Khatauli: जल्द ही दुरुस्त होंगी बसों में व्यवस्था, कार्यशाला में आने वाली प्रत्येक बस की जांच-पड़ताल करने के निर्देश
खतौली। Khatauli सर्दी का सीजन आरंभ होने से पहले बसों में तमाम व्यवस्थाएं दुरूस्त की जाएंगी। मुख्य रूप से बसों में कोहरे से बचाव को लेकर फाग लाइट लगेगी, जबकि टूटे शीशों को बदला जाएगा। इसके लिए एआरएम ने कार्यशाला में आने वाली प्रत्येक बस की जांच-पड़ताल करने के निर्देश दिए है।
इस वर्ष दीपावली पर्व पर बसों में खासी भीड़ बढ़ने की संभावना जताई गई है।खतौली रोडवेज डिपो में निगम और अनुबंधित मिलाकर ७८ बसें है। जिन्हें दिल्ली-हरिद्वार, देहरादून के साथ स्थानीय मार्गों पर संचालित किया जाता है।
दशहरा पर्व बीत गया है, ऐसे में अगले कुछ दिनों में सर्दी की आदम आरंभ हो जाएगी। मौसम विभाग ने इस सीजन में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान जताया है। इसको लेकर रोडवेज डिपो अधिकारी भी तैयारियों को पुख्ता करने में लगे है।
एआरएम परवेज बशीर ने कार्यशाला में आने वाली बसों में फाग लाइट लगाने, शीशों को दुरूस्त करने के निर्देश दिए है। पहले इसके लिए बसों की जांच होगी। जिन बसों में यह व्यवस्था होनी है, उसके लिए मुख्यालय पर डिमांड भेजी जाएगी।
एआरएम ने बताया कि सर्दी से पहले रूट के साथ बसों में सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। वहीं, दीपावली पर्व पर पहले के मुकाबले अच्छी आय निकलने की उम्मीद है।

