वैश्विक

सिर पर हेलमेट पहनकर और हाथ में मंजीरा लेकर सदन पहुंचे राजद विधायक

 मानसून सत्र के पहले दिन बिहार विधानसभा के राजद विधायक सिर पर हेलमेट पहनकर और हाथ में मंजीरा लेकर सदन पहुंचे। राजद विधायकों ने विधानसभा के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। सोमवार से शुरू हुए मानसून सत्र के पहले दिन शोक प्रस्ताव के बाद सदन को स्थगित कर दिया गया।

हेलमेट पहनकर सदन आए राजद विधायक सतीश दास ने टीवी चैनल न्यूज 24 से बात करते हुए कहा कि आपने देखा था कि किस तरह से बजट सत्र के दौरान विधायकों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया था। लात-घूसों से विधायकों को मारने की साजिश हुई थी।  मॉब लिंचिंग करने की कोशिश हुई थी। उस घटना में हमारे सिर पर चोट लगी थी, जिसके बाद पटना से दिल्ली तक इलाज कराना पड़ा था। इसलिए हमें इस सरकार पर भरोसा नहीं है।

हेलमेट पहने राजद विधायक सतीश दास मंजीरा भी बजा रहे थे। सतीश दास ने मंजीरा के सवाल पर कहा कि ये मंजीरा हम इसलिए बजा रहे है कि क्योंकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले 17 सालों से सो रहे हैं। शिक्षा के सवाल पर आप उनसे पूछिएगा तो उनके पास कोई जवाब नहीं है। स्वास्थ्य के सवाल पर आपने कोरोना में देखा कि लोग ऑक्सीजन चिल्ला-चिल्ला कर मर गए, इनके सचिव रैंक के अधिकारी मर गए, कई विधायक मर गए, लेकिन नीतीश कुमार नहीं जागे। इसलिए हम उनको मंजीरा बजाकर जगाने का काम करेंगे।

मानसून सत्र के पहले दिन की तैयारियों पर मीडिया से बात करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि लोहिया जयंती के दिन हमने सदन में काला दिन देखा था। विपक्ष शांति से सदन चलते हुए देखना चाहता है। जनता के मुद्दे को हम सदन में उठाना चाहते हैं। यदि विपक्ष प्रदर्शन करता है तो क्या आप उसे सदन में पुलिस से पिटवाएंगे। जब विपक्ष को सम्मान नहीं मिलेगा तो लोकतंत्र कैसे चलेगा। हमने स्पीकर से 2 प्रपोजल सदन में रखने के लिए अनुमति मांगी थी वो मिल गई है।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

twelve − six =