News
खबरें अब तक...

समाचार

रेप का प्रयास करने वाले युवक की सरिये से पीटकर हत्या1 Min 13 |
मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के गांव अंतवाडा में घर में घुसकर किशोरी से रेप का प्रयास करने वाले युवक की किशोरी के ताऊ ने पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतवाडा निवासी संजय (25) देर रात्रि शराब पीकर गांव के ही मांगेराम के घर में घुस गया। संजय ने मांगेराम की भतीजी को बुरी नियत से दबोच लिया। किशोरी के शोर मचाने पर परिवार में जाग हो गयी। मांगेराम ने संजय को पकडना चाहा तो वह चाकू दिखाकर मौके से भाग गया। मांगेराम ने संजय का पीछा किया और उसके घर तक जा पहुंचा। गुस्से में मांगेराम ने संजय की सरिये से पिटाई कर दी जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में संजय अपने घर में गया जहां उसकी मोत हो गयी। घटना का पता आज सवेरे चला जिससे सनसनी फैल गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मांगेराम को गिरफ्तार कर लिया और संजय के शव को परीक्षण के लिए भेज दिया

 

एसएसपी से की कार्यवाही की मांग3 Min 10 |
मुजफ्फरनगर। साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट ने पीडित पक्ष़्ा की समस्या के समाधान के लिए एसएसपी कार्यालय पहुंच कर शिकायती सौंपते हुए मामले की छानबीन करा उचित कार्यवाही की मांग की।
साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष शालू सैनी के नेतृत्व मे कचहरी स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंच पदाधिकारियो ने एसएसपी अभिषेक यादव के नाम सौपे गए शिकायती पत्र मे अवगत कराया कि जानसठ के गांव कवाल निवासी मांगेराम सैनी का शव विगत 8 अगस्त 2020 को पडोस के मकान मे मिला था। परिजनो का आरोप है कि मृतक की पत्नी व उसके परिजनो की कुछ नेताओ से अच्छी जान पहचान है। मृतक मांगेराम के परिजनो का आरोप है कि इस मामले मे उनकी सुनवाई नही हो रही है। साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष शालू सैनी के नेतृत्व मे एसएसपी अभिषेक यादव से मिले परिजनो को एसएसपी ने आश्वस्त किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियो के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान क्रान्तिकारी शालू सैनी, राजू सैनी, संदीप सैनी, निक्की त्यागी, स्नेहलता चौधरी, सुनीता शर्मा,रीना शर्मा,शीतल बालियान आदि मौजूद रहे।

हादसे में मासूम गंभीर रूप से घायल4 Min 8 |
ककरौली। अनियन्त्रित कार के बिजली के खंबे से टकरा जाने पर कार सवार मासूम बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बेहडा सादात निवासी वसीम आल्टो कार द्वारा अपने परिवार के साथ जानसठ की और जा रहा था कि कार सवार ये सभी लोग जैसे ही ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खाईखेडा की घटना के समीप पहुंचे कि इसी बीच उनकी कार अनियन्त्रित होकर बिजली के खंबे से जा टकराई। बताया जाता है कि इस दौरान कार मे अगली सीट पर बैठे वसीम के करीब 8 वर्षीय बेटे ने कार का हैंड ब्रेक खींच दिया। इस हादसे मे कार अनियंत्रित होकर खम्बे से टकरा गई। बताया जाता है कि इस हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणो की मदद से कार मे फसे बच्चे को किसी प्रकार क्षतिग्रस्त कार से निकलवा कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

 

डोडा पाउडर के साथ पकडा
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पर उ0नि0 राघवेन्द्र सिंह चोहान द्वारा अभियुक्त दानिश पुत्र अली अहमद निवासी ग्राम मिमलाना थाना को0नगर जनपद मु0नगर को संगम होटल के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 03 कि0 300 ग्राम डोडा पाउडर बरामद किया गया।

चाकू सहित दबौचा
मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पर उ0नि0 वीरसिंह द्वारा अभियुक्त सोनू पुत्र समसू निवासी रजवाहा वाला मौहल्ला मौहल्ला पुठ्ठी इब्राहिमपुर थाना रामराज जनपद मुजफ्फरनगर को रामराज नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 चाकू नाजायज बरामद किया गया।

