जमकर लुत्फ उठाया। जिसपर दोनों मंत्री बैठे थे।
खास बात यह थी कि दोनों मंत्रियों के सामने तो कार्यक्रम में सरदार पटेल को लेकर सभी ने बड़ी-बड़ी बातें की और उन्हें याद किया। लेकिन मंत्रियों के जाते ही यहां सरदार पटेल के आदर्शों को तार-तार कर दिया गया और बार बालाओं का फिल्मी व भोजपुरी गानों पर डांस शुरू हो गया।

