समाचार
भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष उपकार बावरा करीब 13 माह बाद जेल से रिहा
मुजफ्फरनगर। भीम आर्मी मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष उपकार बावरा करीब 13 माह बाद जिला कारागार से रिहा हो गए। जेल के बाहर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने उनका पगड़ी पहनाकर और माला डालकर स्वागत किया। रिहा होने के बाद उपकार बावरा गांव गादला के लिए रवाना हो गए। 2 अप्रैल 2018 को एससी/एसटी आंदोलन के दौरान हुए बवाल एवं हिंसा आगजनी के बाद उपकार बावरा को गिरफ्तार कर रासुका में निरुद्ध कर दिया गया था, तब से वह जेल में बंद थे। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष उपकार बावरा सहित तीन लोगों पर प्रशासन ने हिंसा के आरोप में रासुका के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून में निरुद्ध कर दिया था। अब रासुका की 1 साल की अवधि समाप्त होने के बाद उपकार बावरा को पहले ही हिंसा के मामलों में कोर्ट से जमानत मिलने के कारण जेल से गुरुवार को सुबह रिहा कर दिया गया। जिला कारागार के गेट के बाहर भीम आर्मी कार्यकर्ताओ ने पगड़ी ओर फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। जेल से रिहा होते ही भीम आर्मी जिलाध्यक्ष उपकार गांव गादला के लिए रवाना हो गए। 2 अप्रैल 2018 को हुए बवाल के दौरान गादला निवासी अमरेश की मुजफ्फरनगर में गोली लगने से मौत हो गई थी। उपकार बावरा मृतक अमरेश के परिजनों से मुलाकात करेंगे। उपकार बावरा समेत तीनों रासुका निरुद्ध की रिहाई के लिए भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर भी पूर्व में दो बार डीएम कार्यालय पर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर चुके हैं।
आग लगने से मचा हड़कम्प
चरथावल। आग लगने से घर मे रखा सामान व नकदी जलकर खाक हो गए। इस हादसे से ग्रामीणो मे अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी के अनुसार चरथावल थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव कुल्हेडी मे अज्ञात कारणो से लगी आग से शादी के लिए घर मे रखी हजारो की नकदी व सामान जल कर राख हो गया। परिजनो ने किसी प्रकार घर से बाहर निकल कर अपनी जान बचाई। मिली जानकारी के अनुसार गांव कुल्हेडी निवासी बीती रात अपने परिवार सहित अपने घर मे सोया हुआ था कि देर रात अज्ञात कारणो से लगी आग से उसके घर का सामान चल गया। बताया जाता है कि लडकियों की शादी के लिए घर मे दहेज का कुछ सामान व नकदी आदि रखी हुई थी। आग की सूचना पर मौके पर पहुंची 100 पीआरवी 2211ने मौके पर पहुंच कर किसी घटना की जानकारी ली। ग्रामीणो ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस दौरान अनेक ग्रामीण मौके पर एकत्रित रहे।
स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी व एसएसपी ने कूकडा नवीन मन्डी स्थल पहुंच कर मतगणना व स्ट्रांग रूम मे रखी ईवीएम की सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओ का जायजा लेने के साथ अधिनस्थो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आज दोपहर कूकडा नवीन मन्डी स्थल पहुंचे डीएम अजय शंकर पाण्डेय व एसएसपी सुधीर कुमार सिह ने 23 अप्रैल को होने वाली मतगणना की तैयारियों/व्यवस्थाआें तथा स्ट्रांंग रूम की सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओ का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान इन दोनो आला अधिकारियो ने मतगणना स्थल व उसके आसपास भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम अजय शंकर पाण्डेय, एसएसपी सुधीर कुमार सिह,एडीएम प्रशाशन अमित कुमार सिह व एसपी सिटी सतपाल अंतिल व सीओ नई मन्डी योगेन्द्र सिह, इंस्पैक्टर नई मन्डी संतोष कुंमार सिह आदि पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रत्याशियों/प्रतिनिधियों के साथ मतगणना के सम्बन्ध में की बैठक