शान्ति भंग में किया चालान
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर रहे युवक को गिरफ्तार कर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गहरा बाग निवासी अकरम पुत्र मौ. असलम रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर रहा था। हंगामा होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके गिरफ्तार कर लिया और उसका शांतिभंग में चालान कर दिया।

 

किसानों को मुआवजा दिये जाने को लेकर की चर्चा
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन की एक वेबीनार जूम एप पर राष्ट्रीय राजमार्ग ५८ व पानीपत-खटीमा को लेकर सम्पन्न हुई। जिसमें एनएच-५८ के किसानों को मुआवजे में हुई त्रुटि का लाभ दिए जाने, खतौली बाईपास पर बस स्टैण्ड का निर्माण, भैंसी से अपरोच रोड बनाये जाने, बचे हुए किसानों को मुआवजा दिये जाने आदि विषयों पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग-५८ के परियोजना निदेशक ने बताया कि खतौली बाईपास का निर्माण कार्य जारी है। बचे हुए अवशेष कार्य जल्द से जल्द शुरू कराये जायेंगें। बस स्टैण्ड के लिए स्थल का चयन कर लिया गया है। जिनका निर्माण कार्य १५ दिन के अन्दर शुरू करा दिया जायेगा। पानीपत-खटीमा मार्ग पर किसानों को फसलों के नुकसान का मुआवजा दिये जाने, पीन्ना के किसानों को अकृषि भूमि के दर से मुआवजा दिये जाने, समसपुर को नसीरपुर के बराबर मुआवजा दिये जाने व अवार्ड में हुई त्रुटि को संशोधित किये जाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इस सम्बन्ध में स्थलीय निरीक्षण के आधार पर रिपोट तैयार करने पर सहमति देते हुए समस्याओं के समाधान किये जाने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, वीके चतुर्वेदी परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग-५८, एस०के० मिश्रा परियोजना निदेशक पानीपत-खटीमा मार्ग, चौ० राकेश टिकैत प्रवक्ता भारतीय किसान यूनियन, राजू अहलावत मण्डल महासचिव, धर्मेन्द मलिक मौजूद रहे।

अंजु अग्रवाल ने धार्मिक कार्यक्रम में की शिरकत5 Min 10 |
मुजफ्फरनगर। धार्मिक कार्यक्रम एवं अनुष्ठानो मे सम्मलित होने से आत्मिक शान्ति मिलती है। धार्मिक आयोजनो मे बढचढ कर हिस्सा लेकर धर्म लाभ उठाना चाहिए। नगर के द्वारकापुरी स्थित श्री राम दरबार मे चल रहे 55 वें उत्सव मे बतौर मुख्य अतिथि पहुंची पालिकाध्यक्ष श्रीमति अंजू अग्रवाल ने पूरे विधि विधान से धार्मिक कार्यक्रमो मे हिस्सा लिया तथा आरती मे शामिल हुई। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष अंजू अग्रवाल ने कहा कि धर्मकर्म तथा धार्मिक कार्यक्रमो मे सम्मलित होने से आत्मिक शांति प्राप्त होती है। कार्यक्रम मे पहुंचने पर श्रीराम दरबार के अध्यक्ष पंडित रामदेव शर्मा द्वारा पालिका अध्यक्ष का आभार प्रकट किया गया। इस दौरान कई गणमान्य लोग व श्रृद्धालुगण मौजूद रहे।

अधिशासी अधिकारी ने दुकानों का निरीक्षण किया6 Min 11 |
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजिस्टर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल द्वारा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्री विनय मणि त्रिपाठी को नगर पालिका की गर्बी स्कूल के पास स्थित मार्केट की दुकानों का निरीक्षण एवं गरबी स्कूल के पीछे ५० वर्षों से बने नाले का निरीक्षण कराया गया एवं उनको बताया गया कि यह नाला ५० वर्षों से नहीं बना है और ना ही इसकी सफाई होती है एवं उनको नगर पालिका की दुकानों में जो कि बहुत ही जर्जर स्थिति में हो गई हैं उनका भी निरीक्षण कराया गया अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनय त्रिपाठी द्वारा जल्द ही नाले का निर्माण कराने व दुकानों की मरम्मत व सड़क पर हो रहे गड्ढों का पैच वर्क कराने की बात की गई एवं संबंधित विभागों को मौके पर ही कार्य करने के निर्देश दिए गए इस दौरान नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी, भीम बालियान,भूरा कुरैशी, सुशील कुमार,प्रदीप गुप्ता, पंकज जैन,तरुण मित्तल,शिव कुमार सिंघल,अमन,अर्चित गुप्ता,अशोक कुमार आदि व्यापारी उपस्थित रहे।

