Bihar अस्पतालों की धंधली उजागर करने वाले पत्रकार की हत्या, शव को जलाकर फेंका गया
Bihar के मधुबनी में पत्रकार की हत्या के बाद सनसनी फैल गई है। शुक्रवार शाम एक 22 साल के पत्रकार औऱ आरटीआई कार्यकर्ता का शव सड़क के किनारे पाया गया। शव को जलाकर फेंका गया था। पत्रकार का नाम अविनाश झा था जो कि एक लोकल न्यूज पोर्टल में काम करते थे। बीते दिनों उन्होंने एक निजी अस्पताल में धांधली को लेकर पोस्ट अपलोड की थी। इसके बाद से ही वह गायब थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अविनाश की रिपोर्टिंग की वजह से कई क्लीनिक और निजी अस्पतालों पर कार्रवाई हुई थी। उनमें से कई अस्पताल बंद हो गए थे तो कुछ को जुर्माना भरना पड़ा था। बताया जाता है कि रिपोर्ट्स को रोकने के लिए उन्हें न सिर्फ धमकियां मिलती रहती थीं बल्कि कई बार मोटी रकम का ऑफर भी दिया जाता था।
बेनिपट्टी में लोहिया चौक के पास उनका मकान है। घर पर लगे सीसीटीवी के मुताबिक उन्हें आखिरी बार मंगलवार को रात में देखा गया था। रात में 9 बजे के करीब वह घर के पास ही टहल रहे थे और मोबाइल पर बात कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में यह भी देखा गया कि वह कई बार अपनी क्लीनिक में भी गए जो कि उसी लेन पर है।