मतगणना शांतिपूर्ण व निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराई जायेगीः जिला निर्वाचन अधिकारी
मुजफ्फरनगर।.जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने आज कलैक्ट्रेट सभागार में प्रत्यशियों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ २३ मई को होने वाली मतगणना के सम्बन्ध में आवश्यक बैठक की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना को शांतिपूर्ण व निष्पक्षता के साथ समपन्न कराया जायेगा।
जिलाधिकारी ने बैठक में वीवीपैट की पर्चियो के मिलान हेतु प्रयोग की जाने वाली सामग्री जैसे डिब्बों, लक्की ड्रा के कार्डा को भी प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों को दिखाया ताकि मतगतणना के दिन कोई संशय न रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लक्की ड्रा के आधार पर प्रत्येक विधानसभावार ५ वीवीपैट की पर्चियों का मिलान किया जायेगा। उन्होने ईटीपीबीएस/डाक मत पत्रों के सम्बनध में बताया कि इस बार डाकमतपत्रों की बार कोड स्केनिग की जायेगी। और स्कैनर से उन्हे स्कैन किया जायेगा। उन्होने कहा कि इस बार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक चरण की ऑनलाईन फीडिंग निर्वाचन आयेग की वेबसाइट पर की जायेगीं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रात ८ बजे से मतगणना प्रारम्भ की जायेगी। उन्होने बताया कि ईवीएम के मतों की गणना हेतु प्रत्येक विधानसभावार १४ टेबल लगाई जायेगी तथा सहायक रिर्टनिंग आफिसर के लिए एक टेबल लगाई जायेगी इस प्रकार कुल १५ टेबल विधान सभा में लगाई जायेगी। उन्होने बताया कि ०३-मुजफ्फरनगर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के डाक मतपत्रों की गणना चबूतरा संख्या-५ के भाग संख्या ३ पर बनाये गये मतगणना हाल में ०४ मेजों पर होगी जिन पर ०४ मतगणना एजेण्ट नियुक्त किये जा सकते है और क्यू आर कोड स्केनिंग हेतु लगाई गयी मेज पर एक मतगणना एजेण्ट नियुक्त किया जा सकता है। प्रत्येक टेबिल पर प्रत्येक प्रत्याशी अपना एक-एक मतगणना अभिकर्ता नियुक्त कर सकता है। मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति प्रारूप-१८ प्रत्येक मतगणना अभिकर्ता के दो-दो फोटो जिनके पीछे मतगणना अभिकर्ता का नाम अंकित हो आज सांय ५ बजे से पूर्व उपलब्ध कराने दें। उन्होने बताया कि मतगणना हेतु स्ट्रांग रूम २३ मई की प्रातः ०६ः०० बजे माननीय प्रेक्षक महोदय की उपस्थिति में खोले जाऐंगे। उन्होने कहा कि स्ट्रांग रूम के खुलने के समय आप स्वंय अथवा आपका निर्वाचन अभिकर्ता या आपका प्रतिनिधि अवश्य उपस्थित होना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना अभिकर्ता नियुक्त करते समय विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि मतगणना अभिकर्ता की आयु १८ वर्ष से कम न हो।आयोग के निर्देशानुसार कोई मंत्री/वर्तमान सांसद/विधायक(एमएलए/एमएलसी) महापौर तथा सुरक्षा प्राप्त महानुभाव आदि मतगणना अभिकर्ता नहीं बनाये जा सकते हैं। पास धारकों के अलावा अन्य कोई व्यक्ति मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। पास धारकों के अलावा अन्य कोई व्यक्ति मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं करेगा। किसी भी पास धारक सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के साथ सुरक्षा कर्मी को मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना पण्डाल में एआरओ टेबिल पर एक समय में केवल प्रत्याशी अथवा उसका निर्वाचन अभिकर्ता ही उपस्थित रह सकता है। किसी भी मतगणना अभिकर्ता को एक बार मतगणना