News
खबरें अब तक...

समाचार

निःशुल्क योग साधना केंद्र का आयोजन
मुजफ्फरनगर। भारतीय योग संस्थान के निःशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीन लैंड माडर्न जू०हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में दक्षता क्लास का आयोजन किया गया जिसमें योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने आसन को ठीक प्रकार से करने तरीका बताया ताकि सभी साधक एवं साधिकाओं को योग साधना का पूरा पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि योग शिक्षक साधना कराते समय स्वयं आसन करने की चेष्टा न करे ।वह योग कक्षा में आए हुए प्रत्येक साधक व साधिका का ध्यान रखें और यदि कोई साधक या साधिका आसन को ठीक प्रकार से नहीं कर रहे हैं तो उनकी स्थिति ठीक कराने की कोशिश करें।हमारे पास लोग कोई न कोई रोग लेकर ही आता है और यदि उसने आसन ठीक प्रकार से नहीं किए तो उसे पूरा लाभ नहीं मिलेगा।एक आसन के अनेक लाभ है परन्तु शिक्षक को एक या दो लाभ ही बताने है ,शिक्षक को शिक्षक संहिता के अनुसार ही योग साधना कराए। केंद्र प्रमुख राजसिह पुण्डीर ने कहा कि योग साधना से जीवन में अनुशासन आता है।कार्य क्षमता में वृद्धि होती हैं।योग से जीवन सुखी बनता है । इस अवसर पर योगाचार्य सुरेन्द्र पाल सिंह आर्य ने सर्वांग आसन व मत्सय आसन करवाया जिसका प्रदर्शन जिला प्रधान पवन सिंह बालियान ने किया।इस अवसर पर यज्ञदत्त आर्य,पंकज तोमर,अमित कुमार,ऋषिपाल,प्रदीप गुप्ता,राम किशन सुमन,राजीव रघुवंशी,रेनु,रजनी,छवि रानी,गीता आदि काफी संख्या में साधक एवं साधिकाएं उपस्थित रहे।

 

शातिर लूटेरे गिरफ्तार1 Min 1 |
मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने मुठभेड में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हाथरस डिपो के बस के परिचालक से लूटा गया थैला, नकदी व अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।
नई मंडी थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि इंस्पैक्टर नई मंडी दीपक चर्तुवेदी, उपनिरीक्षक सुनील कसाना व धीरज सिंह तथा कां. बालकिशन व जोगेंद्र कुमार आदि के साथ भोपा रोड ओवरब्रिज के नीचे चैकिंग अभियान चलाये हुए थे तभी पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को देखकर उन्हे रोकना चाहा तो युवक पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए तीनों आरोपियो ंको दबोच लिया। उनके पास से एक तमंचा, कारतूस व दो चाकू बरामद हुए। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पकडे गये आरोपी तितावी थाना क्षेत्र के गांव नरोत्तमपुर माजरा निवासी नितिश उर्फ नीशू पुत्र अरविंद व आदेश उर्फ लाली पुत्र देवेंद्र व छपार थाना क्षेत्र के गांव दतियाना निवासी गौरव पुत्र अमित है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चार दिन पूर्व भोपा रोड पर हाथरस डिपो की बस के परिचालक राजकुमार से टिकट बिक्री की नकदी से भरा थैला लूट लिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गयी नकदी में से बीस हजार रूपये नकद, यूपी रोडवेज लिखा हुआ एक बैग, तीन टिकट रोल, पांच टिकट गड्डी, परिचालक का मार्गपत्र और परिचय पत्र तथा एक बैंक पासबुक बरामद की है। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने बताया कि पकडे गए अभियुक्त नितिश उर्फ नीशू पुत्र अरविन्द निवासी नरोत्तमपुर माजरा थाना तितावी के खिलाफ थाना नई मन्डी मे धारा 307, धारा 392 व धारा 3/25 ए एक्ट मे मुकदमा दर्ज है। अभियुक्त गौरव पुत्र अनिल निवासी दतियाना छपार के खिलाफ धारा 307,392 व धारा 4/25 एक एक्ट के तहत थाना नई मन्डी मे मुकदमा दर्ज है। सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने प्रेसवार्ता मे बताया कि अभियुक्त आदेश उर्फ लाली पुत्र देवेन्द्र निवासी नरोत्तमपुर माजरा के खिलाफ भी उपरोक्त धाराओ मे मुकदमा दर्ज है। बदमाशो को पकडने वाली टीम मे इंस्पैक्टर नई मन्डी दीपक चतुर्वेदी, सब इंस्पैक्टर सुनील कसाना, सब ंइंस्पैक्टर धीरज सिह, का.बालकिशन,का.जोगेन्द्र कुमार,एसओजी सब इंस्पैक्टर प्रवेश कुमार, का.सोनू शर्मा एस.ओ.जी.,का.हरवेन्द्र एस.ओ.जी.,का.जितेन्द्र एस.ओ.जी.,का.वकार, का.विनित, का.जोगेन्द्र एस.ओ.जी. शामिल रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया है।

