Muzaffarnagar News: गरजे गृहमंत्री अमित शाह, कहा-पश्चिम की जनता से पूछने आया हूं, क्या दंगे भूल गए
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए आए अमित शाह ने वृंदावन गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यही मुजफ्फरनगर है जिसने २०१४, २०१७ और २०१९ में भाजपा की उत्तर प्रदेश में प्रचंड जीत की नींव डालने का काम किया है। यहीं से लहर उठती है जो काशी तक जाती है और हमारे विरोधियों का सूपड़ा साफ कर देती है।
Muzaffarnagar में दंगे
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का जब मैं प्रभारी बना था, तब शुरु में ही यहां दंगे हुए थे। तब की सरकार में आरोपी ही पीड़ित बन गए थे और जो पीड़ित थे, उन्हें आरोपी बना दिया गया। मैं उन दंगों की पीड़ा को भूला नहीं हूं। अमित शाह ने आगे कहा कि सपा, बसपा के शासन में उत्तर प्रदेश को माफियाओं ने कब्जे में ले लिया था।
धर्म और जाति के आधार पर यहां राजनीति करने वालों का यहां बोलबाला था। २०१७ में यहां योगी आदित्यनाथ जी की सरकार बनने के बाद सारे गुंडे उत्तर प्रदेश की सीमा से बाहर चले गए।
गुंडा, माफिया और तुष्टिकरण की बात
पहले उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा ने शासन किया जब बहनजी की पार्टी आती थी तो वो एक जाति की बात करती थी, कांग्रेस पार्टी आती थी तो वो परिवार की बात करती थी और अखिलेश बाबू आते थे तो वो गुंडा, माफिया और तुष्टिकरण की बात करते थे। अमित शाह ने कहा कि अगर सपा-बसपा की सरकार बनी, तो फिर से माफियाराज आएगा, जातिवाद आएगा। लेकिन अगर भाजपा को वोट दिया तो उत्तर प्रदेश देश का नंबर वन राज्य बनेगा।
अमित शाह ने कहा कि आपका एक वोट उत्तर प्रदेश में माफिया राज भी ला सकता है और वही वोट माफियाराज से मुक्ति भी दिला सकता है। अमित शाह ने अखिलेश यादव और जयंत चौधरी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि वो कहते हैं कि हम साथ-साथ हैं। मगर ये साथ कब तक है?
पूर्वजों का सम्मान करने में विश्वास
अगर इनकी सरकार बन गई तो जयंत तो निकल जायेंगे और आजम तथा अतीक उनके बराबर में बैठे होंगे। यूपी के लोग तो टिकटों के बंटवारे से समझ गए हैं कि आगे क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर क्षेत्र और हर समाज के हमारे पूर्वजों का सम्मान करने में विश्वास करती है। आज तक राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर कुछ नहीं हुआ था
#UPElections2022 गृह मंत्री अमित शाह ने मुजफ्फरनगर में सदन विधानसभा में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया। #AmitShah #अमित_शाह #BJP pic.twitter.com/oujSAB74o4
— News & Features Network (@mzn_news) January 29, 2022
हमने उनके नाम पर अलीगढ़ में विश्वविद्यालय का निर्माण कराने का काम किया। किसानों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले १० साल सपा-बसपा सरकार रही, आपने किसानों के लिए क्या किया? अमित शाह ने कहा कि मुजफ्फरनगर की धरती से तमाम युवाओं में देश की सेवा के लिए काम किया है। जाट समाज तथा अन्य वर्गों के युवाओं ने देश की सेना तथा अन्य स्थानों पर देश की सेवा के लिए तमाम कुर्बानियां भी दी।
समाजवादी पार्टी की सरकार ने गुंडे और माफियाओं को संरक्षण दिया
योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को कानून व्यवस्था के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि समाजवादी पार्टी की सरकार ने गुंडे और माफियाओं को संरक्षण दिया और बढ़ावा दिया। उन्होंने अखिलेश पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह को सबसे ज्यादा सम्मान भारतीय जनता पार्टी ने दिया है। आज इस क्षेत्र के युवा हर जगह बार्डर पर मिल जाएंगे।
अखिलेश के मुफ्त बिजली के दावे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कहा कि उनके राज में बिजली आती नहीं थी। अमित शाह ने अखिलेश सरकार के समय के अपराधिक आंकडे तथा योगी सरकार के समय अपराधों में आई गिरावट का तुलनात्मक आंकडा प्रस्तुत किया। किसानों और गरीब कल्याण के लिए सरकार ने तमाम काम किए हैं। मोदी ने सबको मुफ्त टीकाकरण कराया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान, जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया, जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, पूर्व सासंद सोहनवीर सिंह, पालिका चेयरमैन अंजू अग्रवाल के अलावा सदर प्रत्याशी कपिलदेव अग्रवाल, चरथावल प्रत्याशी सपना कश्यप, बुढ़ाना प्रत्याशी उमेश मलिक, खतौली प्रत्याशी विक्रम सैनी, मीरांपुर प्रत्याशी प्रशांत गुर्जर व पुरकाजी प्रत्याशी प्रमोद ऊटवाल भी मंच पर मौजूद रहे।