परिसर में प्रवेश के पश्चात बाहर जाने पर दोबारा मतगणना परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना अभिकर्ता को जारी पास अहस्तांतरणीय होगा और मतगणना अभिकर्ता को एक काउंटिंग हाल से दूसरे हाल में जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना अभिकर्ता को आवंटित टेबिल की अतिरिक्त अन्य टेबिल पर जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना परिसर में मोबाईल फोन, केलकुलेटर, इलैक्ट्रॉनिक उपकरण, आई पैड, लेपटाप,कैमरा तथा बीड़ी, सिगरेट माचिस एवं लाईटर आदि उपकरण लाना पूर्णतयाः वर्जित है। विपरीत स्थिति में सम्बंधित व्यक्तियों का मोबाईल फोन, कैमरा अथवा अन्य सामान जब्त कर लिया जाएगा। कोई भी सुरक्षा प्राप्त प्रत्याशी/निर्वाचन अभिकर्ता/मतगणना अभिकर्ता सुरक्षा कर्मी सहित मतगणना परिसर में किसी भी दशा में प्रवेश नहीं कर सकेगे। उन्हें अपने सुरक्षा कर्मी मतगणना परिसर के बाहर छोड़ने होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि किसी भी विजयी प्रत्याशी को जूलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना दिवस २३ मई को मतगणना हाल में प्रवेश करने से पूर्व निर्वाचन अभिकर्ता/मतगणना अभिकर्ता द्वारा एआरओ द्वारा जारी पहचान पत्र सहायक रिटर्निंग आफिसर को प्रस्तुत करना होगी। मतगणना अभिकर्ता के पास एआरओ द्वारा जारी पहचान पत्र न हाने की स्थिति में किसी भी मतगणना अभिकर्ता/निर्वाचन अभिकर्ता को किसी भी दशा में मतगणना हाल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह सहित प्रत्याशी प्रतिनिधि शिवराज त्यागी, लोकदल प्रतिनिधि बृहम सिंह बालियान, जिलाध्यक्ष रालोद अजीत राठी सहित, प्रत्याशी मांगेराम कश्यप सहित अन्य प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।
डीएम से मिले उद्यमी
मुजफ्फरनगर। आईआईए से जुडे उद्यमियो ने आईआईए अध्यक्ष कुशपुरी के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिल जनपद के उद्योगो से जुडी समस्याओ के सम्बन्ध मे अवगत कराते हुए उक्त समस्याओ के यथाशीघ्र निस्तारण की मांग की। प्रतिनिधि मंडल मे शामिल आईआईए पदाधिकारियो ने सौपे गए ज्ञापन मे कई समस्यायें रखी।
कचहरी स्थित डीएम कार्यालय पहुंच कर जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय से आज आईआईए के अध्यक्ष प्रसिद्ध उद्यमी कुशपुरी के नेतृत्व मे मिलने पहुंचे विभिन्न मिल फैक्ट्रियो के स्वामियों व उद्यमियो ने जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय से मिलकर औद्योगिक आस्थान परिसर में उचित व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान उद्यमियों ने जिलाधिकारी के साथ औद्योगिक विषयों पर भी चर्चा की तथा जिलाधिकारी के निर्देशों पर चल रहे स्वच्छता अभियान पर आभार प्रकट किया। सौपे गए ज्ञापन मे विभिन्न समस्याओ से अवगत कराया। इस दौरान आईआईए अध्यक्ष कुशपुरी,संदीप जैन, गिरीश अग्रवाल, विनय गर्ग, विपुल भटनागर, मनीष जैन, आरसी मिश्रा आदि अनेक उद्यमी शामिल रहे।
डीएम से की कार्यवाही की मांग
मुजफ्फरनगर। ब्राहमण समाज के लोगो ने जिलाधिकारी से मिल कर सिसौली निवासी तथा बीते दिनो अचानक कहीं लापता हुई महिला व उनकी तीन बेटियो के मामले मे आरोपियो के खिलाफ उचित कार्यवाही की मांग की।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनो चरथावल के गांव बिरालसी निवासी पंडित विष्णुदत्त शर्मा की बेटी गुडडी व उनकी तीन बेटियां अचानक कहीं लापता हो गई थी। जिन्हे पुलिस ने भागदौड कर हरिद्वार के बहादराबाद से सकुशल बरामद कर लिया था। महिला व उनकी बेटी की सकुशल बरामदगी पर महिला के परिजनो ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी संदर्भ मे आज दोपहर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच कर डीएम अजय शंकर पाण्डेय से मिले ब्राहमण समाज के लोगो ने आरोपियो के खिलापफ सख्त कार्यवाही की मांग की। इस दौरान ब्राहमण सभा की और से सुबोध शर्मा, वरिष्ठ नेता राकेश शर्मा, अशोक शर्मा बुढीना कला, रमेशचन्द शर्मा आदि ब्राहमण समाज के लोग मौजूद रहे।
