Saharanpur: पटाखा फैक्ट्री में में भयंकर विस्फोट से दो भाइयों समेत चार की मौत
Saharanpur: यूपी के सहारनपुर में शनिवार शाम पटाखा फैक्ट्री में आग और विस्फोट से सहारनपुर दहल गया। हादसे में एक नाबालिग समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री में काम करने वाले अभी कई लापता बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो चचेरे भाई भी शामिल हैं। भयानक विस्फोट से पूरी बिल्डिंग के परखच्चे उड़ गए। साथ ही काफी दूर तक मलबा जाकर गिरा। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस-प्रशासन के अफसर पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए हैं।
यह हादसा अंबाला रोड पर सरसावा के पास गांव सोरोना बलबंतपुर के जंगल में हुआ। यहां पर किरन फायर वर्क्स नाम से पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। फैक्ट्री का मालिक जोनी सरसावा क्षेत्र के ही गांव सलेमपुर का रहने वाला है। शनिवार शाम करीब छह बजे आसपास के गांवों के काफी लोग फैक्ट्री में काम कर रहे थे, तभी अचानक फैक्ट्री में विस्फोट हो गया।
तीव्र विस्फोट से आसपास के करीब चार-पांच गांवों के लोग दहशत में आ गए। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि फैक्ट्री में विस्फोट कैसे हुआ, अभी इसका कारण पता नहीं चल पाया है। विस्फोट में कार्तिक सैनी (17 ) पुत्र योगेन्द्र सैनी और उसका चचेरे भाई सागर (22) पुत्र राजेश निवासी बलवंतपुर के साथ दो अज्ञात लोगों की मौत हो गई।
थाना सरसावा क्षेत्र के गांव सोराना के पास स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई है. इसके अलावा मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. जबकि स घटना की वजह से पूरा इलाका धमाकों की धमक से दहल गया है.
सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने इस घटना को लेकर कहा कि जिले के सरसावा थाना क्षेत्र की पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई है. कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी गई है. साथ ही उन्होंने कहा कि मामले को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद न सिर्फ पूरा मकान उड़ गया बल्कि वहां खड़ी गाड़ियों भी जलकर खाक हो गई. यही नहीं, आग की सूचना के बाद एयर फोर्स की फायर ब्रिगेड समेत तीन फायर टेंडर की गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची थीं. वहीं, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ था, जिसकी आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई थी. वहीं, इस घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल है. इस मामले पर एसडीएम ने कहा कि आग किस वजह से लगी यह बात अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है.
इस वक्त जेसीबी की मदद से मलबे को हटाने का काम चल रहा है, ताकि अगर कोई उसके नीचे दबा हो तो उसे बाहर निकाला जा सके. साथ ही बताया कि यह लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री थी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक प्रकट किया है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर अंदर फंसे लोगों को सकुशल निकालने व प्रभावितों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं.
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया, सोरोना के जंगल में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से चार लोगों की मौत हुई है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगी हुई हैं। आग कैसे लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

