सिडनी स्वीनी का ‘गुड जींस’ विवाद: अमेरिकन ईगल का विज्ञापन क्यों बना नस्लवाद और यूजेनिक्स की गूंज?-Sydney Sweeney controversy
फैशन इंडस्ट्री का हर नया विज्ञापन आमतौर पर ट्रेंड और स्टाइल को लेकर सुर्खियां बटोरता है, लेकिन इस बार चर्चित अमेरिकी अभिनेत्री सिडनी स्वीनी (Sydney Sweeney controversy) और कपड़ों की ब्रांड कंपनी अमेरिकन ईगल (American Eagle) ने एक ऐसा विज्ञापन लॉन्च किया जिसने फैशन की दुनिया को राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में ला दिया।
23 जुलाई 2025 को जारी हुए इस विज्ञापन में कैचलाइन थी—“Sydney Sweeney has Great Jeans”। इस स्लोगन ने अंग्रेजी के दो शब्दों Genes (जनुक/विरासत) और Jeans (डेनिम पैंट्स) के बीच शब्द खेल का इस्तेमाल किया। कैमरा स्वीनी की डेनिम से उसके चेहरे और नीली आँखों की ओर घूमता है और वह कहती हैं—“My Jeans are Blue.” यानी उनकी जींस भी नीली और उनकी आँखें भी नीली।
यह सीधी-सी लगने वाली मार्केटिंग स्ट्रेटेजी विवाद का बवंडर ले आई। क्यों? क्योंकि इसमें जनुकों (Genes) और “श्रेष्ठ नीली आँखों” की अवधारणा को फैशन से जोड़ दिया गया, जिसे आलोचक नाजीवाद और नस्लश्रेष्ठता की गूंज कह रहे हैं।
विज्ञापन पर सोशल मीडिया का तूफान
टिकटॉक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर इस विज्ञापन के वायरल होने के बाद आलोचनाओं की बाढ़ आ गई।
लोगों ने सवाल उठाए—
जींस के विज्ञापन में Genes (जनुक) का ज़िक्र क्यों?
आँखों के नीले रंग को “गुड जींस” कहकर क्यों glorify किया गया?
क्या यह छुपा हुआ संदेश नस्लवाद और “यूजेनिक्स” (वंशश्रेष्ठता) का समर्थन नहीं करता?
यह विवाद इतना बढ़ा कि कुछ दिनों तक अमेरिकी मीडिया और सोशल मीडिया पर यही मुद्दा ट्रेंड करता रहा।
कंपनी के शेयर और बाजार की चालाकी
चौंकाने वाली बात यह रही कि इस विवाद के बीच अमेरिकन ईगल (NYSE: AEO) के शेयरों में 24% की बढ़त दर्ज हुई। यह कंपनी के इतिहास में 2000 के बाद की सबसे बड़ी छलांग थी।दुकानों पर सिडनी स्वीनी कलेक्शन की जींस अचानक बिकने लगीं और कंपनी ने अपना “मार्केटिंग गोल” पूरा कर लिया।कुछ दिनों बाद विवाद को शांत करने के लिए विज्ञापन वापस ले लिया गया, लेकिन तब तक “विवाद का फायदा” कंपनी के खाते में जा चुका था।
राजनीतिक मोड़: ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन
विवाद और गहराया जब अमेरिकी राजनीति इसमें कूद गई।
उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस ने स्वीनी को “पूर्ण अमेरिकी सौंदर्य” कहा।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर इसे “उनका सबसे बेहतरीन विज्ञापन” बताया और स्वीनी को रिपब्लिकन समर्थक घोषित किया।
जांच में सामने आया कि सिडनी स्वीनी ने 14 जून 2024 को फ्लोरिडा में रिपब्लिकन पार्टी के लिए वोटर रजिस्ट्रेशन कराया था।
यह तथ्य सामने आते ही विवाद और गरमा गया।
