पूरे विकास भवन में हड़कंप: कर्मचारी के सैंपल को लेने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम
विकास भवन में कार्यरत लिपिक की मां की कोरोना से मौत होने के कारण पूरे विकास भवन में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं डीपीआरओ ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी भी भयभीत है।
वहीं जड़ौदा में डीपीआरओ विभाग के एक कर्मचारी के संबंध में ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने पर पुलिस गांव में पहुंची। कर्मचारी का स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपल लिए जाने का समाचार है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विकास भवन के एक विभाग में कार्यरत लिपिक की मां को अभी हाल में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई थी। उन्हें उपचार के लिए मेरठ मेडिकल में भर्ती कराया गया था।
जहां पर उनकी मौत हो गई। लिपिक की मां की मौत होने के कारण विकास भवन में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं विभाग के समस्त कर्मचारी भी भयभीत हैं। बताया जा रहा है कि विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी गांव जड़ौदा में रहता है।
उसके संबंध में ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम कर्मचारी को लेने के लिए उसके आवास पर पहुंची। स्वास्थ विभाग की टीम ने कर्मचारी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है।
