दरोगा के खिलाफ महिला आयोग पहुंची विवाहिता, अनैतिक संबंध नहीं बनाने पर भाई को फर्जी मुकदमें में भेजा जेल
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर निवासी विवाहिता ने थाने में ही तैनात रहे एक दरोगा पर दो साल से अनैतिक संबंधों का दबाव बनाकर परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने दरोगा पर उसकी बात न मानने पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर छोटे भाई को भी जेल भेजने का आरोप लगाते हुए महिला आयोग से शिकायत की है।
आयोग ने एसएसपी से नौ अगस्त तक मामले की रिपोर्ट तलब की है। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव निवासी नवविवाहिता ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर में एक हॉस्पिटल में बतौर नर्स काम करती है। करीब दो साल पूर्व उसकी मुलाकात एक केस की विवेचना के दौरान सिखेड़ा थाने में तैनात रहे एक दरोगा से हुई थी।
आरोप है कि दरोगा तभी से पीड़िता पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि उसकी बात नहीं मानी गई तो उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया गया। आरोप है कि दरोगा ने महिला के छोटे भाई को भी तीन दिन तक थाने में बेवजह बंधक बनाकर रखते हुए उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गांव की ही एक युवती की तहरीर पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर पीड़िता के छोटे भाई को जेल भेज दिया गया।
दरोगा की हरकतों से तंग आकर कुछ दिन पूर्व परिजनों ने युवती की आनन-फानन में शादी कर दी, लेकिन इसके बाद भी दरोगा की हरकतें बंद नहीं हुई। आरोप है कि इसके बाद एक अन्य व्यक्ति खुद को दरोगा का भाई बताते हुए युवती के पास कॉल कर अनैतिक संबंधों के लिए दबाव बनाते हुए उसके मोबाइल पर अश्लील मेसेज-वीडियो भेजने लगा।
इसके बाद दरोगा ने कई बार पीड़िता के हॉस्पिटल पहुंचकर वहां भी उस पर अनैतिक संबंधों का दबाव बनाते हुए संबंध न बनाने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार उसने एसएसपी समेत अन्य अफसरों को कई बार दरोगा के खिलाफ शिकायती पत्र दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
थक-हारकर पीड़िता ने अब महिला आयोग को पत्र भेजकर दरोगा व उसके भाई के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। महिला आयोग ने एसएसपी को पत्र भेजकर नौ अगस्त तक मामले में जांच रिपोर्ट तलब की है। (Photo is not related to the news)

