Firozabad News: सोती रहीं मां-बेटी और 77 हजार की नकदी सहित लाखों के जेवरात पार
Firozabad News बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया। मां-बेटी सोती रहीं और चोरों ने तिजोरी पर हाथ साफ कर लिया। चोरों ने मुख्य द्वार से घर में प्रवेश किया था। उनके आने और जाने की भनक तक नहीं हुई। चोर 77 हजार की नकदी और 2.50 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
घटना दक्षिण थाना क्षेत्र चाऊ मोहल्ला की है। यहां के निवासी शर्मिला त्यागी अपनी दोनों बेटियों के साथ सो रही थीं। सुबह जगार हुई तो पता चला कि घर में चोरी हुई है। पीड़िता के अनुसार वह अलमारी के पास बेटी के साथ सो रही थीं। देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने इतनी सफाई से अपने काम को अंजाम दिया कि भनक तक नहीं लग सकी। चोर घर की तिजोरी को ताला तोड़कर करीब 77 हजार की नकदी और करीब ढाई लाख के आभूषण चोरी कर ले गए। थानाध्यक्ष वैभव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।