मुजफ्फरनगर में भगतसिंह रोड पर बड़ा हादसा,कूड़े के ढेर में विस्फोट, कई लोग घायल2 Min |
मुजफ्फरनगर। कूडे के ढेर मे कैमिकल के विस्फोट से आसपास के कुछ दुकानदार घायल हो गया। इस हादसे पर कई दुकानदार व राहगीर एकत्रित हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन मे जुट गई।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के भगत सिह रोड दाल मंडी चौराहे पर कूडे के ढेर में कैमिकल मे हुए विस्फोट मे व्यापारी पंकज गोयल, प्रवीण गोयल, शिव भूषण आदि घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई तथा हादसे की छानबीन मे जुट गई। आसपास के दुकानदारो का कहना है कि दाल मंडी चौराहे पर बाजार के लगभग सभी दुकानदार कूडा डालते हैं। सम्भवतः किसी दुकान से डाले गए कूडे मे कैमिकल आदि के कारण यह विस्फोट हुआ है। गनीमत रही कि इस हादसे मे किसी को गम्भीर चोट नही आई। मौके पर पहुंचे अधिकारियो ने सब कुछ ठीक ठाक पाये जाने पर राहत की सांस ली।

 

हादसे में युवक घायल
खतौली। कार की चपेट मे आकर बाईक सवार युवक घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला बिददीवाडा निवासी विपुल गोयल बाईक द्वारा जानसठ तिराहे पर किसी काम से जाते वक्त मेरठ की और से आ रही कार की चपेट मे आकर घायल हो गया। जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी भिजवा तथा युवक के परिजनो को इस हादसे से अवगत कराया।

जहरीले पदार्थ का सेवन
तितावी। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसे परिजनो ने उपचार के लिए अस्पताल भिजवावा। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव नसीरपुर निवासी सौरभ नामक युवक ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराऐ परिजनो ने उक्त युवक को आनन-फानन मे उपचार के लिए निजी अस्पताल मे भर्ती कराया।

गिरकर घायल
शाहपुर। खेत से पशुओ के लिए चारा लाते वक्त एक युवक ट्राली से गिरकर घायल हो गया। जिसे उसके परिजनो ने उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। जानकारी के अनुसार शाहपुर क्षेत्र के गांव तावली निवासी फिरोज पुत्र नसीर आज सुबह अपने खेतो से पशुओ के लिए चारा लेने के लिए गया हुआ था। कि खेत से टै्रक्टर-ट्राली मे चारा लाते वक्त ट्राली का पहिया गडढे ेमे आ जाने पर ट्राली से गिरकर घायल हो गया। जिसे उसके परिजनो ने उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया।