 

तमंचा व कारतूस सहित दबौचा
भोपा। थाना भोपा पर उ0नि0 अक्षय खारी द्वारा दौराने पुलिस कार्यवाही के अभियुक्त रणवीर पुत्र चरणसिंह निवासी ग्राम मजलिशपुर तौफिर थाना भोपा जनपद मु0नगर को जगंल ग्राम ग्राम मजलिशपुर तौफिर से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 देशी बन्दूक मय 01 जिन्दा व 01 खोखा कारतूस 12 बोर बरामद किया गया।

वांछितों को पकडा
मुजफ्फरनगर। महिला थाना पर उ0नि0 अजयपाल सिंह द्वारावांछित अभियुक्त नौशाद पुत्र यूनुस निवासी गली न0-05 महमूद नगर थाना सिविल लाइन जनपद मु0नगर को कचहरी गेट से गिरफ्तार किया गया।

बिजली गिरने से ट्रांसफार्मर में लगी आग
मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा क्षेत्र के गंग नहर चितौड़ा झाल पर पावर हाउस के बाहर स्थित बिजलीघर में आसमान से बिजली गिरने से पांच एमवी के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग ने इतना भयंकर रूप ले लिया कि मौके पर फायर बिग्रेड की कई गाड़ियां बुलानी पड़ी। इसके बाद विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं विद्युत विभाग के जेई प्रवीण कुमार ने बताया कि पांच एमवी का ट्रांसफार्मर था, जो डेढ़ किलो मेगा वाट विद्युत आपूर्ति करता था। उन्होंने बताया कि इससे सलावा बिजलीघर को सप्लाई की जाती थी। आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान होना बताया गया है।

 

हादसों में कई घायल
मुजफ्फरनगर। अलग-अलग सडक हादसो मे कुछ लोग घायल हो गए। जिन्हे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार जानसठ के मौहल्ला किल्ली दरवाजा निवासी सादिक आज सुबह मीरापुर के कैथोडा मे किसी काम से जा रहा था कि जैसे ही वह कैथोडा के समीप पहुंचा कि इसी बीच वह मीरापुर जा रही प्राईवेट बस की चपेट मे आकर घायल हो गया। जिसे कुछ ग्रामीणो ने उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। चरथावल के मौहल्ला मुर्दा पटटी निवासी रिजवान अपने छोटे भाई के साथ स्कूटी द्वारा कुटेसरा से लौटते वक्त थाना भवन रोड पर राहवाहे की पटरी के समीप सरिये से लदी टै्रक्टर-ट्राली की चपेट मे आकर घायल हो गया। घायल युवक के परिजनो ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया। नगर के मौहल्ला गांधी कालोनी सुभाष नगर निवासी संजीव छाबडा सरवट फाटक के समीप सडक हादसे मे घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। एक अन्य हादसे के तहत मौहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी शीला पत्नि बालकिशन अपने घ्ज्ञ से बाजार जाते वक्त बाईक की चपेट मे आकर घायल हो गई। घायल महिला के परिजनो ने उसे उपचा के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।

जहरीले पदार्थ का सेवन किया
शाहपुर। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक के परिजनो ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सूत्रो के अनुसार क्षेत्र के गांव सौरम निवासी विपिन ने अज्ञात कारणो के चलते घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराए परिजनो ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल भिजवाया।

आमने-सामने की भिडंत मे दो घायल
ककरौली। दो बाईको के बीच हुई आमने-सामने की भिडंत मे दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव बेहडा सादात मे ककरौली मार्ग पर आज दोपहर के वक्त दो बाईको के बीच भिडंत हो गई। इस हादसे पर मौके पर एकत्रित ग्रामीणो ने घायलो के परिजनो को इसकी सूचना देने के साथ दोनो घायलो को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

 

