बेटे और बहू ने मारपीट की, कर दिया घर से बेघर : कानपुर पुलिस ने की मदद
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के जेके कालोनी के रहने वाले बुजुर्ग अनिल कुमार शर्मा अपनी पत्नी, बेटा अभिषेक और बहू के साथ रहते हैं। अनिल कुमार का दो माह पूर्व किसी बात को लेकर बेटे और बहू से विवाद हो गया था। जिसके बाद बेटे और बहू ने उनके साथ मारपीट की थी।
इस पर बुजुर्ग ने चकेरी थाने में बेटे और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद भी बेटे और बहू की हरकतें बंद नहीं हुई। किसी न किसी बहाने से बुजुर्ग दंपती को परेशान कर रहे थे। दंपत्ति कई बार थाने के चक्कर लगाए। डीसीपी पूर्वी से भी दबंग बहू बेटे की करतूत बयां की, पर कहीं सुनवाई नहीं हुई।
बुजुर्ग दंपत्ति का आरोप है कि दो दिन पहले बहू और बेटे ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं जिस बेटे को पढ़ा लिखाकर बड़ा किया, आज उसने ही उन्हें धक्के मारकर घर से बेघर कर दिया। बारिश के मौसम में दोनों सड़क के किनारे पूरी रात गुजारी। भूख लगी तो बेटे से रोटी मांगी, पर बदले में बहू ने गालियां दी। पानी पीकर पेट की आग बुझाई।
बेटे-बहू से पीड़ित दंपत्ति की जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो वह सीधे पुलिस कमिश्नर असीम अरुण से शिकायत की। कमिश्नर ने उन्हें कैंप दफ्तर बुलाया। जहां से वह बुजुर्ग दंपती को साथ लेकर फोर्स संग घर पहुंचे। जहां उन्होंने दंपती को उनके घर पहुंचायाकमिश्नर ने बुजुर्ग दंपती से मारपीट करने के आरोप में घर में मौजूद उनके बेटे अभिषेक और बहू को हिरासत में चकेरी थाने भेजा।
बहू पर भी शांतिभंग की कार्रवाई की। कमिश्नर ने इस मौके पर कहा कि पूरे मामले पर चकेरी पुलिस से पूरी Information मांगी जाएगी। दंपत्ति ने जब शिकायत की तो पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की। मैं खुद इस प्रकरण को देखूंगा।
बुजुर्ग दंपती को पीटकर घर से निकालने के बाद बेटे और बहू ने उनका सामान समेट कर कमरों में अपने ताले डाल दिए थे। पुलिस कमिश्नर जब घर के अंदर बुजुर्ग दंपती संग पहुंचे तो कमरे में ताले बंद देखें।
पूछने पर बुजुर्ग दंपती ने उन्हीं के कमरे होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने बहू से दोनों कमरों के ताले खुलवाये। वहीं उन्होंने बुजुर्ग दंपती को घर में रहने की बात कहते हुए अपना नंबर दिया और दोबारा परेशानी होने पर तत्काल सूचना देने की बात कही।