श्रीमद्भागवत कथा का शुभारम्भ
मुजफ्फरनगर। श्रीमद भागवत कथा से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा मे 101 महिलाएं सिर पर कलश रख सम्मलित हुई। इस दौरान अनेक श्रृ़द्धालू महिला पुरूष मौजूद रहे। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानो के साथ कथा का विधिवत शुभारम्भ हुआ।
नई मन्डी भोपा रोड स्थित बचन सिह कालोनी गली न.2 मे श्रीमद भागवत कथा का कलश यात्रा का विधिवत शुभारम्भ हुआ। सरवट ग्राम प्रधानपति पं.श्री भगवान शर्मा ने बताया कि बचन सिह कालोनी की गली न.2 मे वृन्दावन निवासी कथा व्यास संत अमृतदेव योगीराज जी माहराज के मुखारविन्द से श्रीमद भागवत कथा की जा रही है। जो एक मार्च 2020 से 7 मार्च तक चलेगी तथा कथा के समापन अवसर पर 7 मार्च को विशाल भण्डारे का आयोजन होगा। ग्राम प्रधान श्री भगवान शार्म ने बताया कि कथा का समय दोपहर दो बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। कथा के शुभारम्भ से पूर्व आज सुबह बचन सिह कालोनी स्थित मंदिर प्रागण से कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें 101 श्रृद्धालू महिलाएं अपने सिर पर कलश धारन कर यात्रा मे सम्मलित हुई। कलश यात्रा के दौरान श्रीमद भागवत कथा के संयोजक ग्राम प्रधान सरवट श्री भगवान शर्मा सपत्निक अपने सिर पर श्रीमद भागवत धारण कर सम्मलित रहे। मंदिर प्रागण से प्रारम्भ होकर यह कलश यात्रा बैण्ड बाजो के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गो से होती हुई पुनः कथा स्थल पर पहुंच कर समाप्त हुई।
इस अवसर पर श्रीमद भागवत कथा के संयोजक पं.श्रीभगवान शर्मा, पं.सत्यपाल शर्मा, पं.हरपाल शर्मा,पं.सुरेश चन्द्र शर्मा, प्रमोद कौशिक,पं.समेन्द्र शर्मा,शुभम शर्मा, श्यामलाल, चन्द्रशेखर शर्मा अध्यक्ष ब्राहमण सभा, कमलेश शर्मा, नीरज शर्मा, रमेशचंद शर्मा, चौ. राजपाल, हरपाल, सोहनवीर, भवर सिंह, नरेंद्र उपाध्याय, विनय गोयल, सुरेश, रमेश, सत्यभानू शर्मा, रामपाल चौधरी, राजीव धीमान, मामचंद वर्मा, नेपाल सिंह, पवन गुप्ता, नीरज, धर्मपाल सिंह, संदीप एडवोकेट, संजय त्यागी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग व श्रृद्धालुगण मौजूद रहे।

संचारी रोग अभियान कार्यक्रम का आयोजन6 Min |
मुजफ्फरनगर। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने बुढ़ाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संचारी रोग अभियान कार्यक्रम का शुभारम्भ करने के साथ सीएचसी का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये तथा इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज दोपहर के समय बुढ़ाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से संचारी रोग कार्यक्रम के शुभारम्भ के लिए बतौर मुख्य अतिथि पहुंची डीएम सेल्वा कुमारी का मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्वागत किया। डीएम सेल्वा कुमारी ने बुढ़ाना स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये व ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर उनमे से अधिकतर समस्याओं का मौके पर निस्तारण कराया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान सीएमओ डा. प्रवीन चोपडा, एसीएमओ वीके सिंह, डीएमओ, सीएचसी प्रभारी डा. विक्रम सिंह, डा. गीताजंलि वर्मा आदि मौजूद रहे।

मंत्री कपिलदेव का किया स्वागत
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के हितों के प्रति समर्पित है सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गो किसान, मजदूर, छात्र तथा शिक्षकों आदि के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गयी है जिनका आमजन को लाभ मिल रहा है। मौहल्ला साकेत कालोनी के बसन्त विहार में स्थित अम्बेडकर भवन में आयोजित दलित सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि पधारे प्रदेश सरकार के मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उक्त उद्गार व्यक्त किये। इस दौरान मुख्य अतिथि कपिलदेव अग्रवाल का समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रुप सें वरिष्ठ नेता दलसिंह वर्मा,डा० महावीर सिंह,डा पुरुर्षात्तम,पूर्व सभासद राजकुमार सिद्वार्थ प्रमुख रुप से उपस्थित रहे

भव्य स्वागत हुआ
मुजफ्फरनगर। अन्तर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संयोजक डा. प्रवीण भाई तोगडिया का निजी कार्यक्रम में सम्मिलित होने पर कार्यक्रम में पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारी व हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अन्तर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संयोजक व फायर ब्रांड नेता डा. प्रवीन भाई तोगडिया आज संगठन के प्रांत संगठन मंत्री प्रमोद सैनी के भतीजे के लगन समारोह में खतौली क्षेत्र के गांव सिकन्दरपुर बडसू में शामिल हुए। जहां पहुंचने पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने डा. तोगडिया का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान हिंदूवादी नेता नरेंद्र पंवार, विहिप, शिवसेना व अन्य दलों के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