25 अगस्त तक कर सकते है आवेदन
मुजफ्फरनगर। दिव्यांगजन को निःशुल्क मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान किये जाने का प्राविधान है। नियमावली में प्रदत्त नियमों के अनुसार पात्र एवं इच्छुक दिव्यांगजन अपना आवेदन दिनांक २५.०८.२० तक कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, मुजफ्फरनगर में जमा कर सकते हैं।
निःशुल्क मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल योजना हेतु नियम एवं शर्ते निम्नवत है-ऐसे दिव्यांगजन जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेबल पल्सी, हीमोफीबिया आदि से ग्रसित हो या व्यक्ति उपर्युक्त की भांति शारीरिक स्थिति में हो उनकी दृष्टि अच्छी हो, मानसिक स्थिति अच्छी हो, कमर से ऊपर का हिस्सा स्वस्थ हो, दिव्यांगजन मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उपकरण का संचालन करने में सक्षम हो व मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा उसकी दिव्यांगता न्यूनतम ८० प्रतिशत या उससे अधिक हो।
नियमावली के अनुसार प्रत्येक दिव्यांगजन को मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल के वास्तविक मूल्य का अधिकतम २५०००/- का अनुदान प्रति दिव्यांगजन को देय होगा, यदि मोटराईज्ड ट्राईसाइकिल की कीमत रू २५०००/- से अधिक है तो अतिरिक्त धनराशि का प्रबन्ध स्वयं दिव्यांगजन को करना होगा, जिसकी भरपाई मा० सांसद निधि, मा० विधायक निधि या सी०एस०आर० के माध्यम से की जा सकती है।
ऐसे दिव्यांगजन जिनकी आयु १६ वर्ष या १६ वर्ष से अधिक है एवं जनपद के स्थायी निवासी हैं।
ऐसे दिव्यांगजन या उनके परिवार की समस्त श्रोतों से वार्षिक आय रू १८००००/- से अधिक नही है (तहसील द्वारा निर्गत आय प्रमाण पत्र के अनुसार)
ऐसे दिव्यांगजन जो हाईस्कूल या उच्चतर कक्षाओं में अध्ययनरत हैं, को वरीयता दी जायेगी, जिसके संबंध में संस्थान के संस्थाध्यक्ष द्वारा प्रदत्त प्रमाण पत्र कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
दिव्यांगजनों को प्रथम आवक प्रथम पावक के सिद्धान्त पर लाभान्वित किया जायेगा। पात्र दिव्यांगजन को यू०डी०आई०डी० प्रमाण पत्र कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
जनपद स्तर पर गठित तकनीकी समिति द्वारा शारीरिक स्थिति की सक्षमता का भौतिक परीक्षण होने के उपरान्त पात्र पाये जाने पर अनुमोदन समिति द्वारा अनुमोदनोपरान्त कार्यवाही की जायेगी।
संलग्नकों का विवरण-दिव्यांग प्रमाण पत्र ८० प्रतिशत या उससे अधिक का हो, मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा निर्गत किया गया हो।
आय प्रमाण पत्र वार्षिक आय १८००००/-से अधिक न हो, जो तहसील द्वारा निर्गत किया गया हो।
मूल निवास प्रमाण पत्र।
विद्यार्थी वर्ग हेतु हाईस्कूल का शैक्षिक प्रमाण पत्र,।
आवेदक अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जन जाति का है तो जाति प्रमाण पत्र।
यूनिक आई० डी० कार्ड।
आधार कार्ड/अन्य प्रमाण पत्र।
दिव्यांगता दर्शाता हुआ एक पासपोर्ट साईज का नवीनतम फोटोग्राफ।

2022 की तैयारी में जुट सपाई8 Min 10 |
खतौली। समाजवादी पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन ने बताया कि सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट जनपद में सपा संगठन को मिशन २०२२ की तैयारी व मजबूती को लेकर अभियान चलाए हुए है आज इसी क्रम में खतौली पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी ने पार्टी के निष्ठावान जुझारू सपा कार्यकर्ता इरशाद जाट को सपा नगर अध्यक्ष खतौली नियुक्त करते हुए उनको जल्द मजबूत नगर कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए। समाजवादी पार्टी जिला कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल, सपा नेता इमरान सिद्दीकी,इरशाद गुर्जर,पंकज सैनी, हाजी इकबाल,वसीम अहमद सपा के खतौली विधानसभा अध्यक्ष सत्यदेव शर्मा,सपा अल्पसंख्यक सभा जिलाध्यक्ष डॉ नूर हसन सलमानी,डेनिश मिर्जा,यूसुफ गौर,दिलनवाज सलमानी की मौजूदगी में इरशाद जाट को खतौली नगर अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी सौंपी गई।

