समाचार
तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना जानसठ पर नियुक्त उ0नि0 अवधेश शर्मा द्वारा अभियुक्त अरशद जैदी पुत्र अरशाद निवासी मौहल्ला जुम्मा कस्बा थाना जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर को ढासरी गेट से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 जिन्दा कारतूस 12 बोर बरामद किया गया।
मुजफ्फरनगर। थाना जानसठ पर नियुक्त उ0नि0 अमरपासल शर्मा द्वारा अभियुक्त सौराज पुत्र चन्दभान निवासी नयांगांव फैजाबाद थाना जानसठ जनपद मु0नगर को ग्राम तिसेग पूलिया से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तो के कब्जे से 34 पव्वे देशी नाजायज शराब तोफा मार्का को बरामद किया गया।
ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
मंसूरपुर। ट्रेन की चपेट मे आकर करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। दिन निकलने के साथ हुए इस हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मंसूरपुर थाना क्षेत्र के घासीपुरा बेगराजपुर रेलवे अंडरपास के समीप सुबह करीब 5 और 6 बजे के बीच ट्रेन की चपेट मे आ जाने से उक्त बुजुर्ग की हादसे के तहत मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे पर मौके पर एकत्रित ग्रामीणो ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वहां मौजूद भीड की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया तो मृतक की पहचान जयप्रकाश पुत्र समय सिंह उम्र करीब 75 वर्ष निवासी के रूप मे हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
सडक हादसे में युवक की मौत
सिखेडा। सडक हादसे मे युवक की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से परिवारजनो मे कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव सिखेडा निवासी साजिद नामक युवक आज सुबह बाईक द्वारा जानसठ रिश्तेदारी मे जा रहा था कि जानसठ रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट मे आ जाने से उक्त युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दिन निकलने के साथ हुए इस हादसे से परिजनो मे कोहराम मच गया। बताया जाता है कि इस हादसे के बाद आरोपी अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उधर से जा रहे कुछ अन्य वाहन चालकों व गामीणो ने पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सडक हादसे मे युवक की मौत की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वहां मौजूद भीड की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया तो मृतक की पहचान गांव सिखेडा निवासी साजिद के रूप मे हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनो को इसकी सूचना दी। साजिद की मौत की खबर से परिजनो मे कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन व ग्रामीण कुछ ही देर मे मौके पर पहुंच गए। पुलि ने परिजनो की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मिली तहरीर पर भागदौड व छानबीन शुरू की
पुलिस ने हत्या के मामले में नामजद युवती को किया गिरफ्तार, जेल भेजा
खतौली। होली के हुड़दंग की भेंट चढ़े दलित युवक संजय हत्याकाण्ड की नामजद हत्यारोपित महिला को रतनपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल रवाना किया है।
जानकारी के अनुसार बीती 30 मार्च को गांव फुलत निवासी दलित युवक संजय की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। पुलिस के अनुसार दुल्हेंडी वाले दिन ढोल बजाने को लेकर गांव के दो पक्षों के बीच हुई तकरार संजय की हत्या होने का सबब बन गयी थी। मृतक के भाई मुनेश ने तिहाड़ जेल से पैरोल पर छूट कर बाहर आये युवक निखिल व एक महिला सहित 11 के विरुद्ध तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। संजय की हत्या करने के बाद निखिल फुलत निवासी ग्रामीण कल्लू को तमन्चे से आतंकित कर इसकी बाइक लूटकर फरार हो गया था। कल्लू