फॉक्स न्यूज समेत रिपब्लिकन समर्थक मीडिया ने विज्ञापन का बचाव किया। वहीं, आलोचकों ने कहा कि यह सीधे-सीधे व्हाइट सुप्रीमेसी (गोरों की श्रेष्ठता) के एजेंडे को ग्लैमराइज करना है।
ट्रंप की राजनीति और “गुड जींस” नैरेटिव
डोनाल्ड ट्रंप की राजनीति लंबे समय से “सांस्कृतिक पहचान के संकट” और “गोरे वर्चस्व” की भाषा पर टिकी है। उन्होंने कई बार Black Lives Matter को अपराधी आंदोलन बताया और अवैध प्रवासियों को “बैड जींस” करार दिया।ट्रंप के भाषणों में “गुड जींस” का जिक्र नया नहीं है।
उन्होंने पहले भी रैलियों में अपने समर्थकों को “अच्छे जींस वाले” कहा और प्रवासियों को “देश के खून में जहर” बताया।यह भाषा सीधे हिटलर की विचारधारा से मेल खाती है, और इसी कारण आलोचक कह रहे हैं कि स्वीनी का विज्ञापन सिर्फ फैशन नहीं बल्कि राजनीतिक प्रचार का हिस्सा बन गया।
यूजेनिक्स: इतिहास की काली छाया
“गुड जींस” वाक्यांश भले ही मजाक या फैशन का हिस्सा लगे, लेकिन इसके पीछे यूजेनिक्स (Eugenics) की भयावह अवधारणा छिपी है।
19वीं शताब्दी में शुरू हुई यह सोच मानती थी कि मानव जाति को “बेहतर” बनाने के लिए अच्छे जनुक (genes) वाले लोगों का प्रजनन बढ़ाना चाहिए और “कमजोर” जनुक वाले लोगों को रोकना चाहिए।
20वीं सदी में यह विचारधारा नाजी जर्मनी की नस्लवादी नीतियों में बदली और लाखों निर्दोष लोग जबरदस्ती नसबंदी व नरसंहार के शिकार हुए।
आज यह सोच विज्ञान और समाज दोनों में अस्वीकार की जा चुकी है, लेकिन फैशन और मीडिया जब “गुड जींस” जैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो यह पुरानी खतरनाक सोच को फिर से mainstream करता है।
कैंसल कल्चर बनाम सामाजिक जिम्मेदारी
व्हाइट हाउस प्रवक्ता स्टीवन चुंग ने इस विवाद को “कैंसल कल्चर का अतिरेक” कहकर खारिज किया।
दक्षिणपंथी विचारधारा के समर्थक इसे “वोक एक्स्ट्रीमिज्म” बता रहे हैं।
लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि यह सिर्फ कैंसल कल्चर की बहस नहीं है, बल्कि नस्लवाद और भेदभाव को फिर से वैज्ञानिक व सांस्कृतिक वैधता देने की कोशिश है।
कंपनी की मार्केटिंग या सोची-समझी चाल?
अमेरिकन ईगल जैसे ब्रांड्स के लिए विवादित कैंपेन नए नहीं हैं।
इतिहास गवाह है कि कैल्विन क्लेन के विज्ञापन भी कई बार नस्ल, लैंगिकता और सौंदर्य मानकों को लेकर विवादों में घिरे।
लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ एक मार्केटिंग गलती थी?
या फिर जानबूझकर विवाद पैदा कर बिक्री और शेयर प्राइस बढ़ाने का कॉर्पोरेट दांव?
क्योंकि आंकड़े बताते हैं—इस विवाद ने कंपनी की आर्थिक हालत को अस्थायी रूप से सुधारा।
भविष्य के लिए चेतावनी
आज अगर समाज “गुड जींस” जैसी भाषा को मजाक में भी स्वीकार करता है, तो कल यह नस्लवाद, भेदभाव और घृणा की राजनीति को नया जीवन दे सकती है।
कॉर्पोरेट लालच और राजनीतिक प्रचार जब मिलते हैं, तो फैशन सिर्फ फैशन नहीं रहता—वह समाज की दिशा बदलने वाला हथियार बन जाता है।