 

 

भगवान श्रीकृष्ण की छठी उत्सव मनाया
मुजफ्फरनगर। कोविड-19 के अन्तर्गत लॉकडाउन जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सोशल डिस्टेन्स व मास्क का प्रयोग करते हुए शिव मन्दिर प्रांगण एस0डी0 मार्किट में एक सभा छठीं के उपलक्ष में मण्डलाध्यक्ष एली0 डॉ0 एम0एल0 गर्ग की अध्यक्षता में सम्पन्न की गई। जिसमें मण्डल सचिव का कार्यभार एली0 निधिशराज गर्ग जी द्वारा संभाला गया। इस सभा में मुख्य अतिथि एली0 देवराज पवांर-रीता पवांर व एली0 अजय स्वरूप बंसल-चारू बंसल रहे। कार्यक्रम चेयरमैन व संयोजक एली0 मुकेश बिन्दल-अचला बिन्दल, एली0 अचिन कंसल-सलोनी कंसल रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीकृष्ण पूजन से हुआ। सभी अतिथियों का माला पटके से सम्मान किया गया। सभी के द्वारा शिव आरती की गई तथा ईष्ट देवों को माला पटके से सम्मानित किया गया। मन्दिर संस्थापक भी उपस्थित रहे। अतिथियों को समृति चिन्ह से सम्मानित
किया गया। अन्तर्राष्ट्रीय कमेटी चेयरमैन एली0 सुधीर कुमार गर्ग द्वारा आरती का शुभारम्भ किया गया तथा एली0 डॉ0 आर0के0 सिंह-अलका सिंह, एली0 मुकेश बिन्दल, एली0 आशुतोष स्वरूप बंसल, एली0 देवराज पवांर द्वारा आरती का आनन्द लिया गया। भोग प्रसाद के पश्चात सभी बाजारवासियों को चरणामृत के साथ गोले का प्रसाद वितरित किया गया तथा हलवा बर्फी और लड्डू का सभी को प्रसाद वितरण किया गया। मुख्य अतिथि एली0 देवराज पवांर व एली0 अजय स्वरूप बंसल अपने भाषण में श्रीकृष्ण छठीं का जिक्र करते हुए सभी साथियों को शुभकामनाएॅ प्रेषित की गयी। सहयोगी सदस्य एली0 राजीव कुमार गर्ग, एली0 अनुराग सिंघल,
एली0 विश्वदीप गोयल, एली0 अजय गर्ग, एली0 डॉ0 अमित वर्मा, एली0 मोनिका वर्मा, एली0 डॉ0 सपना गर्ग, एली0 रजनी पवांर, एली0 अनिल कुमार वर्मा, एली0 निशा रानी वर्मा, एली0 अनिल शर्मा, एली0 विशाल शर्मा सभी साथी उपस्थित रहे।

 

अवैध प्लाटिग रोकने पहुंची टीम, नोटिस लगाया
मुजफ्फरनगर। शहरी क्षेत्रों में अपनी जमीनों पर मनमानी तरीकों से प्लाटिग करने वालों पर कार्रवाई के लिए प्राधिकरण अधिकारी नींद से जाग गए हैं। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की टीम ने शामली रोड पर कुछ प्लॉट को बिना मानचित्र बनवाए काटे जाने पर कार्रवाई करते हुए नोटिस चस्पा किया है। शहर में अवैध प्लॉटिग का बड़े स्तर पर खेल चल रहा है। जानसठ रोड और भोपा रोड पर कई स्थानों पर अंदर की तरफ अवैध प्लाटिग और अवैध निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। इसके बावजूद प्राधिकरण अधिकारियों को भनक तक नहीं लग रही है। विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कॉलोनियों में चक्कर काटकर विभागीय निगरानी की औपचारिकता निभाते हैं। इसकी जानकारी प्राधिकरण सचिव को लगने के बाद बुधवार को अवैध प्लाटिग रोकने के लिए कार्य शुरू किया गया। प्राधिकरण सचिव महेंद्र कुमार के नेतृत्व में नगर कोतवाली पुलिस के साथ एमडीए के अधिकारी शामली रोड स्थित कॉलोनी में बिना तलपट मानचित्र स्वीकृत कराए बिना चल रही प्लाटिग पर रोक लगा दी है। वहां नोटिस चस्पा कर ग्राहकों को उक्त प्लाटिग के प्रति जागरूक किया गया है।