वृद्ध घायल
मुजफ्फरनगर। गली मे तेजगति के साथ निकली बाईक की चपेट मे आकर वृद्ध व्यक्ति घायल हो गया। जिसे उसके परिजनो ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जानकारी के अनुसार नई मन्डी पटेल नगर निवासी रामशरण सिंघल नामक बुजर्ग व्यक्ति दोपहर के समय अपने घर के बाहर गली मे धूप सेक रहा था कि इसी बीच गली मे तेजी के पहुंची बाईक की चपेट मे आकर उक्त व्यक्ति घायल हो गया। वहीं आरोपी युवक इस हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। बुजुर्ग द्वारा चिल्लाने पर परिजन व पडौसी मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन मे घायल रामशरण को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।

होली मिलन कार्यक्रम आयोजित
मुजफ्फरनगर। सैक्युलर फ्रन्ट मुजफ्फरनगर की और से देश की एकता,अखण्डता को समर्पित फूलो की होली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मे संगठन से जुडे पदाधिकारी व अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सैक्युलर फ्रन्ट मुजफ्फरनगर के तत्वाधान मे शहर गउशाला में जीवन के रंग,फूलो की होली के संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सैक्युलर फ्रन्ट के संयोजक गौहर सिददकी ने र्कार्यक्रम मे बतौर अतिथि पहुंचे वरिष्ठ व्यापारी नेता रेवती नन्दन सिंघल, संजय मित्तल, कृष्ण गोपाल मित्तल, बदरूज्जमा खान,सुशील सिल्लो आदि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम मे पधारे सभी अतिथियो ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए हर्षोल्लास व रंगो के त्यौहार होली को आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ मनाने व होली पर पानी व गुब्बारो की जगह सिफ्र गुलाल से होली खेलने की अपील की। इस दौरान व्यापारी नेता राकेश त्यागी,भूरा कुरैशी,मनोज वर्मा, बादल वमा आदि मौजूद रहे।

पति ने वायरल की पत्नी की अश्लील वीडियो, गांव में तनाव
मुजफ्फरनगर। कलयुगी पति ने पत्नी की अश्लील वीडियो वायरल कर दी। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। जानकारी के अनुसार, एक साल पहले आरोपी युवक गांव की ही पड़ोसी युवती को लेकर फरार हुआ था। कुछ दिनों बाद दोनों की बरामदगी होने के बाद समाज के लोगों ने दोनों का निकाह करा दिया था। निकाह के बाद से ही आरोपी पति पत्नी के संग मऊ जनपद में रह रहा था। लड़की के परिजनों का आरोप है कि आरोपी उनकी बेटी के साथ रोजाना मारपीट करता है।
पुलिस ने मामले की गम्भीरता समझते हुए आरोपी पति,उसके माता पिता और भाइयो पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर शुरू किए आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरु कर दिए हैं। परिजन मीरापुर थाना क्षेत्र के सम्भलहेड़ा निवासी हैं।

रहीमिया मस्जिद के सामने पुलिया टूटी, लोग परेशान
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खालापार में 40 फुटा रोड पर रहीमिया मस्जिद के सामने पुलिया टूटी हुई है। नगर पालिका वार्ड 46 सभासद मोहम्मद उमर वकील कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं ।वार्ड में आम जनता को परेशानी का सामना उठाना पड़ रहा है। अब तक बहुत से लोगों को पुलिया टूटने से चोट भी लगी है। साथ ही आने जाने वालों को बहुत परेशानी हो रही है। नगर पालिका सभासद मोहम्मद उमर वकील अपनी लापरवाही से वार्ड 46 में कोई काम नहीं कर रहे हैं।

