Kanpur सचेंडी गैंगरेप कांड में सनसनी: नाबालिग से दरिंदगी के आरोप में यू-ट्यूबर गिरफ्तार, दरोगा फरार, पुलिस महकमे में हड़कंप
News-Desk
5 min read
crime news UP, Gang rape case, kanpur, Kanpur News, minor assault case, POCSO Act, police action, Sachendi News🔴 पीड़िता की पहचान के बाद बदली केस की दिशा
बुधवार को कपिल देव सिंह (एडीसीपी पश्चिम) के सामने पीड़िता ने स्पष्ट रूप से यू-ट्यूबर शिवबरन यादव और दरोगा अमित मौर्य को आरोपी बताया। इसके बाद मामले में पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं जोड़ दी गईं। पीड़िता के बयान ने इस केस को और भी गंभीर बना दिया, जिसके बाद उच्च स्तर पर कार्रवाई शुरू हुई।
🔴 स्कॉर्पियो कार बरामद, गांव में पहुंची पुलिस टीम
सोमवार रात हुई इस वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की स्कॉर्पियो कार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। बुधवार सुबह एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह पीड़िता के गांव पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने बताया कि यह कार सचेंडी थाने में तैनात रहे दरोगा अमित मौर्य की है। जब कार और आरोपियों की तस्वीरें पीड़िता को दिखाई गईं, तो उसने तुरंत पहचान कर ली।
🔴 कैसे हुआ था अपराध: पीड़िता की आपबीती
सचेंडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की तहरीर के अनुसार, उसकी 14 वर्षीय बहन सोमवार रात करीब 10 बजे घर से थोड़ी दूरी पर किसी काम से निकली थी। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
करीब रात 12 बजे वह बदहवास हालत में घर लौटी और बताया कि रास्ते में काली कार सवार दो युवकों ने उसे जबरन कार में खींच लिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और धमकाकर छोड़ दिया गया। शुरुआती शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
🔴 दरोगा का तबादला, लेकिन रवानगी नहीं
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दरोगा अमित मौर्य का तीन दिन पहले ही बिठूर थाना में स्थानांतरण हो चुका था, लेकिन उसने अभी तक वहां रवानगी नहीं कराई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि दरोगा और यू-ट्यूबर शिवबरन के बीच लंबे समय से साठगांठ थी।
🔴 तेल चोरी के नेटवर्क से जुड़ते तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सचेंडी क्षेत्र में ऑयल लाइन से तेल चोरी का संगठित खेल लंबे समय से चल रहा है। इस नेटवर्क में कुछ ट्यूबर और पुलिसकर्मियों की संलिप्तता की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं।
सूत्रों का दावा है कि शनिवार रात को आरपीएफ के एक इंस्पेक्टर ने शिवबरन यादव को किसी अन्य आरोपी की जानकारी दी थी, जिसके बाद वह दरोगा अमित मौर्य के साथ सचेंडी क्षेत्र में निकला था। इसी दौरान यह जघन्य वारदात हुई।
🔴 गिरफ्तारी से पहले धमकी का आरोप
पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया है कि आरोपी शिवबरन यादव ने गिरफ्तारी से पहले उसे धमकाया था। उसने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब वह गांव के बाहर खरीदारी करने गया था, तभी आरोपी बाइक से आया और पुलिस को नाम बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
🔴 पुलिस पर भी उठे सवाल, मोबाइल जब्त करने पर फटकार
घटना के बाद पुलिस द्वारा पीड़िता के भाई का मोबाइल जब्त कर लिया गया, जिस पर परिवार ने आपत्ति जताई। शिकायत मिलने पर एडीसीपी पश्चिम कपिल देव सिंह ने संबंधित पुलिसकर्मियों को फटकार लगाई और मोबाइल तुरंत वापस दिलवाया।
🔴 यू-ट्यूबर का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार यू-ट्यूबर शिवबरन यादव तेल चोरी का बड़ा खिलाड़ी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पनकी थाना पुलिस ने सितंबर 2024 में उसे तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके अलावा सचेंडी पुलिस भी उसे पहले डीजल और पेट्रोल की बड़ी खेप के साथ पकड़ चुकी है।
🔴 थाना प्रभारी निलंबित, प्रशासनिक फेरबदल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। सचेंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा को सचेंडी थाने का नया प्रभारी बनाया गया है।
वहीं डीसीपी पश्चिम दिनेश त्रिपाठी को डीसीपी हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
🔴 चार टीमें गठित, फरार दरोगा की तलाश तेज
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दरोगा अमित मौर्य की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें लगाई गई हैं। साथ ही एफआईआर में पॉक्सो और सामूहिक दुष्कर्म की धाराएं बढ़ा दी गई हैं। पुलिस पर तथ्यों से छेड़छाड़, सही धाराएं न लगाने और वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी छिपाने के आरोप में सख्त कार्रवाई की गई है।