युवक ने की आत्महत्या
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर क्षेत्र के गांव बेगराजपुर में शादी में आये हुए युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने के लिए इंकार कर दिया। पुलिस ने पचंनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को सौंप दिया।पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि सहारनपुर जनपद के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव मजोलका निवासी 30 वर्षीय शहताब पुत्र पीताम्बर बेगजरापुर में राजपाल के घर शादी समारोह में आया था। बताया गया कि आज सवेरे जंगल में उसका शव आम के पेड पर लटका मिला। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान करायी और परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतक मंदबुद्धि था और उसने आत्महत्या की है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पचंनामा भरकर शव को परिजनों को सौंप दिया।
यात्री के साथ बस ड्राइवर ने की मारपीट
मुजफ्फरनगर। रोडवेज बस चालक व यात्री के बीच हुई मारपीट से अच्छा-खासा हंगामा खडा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार मामला शान्त कराया। जानकारी के अनुसार रोहाना चौकी क्षेत्र मे चौकी से कुछ दूरी पर आज दोहपर रोडवेज बस को बीच सडक पर रूकवा कर बस ड्राईवर ने यात्री साथ मारपीट कर डाली। बताया जाता है कि रोडवेज बस मे उस समय विवाद हो गया कि जब एक यात्री ने बोनट पर अपना बैग रख दिया ड्राईवर ने यात्री को बैग रखने से मना कर दिया था लेकिन फिर भी यात्री ने अपना बैग बोनट पर ही रख दिया। जिसको लेकर इन दोनो के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते मारपीट मे तब्दील हो गई। आपसी विवाद बढता देख अन्य यात्रियो ने बीच-बचाव कराकर किसी प्रकार मामला शान्त कराया।
घर-घर बांटेंगी आशा कार्यकर्ता ओआरएस
मुजफ्फरनगर। गर्मी और उमस के चलते डायरिया (उल्टी-दस्त) का प्रकोप बढ़ गया है। बीमारी के नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। इसी कड़ी में चिकित्सा विभाग ने सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा शुरू किया है। पखवाड़े के तहत शहर व गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भ्रमण कर लोगों को ओआरएस और जिंक देकर स्वच्छता के लिए जागरूक करेंगी। ३० मई तक चलने वाले पखवाड़ा के तहत एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को ओआरएस घोल व जिंक की गोलियां देंगी। खासतौर पर दस्त से पीड़ित बच्चों को ओआरएस घोल व जिंक की गोलियां देने के साथ उनके माता-पिता को स्वच्छता, पौष्टिक आहार एवं खाना खाने से पहले हाथ धोने के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सभी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस और जिंक कॉर्नर स्थापित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी एस मिश्रा ने बताया कि ओआरएस और जिंक की गोलियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डा. पी एस मिश्रा ने बताया कि पखवाड़े के दौरान पांच वर्ष से छोटे बच्चों के अभिभावकों को डायरिया की रोकथाम की जानकारी दी जाएगी। सभी प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में भी बच्चों को साफ-सफाई की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्मियों और बरसात के मौसम में डायरिया का प्रकोप बढ़ जाता है। गरीब परिवारों के बच्चे इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। डायरिया से होने वाली मृत्यु को रोकना संभव है, इसीलिए जिले में सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए आशा कार्यकर्ता माईक्रोप्लान बनाएंगी। वह बच्चों को चिन्हित कर उनके घर ओआरएस के पैकेट देकर उनके प्रयोग की जानकारी देंगी। सामान्य डायरिया के इलाज के साथ गंभीर डायरिया रोगियों को आशा कार्यकर्ता पीएचसी, सीएचसी भेजेंगी।
