Meerut News: खेत में बने ट्यूबेल से सत्यभान की लाश बरामद, सौतेली बेटी ने पिता को प्रेमी के साथ मिलकर मार डाला
Meerut News: कलयुगी बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों ने लाश को खेत में बने ट्यूबेल में छुपा दिया। पुलिस को छानबीन के दौरान जब बेटी पर शक हुआ तो उसके साथ सख्ती से पूछताछ की। तब जाकर बेटी ने राज खोल दिया।
एसपी देहात केशव कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मेरठ के थाना बहसूमा क्षेत्र के रहावती गांव निवासी सत्यभान सिंह (45) पुत्र निर्णल सिंह 30 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। जिसके बाद उनके भतीजे अंकित ने पुलिस में गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। छानबीन में पुलिस को सत्यभान की सौतेली बेटी पर शक हुआ। दरअसल सत्यभान के घेर में काम करने वाले आशीष (21) नाम के युवक से सत्यभान की सौतेली बेटी का प्रेम प्रसंग चल रहा था।
शक के आधार पर पुलिस ने सत्यभान की सौतेली बेटी से पूछताछ शुरू कर दी। पहली बार में तो युवती ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। लेकिन सख्ती से पूछने पर युवती ने सारा राज खोल दिेया। जिसके बाद पुलिस ने आशीष को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में बने ट्यूबेल से सत्यभान की लाश बरामद की। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मृतक सत्यभान को सौतेली बेटी के प्यार के बारे में पता चल गया था।
जिसके बाद उसने कई बार इसके लिए युवती को टोका। हाल ही में मृतक ने सौतेली बेटी की पिटाई कर दी। ये बात युवती को बुरी लगी और पिता को रास्ते से हटाने की ठान ली। इसके बाद युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता का गला दबाकर हत्या कर दी।

