उत्तर प्रदेश

बदायूं और मुरादनगर की घटना पर सीएम योगी ने लिया एक्शन: जांच एसआईटी की टीम करेगी

बदायूं और मुरादनगर की घटना पर सीएम योगी ने बड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने कहा है कि बदायूं कांड की जांच एसटीएफ करेगी और मुरादनगर हादसे की जांच एसआईटी करेगी।

बदायूं में अधेड़ महिला से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की जांच यूपी एसटीएफ को दी गई है साथ ही मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरने से हुई मौत की जांच एसआईटी की टीम करेगी।

बता दें कि बदायूं में महिला से गैंगरेप और बेरहमी से हत्या के मामले में सीएम योगी बेहद नाराज हैं। उन्होंने एडीजी बरेली से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पीड़ित परिवार की मदद का भी आदेश दिया गया है।

मालूम हो कि बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र स्थित एक गांव के धार्मिक स्थल में पूजा करने गई महिला के साथ आरोपितों ने हैवानियत की हद पार कर दी थी। सामूहिक दुष्कर्म के बाद निजी अंगों में लोहे की रॉड डाल दी गई थी।

मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि के बाद अफसरों में खलबली मच गई। आरोपित मंदिर के महंत समेत तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उघैती इलाके में रविवार रात एक धर्मस्थल में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक महिला के साथ न सिर्फ सामूहिक दुष्कर्म किया बल्कि उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाल दी, जिससे उसका आंतरिक हिस्सा तक फट गया। 

आरोपियों ने  महिला का एक पैर और एक पसली तोड़ दी थी। उसके शरीर का सारा खून बह जाने से उसकी मौत हुई। अब उघैती पुलिस ने धर्मस्थल के पुजारी सत्यनारायण दास, मेवली निवासी वेदराम और यशपाल के खिलाफ हत्या व दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। थाना पुलिस ने मामले को हादसे का रूप देने की कोशिश की थी। 

एफआईआर के मुताबिक महिला रविवार शाम धर्मस्थल पहुंची थी। सात घंटे बाद यानी रात 12 बजे पुजारी सत्यनारायण दास, वेदराम और यशपाल उसे अर्द्धनग्न हालत में घर के बाहर फेंक गए।

उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। उसका एक पैर टूटा हुआ था। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस सोमवार दोपहर तक मौके पर नहीं पहुंची। 

मंगलवार दोपहर बाद महिला के शव का पैनल में पोस्टमार्टम कराया गया। महिला के शव की हालत देखकर खुद चिकित्सक तक हैरान रह गए। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। उसके प्राइवेट पार्ट में रॉड डाली गई, जिससे अंदरूनी हिस्सा फट गया। उसकी बाईं सातवीं पसली टूटी हुई मिलीं और बायां फेफड़ा भी फटा हुआ था। इसके अलावा उसका बायां पैर टूटा हुआ मिला है जो महिला के साथ हुई हैवानियत की कहानी बयां कर रहे थे।
 
बदायूं एसएसपी ने बताया कि महिला की मौत के मामले में हत्या और दुष्कर्म आरोप में एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में इंस्पेक्टर की लापरवाही सामने आई है। हम उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। 

वहीं मुरादनगर के दर्दनाक हादसे की बात करें तो इस घटना ने पूरी संगम विहार कॉलोनी को मातम में डाल दिया है।

गाजियाबाद के मुरादनगर में फल विक्रेता जयराम के अंतिम संस्कार के बाद उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे रिश्तेदारों और पड़ोसियों पर छत गिरने से कई जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश हो गई थीं। घटना में 23 लोगों की मौत हो गई थी। कई घंटे तक बहुत लोग मलबे में दबे रहे थे। 

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × 1 =