अलग-अलग सड़क हादसों में कई घायल
मुजफ्फरनगर। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि भोपा रोड पर हुए सड़क हादसे में गांव तिस्सा निवासी बचन सिंह पुत्र रघुवीर सिंह व रूपचंद पुत्र भोंदू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा छपार क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में चरथावल के गांव लुहारी खुर्द निवासी अश्वनी कुमार पुत्र चरण सिंह, उसका पिता चरण सिंह व मां प्रमीला गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छपार के गांव तेजलहेड़ा निवासी कार्तिक पुत्र सितार सिंह भी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे भी उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवाहिता सहित दो ने किया जहरीले पदार्थ का सेवन
मुजफ्फरनगर। अलग-अलग स्थानों पर एक विवाहिता सहित दो लोगों ने संदिग्ध हालातों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगडने पर दोनों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला गऊशाला निवासी नीरज पुत्र ब्रहमपाल व एकता विहार निवासी संध्या पत्नी रोहित ने अलग-अलग मामलों में जहर खा लिया, दोनों को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
शांतिभंग में चालान
मुजफ्फरनगर। रोडवेज बस स्टैंड पर मारपीट कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसका शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चिरागिया मदरसा निवासी नौशाद पुत्र इस्लाम रोडवेज बस स्टैंड पर कुछ लोगों के साथ गाली गलौच व मारपीट कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसका शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया।
शिविर का रंगारंग समापन
जानसठ। गोमती कन्या इंटर कॉलेज जानसठ में स्काउट शिविर का रंगारंग समापन किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने पर क्षेत्रीय विधायक ने स्काउट ट्रेनरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। खतौली विधायक विक्रम सैनी ने गोमती कन्या इंटर कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट शिविर का समापन करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों में भाग लेने से छात्र-छात्राओं में देशभक्ति एवं परोपकार की भावना पैदा होती है। जिला संगठन कमिश्नर प्रभा दाहिया एवं लीडर ट्रेनर संतोष वर्मा ने बताया कि शिविर में पायनियरिग, टैंट पेचिग, लैसिग व्हीपिग व प्राथमिक सहायता आदि का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में जीनत, वंशिका, दिव्या, बुलबुल, महक, नैना आदि का कार्य सराहनीय रहा। प्रधानाचार्य ज्योतिबाला की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने देशभक्ति पूर्ण अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समापन समारोह को रंगारंग बना दिया। शिविर में दिए गए प्रशिक्षण व राष्ट्रीय सहयोग में प्रतिभागिता की सराहना करते हुए विधायक ने लीडर ट्रेनर संतोष वर्मा, एचडब्ल्यूबी सुनील दयाल व चंद्रमोहन शर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शिविर के आयोजन में रीतू गोयल, नेहा सिंह, योगिता सैनी व प्रहलाद सिंह आदि का सहयोग रहा।
भाजपा नेता की इंस्पेक्टर से तीखी नोकझोंक