राष्ट्रीय फैकल्टी डवलपमेंट कार्यशाला का आयोजन
मुजफ्फरनगर। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के इंजीनियरिंग विभाग के कम्प्यूटर सांइस एंड इंजीनियरिंग संकाय द्वारा 5 दिवसीय राष्ट्रीय फैकल्टी डवलपमेंट कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका शीर्षक जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) प्रोग्रामिंग यूजींग सी0यू0डी0ए0 (कंप्यूट यूनिफाइड डिवाइस आर्किटै्रक्चर) रहा। इस कार्यशाला के आयोजन कि लिए राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवम् अनुसंधान संस्थान (एन0आई0टी0टी0टी0आर0) चंडीगढ द्वारा श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज को विडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से इस फैकल्टी डवलपमेंट कार्यशाला को आयोजित करने के लिए रिमोट सैन्टर नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि डॉ0 एस0सी0 कुलश्रेष्ठ, चौयरमैन श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज द्वारा दीप प्रज्जवलित करके की गयी।
इस कार्यशाला के दौरान विभिन्न मुद्दो पर चर्चा की गयी जैसे सी0यू0डी0ए0 (कंप्यूट यूनिफाइड डिवाइस आर्किटै्रक्चर) और एनविडिया जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) को कई क्षेत्रों में अपनाया गया है जिन्हे उच्च फ्लोटिंग पॉइंट कंप्यूटिंग प्रदर्शन की आवश्यकता होती है जैसे- कम्प्यूटेशनल वित्त, जलवायु, मौसम और महासागर मॉडलिंग एवं डीप लर्निंग इत्यादि। इस कार्यशाला के दौरान पहले दिन प्रो0 श्रीनिवास के0जी0 एवं प्रो0 श्रीनिधी एच0 ने जी0पी0यू0 प्रोग्रामिंग एवं उवके प्रायोगिक अनुप्रयोग के बारे में विस्तार से बताया, दूसरे दिन प्रो0 विपिन भटनागर एवं प्रो0 वरूण गुप्ता ने सी0यू0डी0ए0 (कंप्यूट यूनिफाइड डिवाइस आर्किटै्रक्चर) आधारित हाई प्रफॉमेंस कंप्यूटिंग एवं उसके अनुप्रयोगों के बारे मे जानकारी दी। तीसरे दिन प्रो0 श्रीनिवास के0जी0 एवं प्रो0 वरूण गुप्ता ने एडवान्स जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) एवं जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) आधारित डीप लर्निंग के बारे में समझाया चौथे दिन प्रो0 सुरूती ने पाईथन आधारित जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) प्रोग्रामिंग की बारिकों को समझाया एवं अन्तिम दिन प्रो0 सिद्वेश जी0एम0 ने जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) वेलिडेशन एवं इसपर आधारित अनुप्रयोगों के तथ्यों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष प्रो0 पवन कुमार गोयल ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सी0यू0डी0ए0 (कंप्यूट यूनिफाइड डिवाइस आर्किटै्रक्चर) एक सामानांतर कंप्यूटिंग प्लेटफार्म और प्रोग्रामिंग मॉडल है। जिसे एनविडिया द्वारा अपने स्वंय के जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) पर सामान्य कंप्यूटिंग के लिये विकसित किया गया है। सी0यू0डी0ए0 (कंप्यूट यूनिफाइड डिवाइस आर्किटै्रक्चर) डेवलपर्स को कंप्यूटेशन के सामानांतर हिस्से के लिये जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) की शक्ति का उपयोग करके गहन अनुप्रयोगों को गति देने में सक्षम बनाता है।
इस कार्यशाला मे विभिन्न संस्थानों के अनेकों संकायों के शिक्षको ने भागीदारी की। इस अवसर पर संस्थान निदेशक डा0 आलोक गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जी0पी0यू0 (ग्राफिक प्रोसेसिंग यूनिट) को कई क्षेत्रों मे अपनाया गया है जैसे- रक्षा क्षेत्र, विनिर्माण एवं वास्तु कला क्षेत्र, मीडिया और मनोरंजन, चिकित्सा इमेजिंग, तेल एवं गैस इत्यादि।
डॉ0 एस0सी0 कुलश्रेष्ठ, चौयरमेन श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज ने राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवम् अनुसंधान संस्थान (एन0आई0टी0टी0टी0आर0) चंडीगढ के प्रो0 श्रीनिवासा के0जी0 डिपार्टमेंट ऑफ इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट एंड कॉर्डिनेशन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के लिए श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलिजेज का चुना जाना निश्चित रूप से हमारे लिए गौरव का विषय है। इस प्रकार के कार्यक्रमों से श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के शिक्षको एवम् छात्रों के तकनीकि ज्ञान मे निश्चित वृद्धि होगी।
इस अवसर पर डीन-एकेडिमिक प्रो0 साक्षी श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों की प्रतिभागिता पर उनको आभार प्रकट किया एवं राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवम् अनुसंधान संस्थान (एन0आई0टी0टी0टी0आर0) चंडीगढ के विशेषज्ञो का विशेष आभार प्रकट किया।
कार्यशाला को सफल बनाने में कम्प्यूटर सांइस एडं इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो0 पवन कुमार गोयल एवं अध्यापकगण देवेश मलिक, रवि कुमार, अकुंर रोहिला, रूचि राय, आदित्य सैनी, प्रीयम त्यागी का विशेष योगदान रहा।

