Muzaffarnagar News: करवा चौथ के दिन युवक अनुज कश्यप की हादसे में मौत
मुजफ्फरनगर।Muzaffarnagar News:पिया की दिर्घायु के लिए वो सुहागिन आज करवा चौथ का व्रत रखने वाली थी। हाथों में पति परमेश्वर के नाम की मेहंदी लगाकर उसने व्रत की पूरी तैयारियां की हुई थी। उधर, बीवी के करवा चौथ का चांद बनने की खातिर शौहर भी पेपर मिल में नाइट ड्यूटी कर रहा था, ताकि आज वो अपनी चांदनी के सामने रह सके।
लेकिन… कुदरत को शायद कुछ और ही मंजूर था कि अचानक एक ऐसा हादसा हुआ, जिसमें चांदनी का चांद काल का ग्रास बन गया और वो सुहागिन पल भर में ही विधवा हो गई।
नई मंडी कोतवाली इलाके के तिगरी गांव निवासी अनुज कश्यप (२७ साल) भोपा स्थित सिल्वरटन पल्प एडं पेपर प्राइवेट लिमिटेड में जेसीबी चालक के रूप में कार्यरत था, जिसकी बीती रात मिल में एक हादसे के दौरान मौत हो गई। हुआ यूं कि अनुज कश्यप रात के वक्त बिना किसी को बताए रद्दी के ढ़ेर में छिपकर सो गया।
#मुजफ्फरनगर– भोपा रोड पर स्थित सिल्वर्टोन पेपर मिल में कर्मचारी की मौत के बाद हंगामा. फिलहाल मामला शांत pic.twitter.com/DqGJCS6Z3w
— News & Features Network (@mzn_news) October 24, 2021
इसी बीच मिल में कार्यरत अन्य कर्मचारी ने इंचार्ज के आदेश के बाद उसकी जेसीबी से रद्दी के ढे़र में से कुछ रद्दी उठाई। चालक को इस बात की ज़रा भी भनक नहीं लगी कि जिस रद्दी को उसने जेसीबी के पंजे में दबोचा है, उसमें अनुज भी है। जब तब इस बात का पता चला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
अनुज पंजे में दबकर बुरी तरह से घायल हो चुका था, जिसे तुरंत ही अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी जैसे ही अनुज के परिजनों को लगी तो उनमें आक्रोश पनप गया। परिजन भारी भीड़ के साथ मौके पर पहुंचे और मिल प्रबंधन पर तमाम तरह के आरोप लगाने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझाने की कोशिश में जुट गई।
ऑवर टाइम में नाइट ड्यूटी कर रहा था अनुज
बताया जाता है कि मृतक अनुज की वैसे तो डे ड्यूटी है, लेकिन करवा चौथ पर बीवी के साथ वक्त गुजारने के मकसद से उसने बतौर ऑवर टाइम नाइट ड्यूटी करना बेहतर समझा, ताकि आज यानि करवा चौथ के दिन उसे छुट्टी मिल सके। इंचार्ज से वार्ता करने के बाद ही ये सब तय किया गया था।
दो बेटियों और बीवी को अकेला छोड़ गया अनुज
काल का ग्रास बना अनुज अपने पीछे बीवी और दो मासूम बेटियों को अकेला छोड़ गया। बड़ी बेटी की उम्र ३ साल बताई जा रही है, जबकि छोटी अभी ८ माह की है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिल प्रबंधन ने दिया हर संभंव मदद का आश्वासन
सिल्वरटन पल्प एडं पेपर प्राइवेट लिमिटेड के मालिक संजीव जैन से जब समाचार टुडे की बात हुई तो उन्होंने करवा चौथ के दिन हुए इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वो और उनकी कंपनी पीड़ित परिवार की हर संभंव मदद करेंगे। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि कंपनी के साथ-साथ सरकार द्वारा मिलने वाले तमाम तरह के लाभ को भी वो पीड़ित परिवार को मुहैया कराने में पूरी मदद करेंगे।

