झांसी में कोरोना: भाजपा सांसद अनुराग शर्मा संक्रमित, बैंक मैनेजर संजीव तिवारी की मौत
जिले में कोरोना से तेजी से अपने पैर पसार रहा है। भाजपा सांसद अनुराग शर्मा कोरोना की एंटीजन जांच में संक्रमित निकले। वहीं डमरू टॉकिज स्थित एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक संजीव तिवारी की मेडीकल कॉलेज के कोविड वार्ड में उपचार के दौरान मौत हो गई।
भाजपा सांसद अनुराग शर्मा कोरोना की एंटीजन जांच में संक्रमित निकले। वहीं डमरू टॉकिज स्थित एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक संजीव तिवारी की मेडीकल कॉलेज के कोविड वार्ड में उपचार के दौरान मौत हो गई।वह वेंटिलेटर पर थे तथा उनका उपचार चल रहा था।
वहीं इसी शाखा के कलस्टर हैड सुमित भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। बैंक मैनेजर की मौत एवं कलस्टर हैड के संक्रमित पाए जाने के बाद बैंक की शाखा को मंगलवार को बंद कर दिया गया। भाजपा सांसद अनुराग शर्मा के संसदीय कार्यालय एवं आवास पर कोरोना सैम्पिलिंग टीम ने अभियान चलाकर जांच की। एंटीजन जांच में सांसद अनुराग शर्मा धनात्मक पाए गए। उनकी पत्नी पूनम शर्मा की एंटीजन जांच नैगिटिव आयी।
मंगलवार को जनपद में 4195 लोगों की कोरोना जांच की गई। जिसमें 151 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये गये। जिला प्रशासन द्वारा मिले आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 11239 लोग कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। इनमें 8536 लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
इनमें 31 लोग मंगलवार को उपचार के दौरान ठीक हो गये। दस लोगो को होम आइसोलेशन में मुक्त कर दिया गया। वर्तमान में कोरोना के एक्टिव केस 557 हो गए हैं। सीएफआर 1.5 तथा रिकवरी रेट घटकर 93.49 प्रतिशत हो गया है।
जिला प्रशासन ने कोरोना से निपटने के लिए तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में बैठक हुई। जिसमें कोरोना से निपटने के लिए मंथन किया गया तथा दिशा निर्देश दिए गये। जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिले में कोरोना पॉजिटिव होने वालों में 80 प्रतिशत लोग झांसी नगर निगम क्षेत्र के हैं तथा अन्य 20 प्रतिशत में नगर पंचायत, नगर पालिका क्षेत्र से हैं। बामौर ही एकमात्र क्षेत्र है जहां ग्रामीण स्तर पर लोग अधिक संख्या में लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 6 लाख लोगों का कोरोना टेस्ट हो गया है।

