कप्पा वैरिएंट : लखनऊ में मिला Corona का कप्पा वैरिएंट, दो सैंपल में पुष्टि
बुधवार को गोरखपुर में डेल्टा प्लस वैरिएंट (Delta Plus Variant) के दो मरीज़ों की पुष्टि हुई थी। वहीं, शुक्रवार को लखनऊ में कप्पा वैरिएंट (Kappa Variant) के दो सैंपल मिले हैं। लोकभवन में हुई बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ को भी इस बारे में अवगत कराया गया।
कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कोरोना वायरस के गहन अध्ययन-परीक्षण के लिए प्रदेश में जीनोम सिक्वेंसिंग को लगातार बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं, इस बैठक में उन्हें बताया गया कि ‘बीते दिनों KGMU, लखनऊ में 109 सैम्पल की जीनोम सिक्वेंसिंग कराई गई। प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक 107 सैंपल में कोविड की दूसरी लहर वाले पुराने डेल्टा वैरिएंट की पुष्टि ही हुई है, जबकि 02 सैम्पल में कप्पा वैरिएंट पाया गया।’
डेल्टा वैरिएंट ने भारत में अप्रैल-मई के महीने में ख़ूब तबाही मचाई थी। डेल्टा वेरिएन्ट के ही वंश का कप्पा (B.1.617.1) है। इसमें एक दर्जन से ज्यादा म्यूटेशन हो चुके हैं। इस वेरिएन्ट को ‘डबल म्यूटेंट’ के तौर पर भी संबोधित किया जा रहा है, क्योंकि उसके दो खास म्यूटेशन- E484Q और L452R पहचान में आए हैं।