 

मनोरागी किशोर के साथ कुकर्म
मुजफ्फरनगर। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने भोपा से मनोरागी किशोर को रेस्क्यू किया है। टीम को लिखित सूचना मिली थी कि किशोर के साथ आठ दिन पहले कुकर्म किया गया है। प्रत्यक्षदर्शी ने भोपा थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन एक सप्ताह तक कार्रवाई नहीं होने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई। किशोर को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया, जिसके बाद उसका कोरोना टेस्ट कराया गया। आयु परीक्षण के बाद आंतरिक चिकित्सीय परीक्षण भी हुआ। चाइल्ड हेल्पलाइन की डायरेक्टर पूनम शर्मा को लिखित शिकायत मिली थी कि भोपा में एक मनोरोगी किशोर के साथ कुकर्म की घटना हुई है। शिकायत मिलने के बाद के बाद भोपा पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन टीम किशोर को साथ ले आई और बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। बाल कल्याण समिति ने उसका कोरोना टैस्ट कराने, आयु परीक्षण और आंतरिक परीक्षण कराने का आदेश दिया। इसके बाद जिला चिकित्सालय में उसके सभी टेस्ट कराए गए। जिला प्रोबेशन अधिकारी मुशफेकिन ने बताया कि किशोर के साथ आठ दिन पहले कुकर्म किए जाने की लिखित में शिकायत आई है। बाल कल्याण समिति पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। कोरोना की रिपोर्ट आने के बाद उसे मेरठ के बालगृह भेजा जाएगा। यह किशोर मंदबुद्धि है, इसकी आयु लगभग 15 साल हैं। गांव के लोग ही इसे खाना आदि दे देते थे।

पीर खुशहाल के परिजनों से कब्जामुक्त होगी वन विभाग की भूमि
मुजफ्फरनगर। भोपा थानाक्षेत्र के गांव बिहारगढ़ में वन विभाग की भूमि को पीर खुशहाल के परिजनों से मुक्त कराने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने डीएम को पत्र लिखा है। पट्टे की अवधि वर्ष 2005 में समाप्त हो चुकी है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को से मामले की पत्रावली तलब की है। वहीं वन विभाग ने देर शाम को उक्त जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए बोर्ड लगा दिया है।
केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे को भेजे गए पत्र में बताया कि भोपा थाना क्षेत्र के गांव बिहारगढ़ में वर्ष 1975 में वन विभाग द्वारा खसरा नंबर 353,354 की 6.62 हेक्टेयर जमीन सूफी मोहम्मद खुशहाल पुत्र बहादुर खां को पट्टे पर दी गई थी। पट्टे की अवधि 31 दिसंबर 2005 को समाप्त हो गई थी। पट्टाधारक पीर खुशहाल की भी मृत्यु हो चुकी है और हाईकोर्ट से भी पीर खुशहाल के परिजन मुकदमा हार चुके हैं। बावजूद इसके पीर खुशहाल के परिजनों ने उक्त जमीन को खाली नहीं किया है। इससे पूर्व भी कई बार वन विभाग व पुलिस अधिकारी वहां पर नोटिस चस्पा कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री के पत्र का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित पत्रावली तलब की है।
               सैकड़ों बीघा भूमि पर बना है रिहायशगाह, मस्जिद व चिल्लागाह
वन विभाग की भूमि पर मरहूम खुशहाल मियां द्वारा रहने के लिए रिहायशगाह, मस्जिद और चिल्लागाह बना है। इसके अलावा पीर साहब व बाबा भूरे बाबा की मजार बनी हुई है। इसके अलावा दूर दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों के रहने ठहरने के लिए अनेक कमरे बनाए गए हैं। इसके अलावा कई बीघा भूमि पर खेती बाड़ी होती है।
हरकत में आया वन विभाग
केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान की ओर से डीएम को पत्र भेजने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। डीएम के निर्देश पर वन विभाग ने उक्त जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए बोर्ड लगा दिया है। हालांकि उक्त जमीन को खाली कराने के लिए पूर्व में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रयास किए, लेकिन हर बार कदम पीछे खींचने पड़े थे।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 21005 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × 5 =