उपद्रव में शामिल लोगों के लाइसेंसी हथियार होंगे निरस्त
मुजफ्फरनगर। जिला प्रशासन उपद्रव में शामिल रहे लोगों के खिलाफ हर तरह की कार्रवाई कर रहा है। 20 दिसंबर के उपद्रव में शामिल होने वाले चार लोगों के हथियारों के लाइसेंस निरस्त करने के लिए सिविल लाईन और कोतवाली पुलिस ने डीएम को अपनी रिपोर्ट भेजी है।
लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया में डीएम के यहां इन लोगों की सुनवाई चल रही है। सीएए के विरोध में 20 दिसंबर को हुए उपद्रव में शहर में एक युवक की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। वाहनों और दुकानों में आग लगाई गई। पुलिस पर भी हमला हुआ, घायलों में पुलिस के अधिकारी भी शामिल थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने उपद्रवियों से ही वसूली को लेकर कार्रवाई की। सिविल लाईन थाना क्षेत्र के 53 उपद्रवियों से वसूली के आदेश एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने किए हैं। पुलिस ने चार ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया है, जिनके पास लाइसेंस हैं और वह उपद्रव में शामिल रहे। इनके पिस्टल, रायफल और बंदूक का लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट दी गई है।
ऐसे तीन लोग सिविल लाईन थाने के हैं और एक शहर कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस की रिपोर्ट के बाद मामला डीएम सेल्वा कुमरी जे के न्यायालय में चल रहा है। डीएम ने आरोपियों के पक्ष की सुनवाई भी की है। मामला अभी विचाराधीन है।

भारी वाहनों की आवाजाही से लग रहा जाम
भोपा। सिखेड़ा गंग नहर पुल के क्षतिग्रस्त होने से भोपा-मुजफ्फरनगर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बढ़ती जा रही है। जहां ओवरलोड वाहनों के गुजरने से गंग नहर के पुराने पुल पर खतरा मंडरा रहा है। वहीं जाम से हालात खराब हैं। शनिवार को हुई बारिश के दौरान कई किलोमीटर तक जाम लगा रहा।
भोपा-मोरना मार्ग पर पिछले तीन दिनों से भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। नहर पुल पर दो वाहनों के बराबर आ जाने से लंबा जाम लग गया जिसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने खुलवाया। इसके बाद फिर लगभग दो बजे जाम लग गया। शाम चार बजे तो हालात खराब हो गए। करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। जाम से हर व्यक्ति हलकान रहा। जाम के कारण करीब एक घंटे तक तीन एंबुलेंस फंसी रहीं, जिनमें से दो एंबुलेंस में मरीज थे जबकि तीसरी एंबुलेंस मरीज को लेने के लिए जा रही थी। राहगीरों एवं ग्रामीणों ने पुलिस के सहयोग से तीनों एंबुलेंस को जाम से निकलवाया।

4 मार्च को जनपद में आएंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 4 मार्च को मुजफ्फरनगर पहुंचेगी। सुबह 9 बजे उनका हैलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा। उसके बाद वे पुरकाजी गौशाला, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण करेगी।
जिला अस्पताल व शहर कोतवाली में निरीक्षण के बाद राज्यपाल विकास भवन में केन्द्र सरकार की योजनाओं के संबंध में अधिकारियों से समीक्षा बैठक भी करेगी। जिला प्रशासन ने उनके प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी शुरु कर दी है। 4 मार्च को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का हैलीकॉप्टर पुलिस लाइन में सुबह 9 बजे उतरेगा। पुलिस लाइन में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी उनका स्वागत करेगे। प्रस्तावित कार्यक्रम में वे पुलिस लाइन से कार के द्वारा लगभग सवा दस बजे पुरकाजी पहुंचेगी। पुरकाजी में स्थित गौशाला का निरीक्षण करने के पश्चात फलौदा में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व आंगनवाडी केन्द्र का निरीक्षण करेगी। लगभग सवा 11 बजे वे बरला में स्थित प्राइमरी पाठशाला का निरीक्षण करने के पश्चात जिला अस्पताल पहुंचेगी। यहां से वे शहर कोतवाली और उसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंचेगी। दोपहर लगभग ढाई बजे वे विकास भवन में केन्द्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा बैठक करेगी। विकास भवन में वे नमामि गंगे योजना, मुद्रा योजना, व जैविक खेती किसानों एव स्वय सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात करेगी। लगभग सवा 4 बजे वे पुलिस लाइन से हैलीकॉप्टर के जरिये वापस रवाना होगी।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20960 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

14 − 1 =