Muzaffarnagar News: पैसे भेजने के नाम पर किसान से ऑनलाइन ठगी, दी तहरीर
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी किसान से एक अज्ञात ठग ने पैसे भेजने के नाम पर हजारों की ऑनलाइन ठगी की। पीड़ित किसान ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव कादीपुर निवासी मानेन्द्र ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसका खाता सैन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा भोपा में है, जिस पर उसने गूगल पे चला रखा है। पीड़ित ने बताया कि उसने अपनी पुत्री का एक बीमा करा रखा है, जिसकी कुछ धनराशि उसके पास आनी थी। सोमवार की सुबह उसके मोबाईल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया तथा पूछने लगा कि तुम्हारे खाते में पैसे आने थे।
वह तीस हजार रूपये हम भेज रहे हैं। इसी दौरान उपरोक्त मोबाईल नम्बर वाले व्यक्ति ने दो रूपये भेजने का एक एसएमएस उसके पास भेजा और उससे पूछा कि तुम्हारे पास दो रूपये भेजने का मैसेज आ गया है तो उसने कहा कि मैसेज आ गया है। जिसके बाद उक्त व्यक्ति ने उसके पास तीस हजार रूपये भेजने का एक एसएमएस भेजा और कहा कि तुम्हारे खाते में तीस हजार रूपये भेजने की बात कही।
उस समय वह अपने खाते का बैलेंस चैक नहीं कर पाया जिसके बाद उस अज्ञात व्यक्ति ने पुत्री के बीमार होने का बहाना बना कर दस हजार रुपए वापिस भेजने को कहा, जिस पर आरोपी की बात पर भरोसा करके उसने दस हजार रुपए गूगल पे पर भेज दिये।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके खाते से अट्ठारह हजार रुपए और उड़ा लिए। जब उसने बाद में अपने खाते का बैलेन्स चैक किया तो उसे अपने साथ हुई साईबर ठगी के बारे में पता चला। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

