नागराले ने संभाला कमिश्नर का पद, बोले- कठिन दौर से गुजर रही है मुंबई पुलिस
परमबीर सिंह का मुंबई पुलिस के कमिश्नर पद से बुधवार को तबादला किए जाने के बाद हेमंत नागराले को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। पदभार संभालने के बाद एक प्रेसवार्ता में 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी हेमंत नागराले ने स्वीकार किया कि इस समय मुंबई पुलिस कठिन दौर से गुजर रही है।
नागराले ने कहा कि कुछ ऐसे मामले हुए हैं जिनसे मुंबई पुलिस के भरोसे पर प्रश्नचिह्न लग गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि हम समाधान निकालेंगे और पुलिस की छवि ठीक करेंगे। मुंबई पुलिस अच्छा काम करेगी। मामले की जांच अच्छी तरह होगी और जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हेमंत नगराले ने मुंबई पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला। pic.twitter.com/dmuFPtpxoB
— News & Features Network (@mzn_news) March 17, 2021
उल्लेखनीय है कि मुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर हेमंत नागराले को यह जिम्मेदारी दी गई है। 58 वर्षीय हेमंत नागराले 1987 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वह अभी तक महानिदेशक (तकनीकी और कानूनी) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
परमबीर सिंह के अचानक हुए तबादले को एंटीलिया मामले से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि परबीर सिंह को नई तैनाती देकर डीजी होमगार्ड बनाया गया है। इससे पहले मंगलवार रात को परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से भी मुलाकात की थी।