उत्तर प्रदेश

Meerut News: सर्राफ की दुकान में लूट का 24 घंटे के भीतर खुलासा, लूटे गये माल की शत प्रतिशत बरामदगी

Meerut News: शहर के लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। घटना के सबंध में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर लूटे गये माल की शत प्रतिशत बरामदगी करने का भी दावा किया है।

बेगमपुल से बच्चा पार्क को जाने वाले रोड पर स्थित राजीव कपूर के सर्राफा प्रतिष्ठान गोपाल जी दी हट्टी ज्वैलर्स में दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दिन दहाडे लूट की घटना कारित की गयी थी । जिस सम्बन्ध में थाना लालकुर्ती पर मु0अ0सं0 102/23 धारा 392/342 बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था। स्थानीय व्यापारी संगठनों ने घटना का खुलासा 24 घंटे के भीतर नहीं होने पर आंदोलन की धमकी दी थी। 

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार उक्त घटना के अनावरण हेतु अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ, पुलिस महानिरीक्षक मेरठ रेंज मेरठ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर व अपराध के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी कैन्ट के नेतृत्व में थाना लालकुर्ती पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम मेरठ को लगाया गया था। उक्त टीमों द्वारा अथक परिश्रम कर 24 घण्टे के अन्दर ही घटना का सफल अनावरण करते हुए दोनों अभियुक्तगण को गिरफ्तार कर लूटे गये माल की शत प्रतिशत बरामदगी की गयी।

अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ द्वारा एसओजी मुजफ्फरनगर व सर्विलांस टीम मुजफ्फरनगर को भी उक्त घटना के अनावरण में सहयोग देने हेतु निर्देशित किया गया था जिनके द्वारा भी शिनाख्त एवं गिरफ्तारी में मेरठ पुलिस का सहयोग किया गया।

 एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने देर शाम बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम मुकेश उर्फ टिट्टू पुत्र पूरन सिंह निवासी मौ0 सैनी नगर खतौली मुजफ्फरनगर व संजय शाह पुत्र नगीना शाह निवासी खरथान जिला वैशाली बिहार हैं। एसएसपी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मुकेश के द्वारा वर्ष 2002 में गाजियाबाद के एक व्यवसायी का फिरौती हेतु अपहरण नई दिल्ली में किया गया जिसमें उक्त अभियुक्त मुकेश उपरोक्त द्वारा 15 लाख रु0 की फिरौती लेकर व्यवसायी को छोड़ा गया था। उक्त अभियोग के सम्बन्ध में थाना दिलशाद गार्डन नई दिल्ली पर अभियोग पंजीकृत किया गया था

 

उक्त अभियोग में मुकेश को आजीवन कारावास हुआ था। वह 14 वर्ष तक तिहाड़ जेल में निरुद्ध रहा। दूसरा अभियुक्त संजय शाह भी एनडीपीएस एक्ट में 10 वर्ष की सजा पर तिहाड़ जेल नई दिल्ली में निरुद्ध रहा। दोनों अभियुक्तों ने लगभग 06 वर्ष कारागार में एक साथ व्यतीत किये जहां दोनों एक दूसरे के सम्पर्क में आये।

एसएसपी ने बताया कि अभियुक्त संजय शाह मूलतः बिहार का रहने वाला है। संजय के ऊपर वर्तमान में तीन लाख रु0 और मुकेश पर वर्तमान में ढाई लाख रु0 का कर्ज है। दोनों उक्त कर्ज से छुटकारा पाने और मण्डी थाना खतौली मुजफ्फरनगर में आढत का काम शुरु करने हेतु उन्हें पैसों की आवश्यकता थी जिसके लिए लूट की योजना बनायी गयी। बीती 24 जून को दोनों अभियुक्त मेरठ आये थे। इनके द्वारा बेगमपुल के आस-पास घूम फिर कर रेकी की गयी।

राजीव कपूर के सर्राफा प्रतिष्ठान गोपाल जी दी हट्टी ज्वैलर्स पर काले शीशे होने के कारण बाहर से अन्दर का दिखता नहीं है और सामान्यतः 11.30 बजे से 12.00 बजे के दौरान दिन में राजीव (मालिक) अकेले ही रहते थे। इसलिए इनके प्रतिष्ठान को चिन्हित किया गया। 24 जून को भी दोनों अभियुक्त राजीव की दुकान पर ग्राहक बनकर आये थे और अन्दर की रेकी भी की थी।

सात जुलाई को दोनों अभियुक्त खतौली से इन्टरसिटी एक्सप्रेस से प्रातः 10.15 बजे मेरठ कैन्ट स्टेशन आये जहां से आटो पकड़कर दोनों बेगमपुल पर पहुँचे। समय 11.00 बजे के लगभग दोनों अभियुक्त दिल्ली रोड होते हुए पैदल ही दुकान के पास पहुँच गये। वहां दुकान के आसपास खड़े होकर लगभग डेढ़ घण्टा दुकान पर नजर रखी।

समय 12.24 बजे पर जब दुकान पर सफाई करने वाला नौकर वंश दुकान से बाहर निकला उसके तुरन्त बाद दोनों अभियुक्त दुकान में प्रवेश कर गये तथा लूटपाट की। इसके बाद दोनों बेगमपुल से रोडवेज बस पकड़कर खतौली निकल गये जहां भैंसी कट पर उतरकर ई-रिक्शा पकडकर गंग नहर के किनारे स्थित शराब की दुकान से शराब खरीदकर दोनों अभियुक्त मुकेश के निवास सैनी मोहल्ले खतौली मुजफ्फरनगर पर चले गये। 

एसएसपी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मेरठ पुलिस अभियुक्तगण के पीछे खतौली तक पहुंच गयी। वहां एसओजी मुजफ्फरनगर के सहयोग से अभियुक्तगण की शिनाख्त एवं गिरफ्तारी आज खतौली बार्डर से की गयी जब अभियुक्तगण मय माल के भागने की फिराक में थे।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21452 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eighteen − eight =