मुजफ्फरनगर। तीन दिनों से तीन भाइयों को हिरासत में लेकर थाने में बैठाने को लेकर भाजपा नेता की एसएसआई से नोकझोंक हो गई। इस पर पुलिस ने तीनों भाइयों का शांतिभंग में चालान कर दिया। मामले में पुलिस कारगुजारी की शिकायत विधायक प्रमोद ऊंटवाल समेत अधिकारियों से की गई है।
पुरकाजी में कस्बे के मोहल्ला जाटान निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन दिन पूर्व उसके देवर को हिरासत में लिया था। इस दौरान दूसरे भाई महबूब व आशिफ भी उसे छुड़ाने थाने पहुंच गए। पुलिस ने तीनों भाइयों को हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। तीन दिनों से थाने में बैठाने की शिकायत पर भाजपा नेता भारत भूषण खुल्लर थाने पहुंचे। उन्होंने तीनों को निर्दोष बताते हुए छोड़ने की मांग की। इस दौरान भाजपा नेता की एसएसआई से तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने तीन दिनों से थाने पर बैठाए गए तीनों भाइयों का शांतिभंग में चालान कर दिया। भाजपा नेता का आरोप है कि इस मामले में शिकायत करने वाली महिला ने फैसलानामा भी थाने में जमा कर दिया था, लेकिन एसएसआई हिरासत में लिए तीनों लोगों को छोड़ने को तैयार नहीं हुए। उधर, एसएसआई ने आरोप को नकारते हुए कहा कि मकान विवाद में झगड़े की आशंका के चलते चालान किया गया है। वहीं मामले की शिकायत पर विधायक प्रमोद ऊंटवाल विधायक ने कोतवाल को फोन किया, लेकिन तब तक पुलिस मामले में चालान कर चुकी थी।
जिंदगी की जंग हार गई चार साल की मासूम अरवीरा, मां-बेटे की पहले ही हो चुकी है मौत
मुजफ्फरनगर। महिला द्वारा गृहक्लेश के चलते तीन बच्चों को जहर देकर खुद भी पी लेने की सनसनीखेज घटना में मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती मासूम बच्ची अरवीरा भी आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। बुधवार तड़के उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, महिला के परिजनों ने शौहर पर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दूसरी तहरीर दी है। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव न्याजूपुरा निवासी रमजानी की बेटी गुलशन (30) का निकाह करीब दस साल पूर्व किदवईनगर निवासी राशिद से हुआ था। दंपती के चार बच्चे थे, जिनमें बेटियां इलमा (8), इकरा (5), अरवीरा उर्फ अरीबा (4) और इकलौता बेटा रिहान (3) शामिल हैं। सोमवार देर रात गुलशन ने ससुराल में तीन बच्चों रिहान, इकरा व अरवीरा उर्फ अरीबा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के बाद खुद भी पी लिया था। इसमें गुलशन व मासूम बेटे रिहान की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अरवीरा व इकरा को गंभीर हालत में मेरठ के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मेरठ में भर्ती चार साल की अरवीरा उर्फ अरीबा ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि इकरा की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। वहीं अरवीरा की मौत की खबर मिलते ही पीड़ित परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में परिजन मेरठ के लिए रवाना हो गए। उधर, दोपहर बाद गुलशन के भाई तनवीर अहमद ने मामले में दूसरी तहरीर देते हुए शौहर राशिद के उकसाने पर जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पीने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने नए सिरे से मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बच्ची अरवीरा के शव को लेकर भी गुलशन के मायके व ससुराल पक्ष में विवाद की स्थिति है। फिलहाल बच्ची का शव ससुराल पक्ष के कब्जे में है, जिसे मायके पक्ष ने अपनी सुपुर्दगी में दिलाने की पुलिस से गुहार लगाई है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई होगी।
