Muzaffarnagar और आसपास से प्रमुख खबरें

Muzaffarnagar News: अतिक्रमण हटाओ अभियान चला, शहर के बाजारों में काफी हलचल

मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शहर में एक लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से जिला पुलिस और प्रशासन ने नगरपालिका परिषद् के साथ मिलकर शहर को स्मूथ वे उपलब्ध कराने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है। ऐसे में कई दिनों से शहर के बाजारों में काफी हलचल है। दो दिन की मुनादी के बाद सिटी मजिस्ट्रेट शुक्रवार को बड़े अभियान पर निकले, लेकिन इससे पहले कई गई कार्यवाही को लेकर व्यापारियों में रोष भी नजर आया।

व्यापारियों ने आज टाउनहाल पहुंचकर पालिका के कर अधीक्षक का घेराव किया और अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर दिये गये नोटिसों को वापस लेने की मांग की। काफी देर तक हंगामा चला तो इसके बाद शहर से अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही भी हुई।

शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, सीओ सिटी रामाशीष यादव अतिक्रमण हटवाने के लिए निकले। उनके साथ कर अधीक्षक नरेश कुमार शिवालिया भी अपनी पूरी टीम के साथ मौजूद रहे। शिव चौक से मीनाक्षी चौक की और अफसरों ने पुलिस फोर्स के साथ पैदल मार्च करते हुए सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही की। शिव चौक के आगे बढ़े तो सिटी मजिस्ट्रेट को सड़क पर ही फूल वालों की दुकानें और ठिये सजे हुए मिले। इसको लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी और सामान दुकानों की जद तक रखवाया तो अवैध ठियों को हटवाया गया।

इससे आगे बढ़े तो सड़क पर अनेक स्थानों पर फलों और अन्य ठेले व ठिये मिले। मीनाक्षी चौक पर पहुंचे तो वहां पर होटलों के सहारे हुए अतिक्रमण को देखकर सिटी मजिस्ट्रेट नाराज दिखे। उन्होंने यहां सड़क पर ही होटलों के बाहर लगाये गये ठियों को हटवाने का काम शुरू किया और होटल स्वामियों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो कानूनी कार्यवाही और जुर्माना लगाया जायेगा।

अधिकारियों के सड़कों पर उतरने से पहले टाउनहाल में व्यापारियों ने पहुंचकर हंगामा किया। यहां सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, क्षेत्राधिकारी नगर रामाशीष यादव, थाना प्रभारी कोतवाली नगर महावीर सिंह तथा पालिका की टीम द्वारा मय पुलिस बल शहर के अति व्यस्त क्षेत्र शिव चौक से नावल्टी चौक तक अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही की गयी थी। इसी को लेकर कुछ व्यापारियों को पालिका के स्तर से नोटिस भी भेजे गये।

दो दिनों से शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए पालिका स्तर से मुनादी भी कराई जा रही थी। इसके बावजूद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। व्यापारियों ने यहां पहुंचकर कार्यवाही का विरोध किया और कर अधीक्षक नरेश शिवालिया का उनके कार्यालय में ही घेराव करते हुए कड़ी नाराजगी जताई।

घंटों तक व्यापारियों ने हंगामा किया। इसके बाद करीब डेढ़ बजे सिटी मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमण हटवाने की कार्यवाही शुरू कराई। इस दौरान नगरपालिका से टीएस नरेश शिवालिया, इंस्पेक्टर कोतवाली महावीर सिंह चौहान, टैक्स इंस्पेक्टर अमित कुमार, अमरजीत सिंह, लिपिक सुनील वर्मा सहित अन्य पालिका कर्मी और पुलिस फोर्स मौजूद रहा।

 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20960 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 − two =