तिहरे हत्याकांड का खुलासाः 5 शातिर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। लगभग एक सप्ताह पूर्व खतौली क्षेत्र में नहर में गिरी स्कार्पियों में तीन युवकों की मौत का पुलिस ने खुलासा करते हुए इसे रंजिशन करायी गयी हत्या बताया है। इस मामले में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर पत्रकारों के समक्ष भी पेश किया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि 17 अप्रैल 2019 को खतौली थाना क्षेत्र में स्कार्पियो कार संख्या एचआर10डब्ल्यू/6274 गंगनहर में गिर गयी थी। जिसमें प्रदीप पुत्र कृष्ण, रवि पुत्र कृष्ण व अक्षय पुत्र रविंद्र निवासी भैसवाल कला थाना गोहाना सदर सोनीपत हरियाणा के शव बरामद हुए थे। इस मामले में मृतक प्रदीप के पिता श्रीकृष्ण पुत्र सूरजमल ने गोहाना सदर थाने में तहरीर देते हुए कहा था कि हामिद उर्फ गालिब पुत्र अब्दुल गफ्फार निवासी ग्राम कुल्हेडी थाना चरथावल मुजफ्फरनगर, नवीन मलिक, प्रवीन उर्फ बिट्टू व उसके परिवार वाले निवासीगण भैंसवाल पर हत्या का आरोप लगाया था।
एसएसपी के निर्देशन में इंस्पैक्टर खतौली हरशरण शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अभियुक्त हामिद उर्फ गालिब के के कुल्हेडी स्थित मकान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा जितेंद्र उर्फ सीट्टू पुत्र बलवीर, सतपाल पुत्र होशियार उर्फ सैकेट्री, नवीन मलिक पुत्र प्रताप निवासी भैसवाल व जितेंद्र उर्फ जीतू पुत्र राजवीर निवासी गोयला को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त नवीन मलिक ने बताया कि 2017 में प्रवीन उर्फ बिट्टू की गांव में गोली मारकर प्रदीप व रवि ने हत्या कर दी थी। अनेक बार प्रदीप व रवि से नवीन की काफी कहासुनी हुई थी। उन्होंने बताया कि जितेंद्र उर्फ सीट्टू, सतपाल पुत्र होशियार व हरिओम पुत्र रामनिवास निवासी भैसवाल कला ने प्रवीन उर्फ बिट्टू की हत्या का बदला लेने के लिए नवीन से मिलकर योजना बनायी। योजना के अनुसार 26 मार्च को नवीन ग्राम कुल्हेडी थाना चरथावल आकर हामिद से मिला और पांच लाख रूपये में हामिद के माध्यम से प्रदीप व रवि को मुजफ्फरनगर बुलाने की बात तय कर ली। हामिद ने प्रदीप व रवि से बात कर उन्हे तैयार कर लिया। 15 अप्रेल को नवीन अपने साथी विकास जावला के साथ चरथावल में हामिद से मिला और गालिब को बताया कि प्रदीप व रवि को कहा लेकर जाना है इसके बाद नवीन व विकास दोनों ने गंगनहर की पटरी पर उस जगह को देखा जहां रवि और प्रदीप की हत्या करने के बाद गंगनहर में डालना था।
16 मार्च को हामिद प्रदीप व रवि को शामली से अपने साथ लेकर आया जिसमें गांव भैसवाल का अक्षय पुत्र रविंद्र भी था। नवीन के बताये स्थान पर ग्राम बरवाला गेट पर पहुंचे जहां गौरव गोस्वामी मोटरसाईकिल लेकर पहले से खडा हुआ था। जैसे ही स्कार्पियो रूकी अभियुक्तगण ने प्रदीप, रवि और अक्षय को पकडकर गाडी से नीचे उतार लिया। नवीन ने रवि का गला पकडकर दबाते हुए कहा कि मैं तूझे मारना चाहता था और उसका गला दबा दिया जिससे उसकी मौत हो गयी। इसके बाद रवि के शव को ट्यूवबैल की होजी में डूबो दिया इसके बाद प्रदीप व अक्षय को बारी बारी से नवीन मलिक व उसके साथियों ने मिलकर मारकर होजी में डाल दिया। हत्या के बाद रवि को आगे की सीट पर बैठाकर और प्रदीप व अक्षय को पीछे की सीट पर बैठाया गया और नवीन मलिक खुद स्कार्पियो चलाकर गंगनहर पर चिन्हित किये स्थान पर पहुंचा और गाडी को घेर में डालकर गंगनहर में गिरा दिया जिससे ऐसा लगे कि दुर्घटना के कारण उक्त तीनों की मौत हुई है। इसके अलावा पुलिस ने बताया कि पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है जबकि शेष चार नामजदों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे है। गिरफ्तार करने वाली टीम में सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह, इंस्पैक्टर खतौली हरशरण शर्मा व पुलिसकर्मी शामिल रहे।