की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपित निखिल के विरुद्ध दूसरी एफआईआर बाइक लूट की दर्ज की थी। चर्चा थी कि हत्यारोपित महिला सोहनबीरी पत्नी कँवरपाल को पुलिस ने हत्याकाण्ड वाले दिन ही हिरासत में ले लिया था। बताया गया कि रतनपुरी पुलिस ने लिखा पढ़ी में हत्यारोपित महिला सोहनबीरी को इसके मायके के गांव नंगला से गिरफ्तार दिखाकर जेल रवाना कर दिया है। प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल तिवारी ने बताया कि अलग अलग टीमों का गठन कर हत्यारोपितों की तलाश में लगाया गया है। शीघ् र्ही सभी हत्यारोपित जेल की सलाखों के पीछे होंगे।
सपा ने प्रत्याशियों की घोषणा की
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावो ंकी तिथि नजदीक आने के साथ-साथ जनपद विभिन्न राजनीतिक दलों में गहमा गहमी के बीच समाजवादी पार्टी ने जनपद मुजफ्फरनगर के जिला पंचायत सदस्य पद हेतु प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी एडवोकेट ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में ग्राम खेडकी में श्रीमती संयोगिता में, ग्राम बसेडा में अब्दुल कद्दूस, ग्राम कासमपुर में भीष्म सिंह, ग्राम शाहबुद्दीनपुर आमिर सुहैल, ग्राम भिक्की से श्रीमती समता पाल, ग्राम सुजडॅ से श्रभ्मती बेनजीर राणा, ग्राम दभेडी से श्रीमती अनीता, ग्राम मलीरा से दर्शन धनगर, ग्राम कुटेसरा से श्रीमती आसमा, ग्राम मुरादपुरा में इमरोज बेग, ग्राम निरमाना से नरेश कुमार त्यागी, ग्राम नंगला पिथोरा से राकेश वशिष्ठ, ग्राम जौला से श्रीमती बिलकिश, ग्राम शफीपुर पट्टी से श्रीमती शीला, ग्राम टांडा माजरा से श्रीमती पूजा देवी, ग्राम पलडी से असलम खान, ग्राम सौरम से तनवीर चौधरी, ग्राम मोरकुक्का से श्रीमती बाला पाल, ग्राम रामपुर से सुधीर शर्मा, ग्राम कैलावड से सचिन कुमार, ग्राम खेडा गौगांवा से श्रीमती दीपा, ग्राम जौहरा से शिवकुमार सैनी, ग्राम सैदीपुर से बीते सिंह सैनी, ग्राम ढासरी से पूजा पाल, ग्राम रामराज से काजल, ग्राम मुझेडा से डा. राशिद अली के नामों की घौषणा की है।
दौड़ प्रतियोगिता में प्रिस ने बाजी मारी
मुजफ्फरनगर। चरथावल के रोनी हरजीपुर गांव में बाबा दीवाननाथ दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें १६०० मीटर दौड़ में सहारनपुर के प्रिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में आयोजित प्रतियोगिताओं से अनेक प्रतिभाएं निखर कर क्षेत्र व देश का नाम गौरवान्वित करती हैं। रोनी हरजीपुर में भमेला मार्ग पर रविवार को आयोजित १६०० मीटर दौड़ प्रतियोगिता में अनेक प्रतियोगियों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सहारनपुर जिले के प्रिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान चुन्नू भिकी व पुनीत पाल बेहड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा ने सभी विजयी प्रतियोगियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में अंकुर राणा, ऋतिक राणा, विनोद फौजी, संजय राणा, रवि पुंडीर, दीपक पुंडीर, शिवम पुंडीर, कपिल पुंडीर, संदीप पंवार व सुंदर राणा आदि का सहयोग रहा।
सीएमओ ने जनपद के डाक्टरों के साथ की मीटिंग
मुजफ्फरनगर। कोरोना के बढ़ते हुए मामले को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस के अग्रवाल ने आई एम ए के डॉक्टरों के साथ मीटिंग की। इस दौरान कोरोना पर काबू रखने के लिए बनाई रणनीति। वही सीएमओ डॉ एसके अग्रवाल ने बताया कि जनपद में लगातार कोरोना के पेशेंट बढ़ रहे हैं और ठीक भी हो रहे हैं इसी को देखते हुए आज हमने आई एम ए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. एमएल गर्ग व पदाधिकारियों साथ मिलकर रणनीति बनाई है और जल्दी ही कोरोना के मरीजों पर लगाम लगेगी और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. एमएल गर्ग व पदाधिकारियों को कोरोना रोकथाम के दिशा निर्देश दिये है। बैठक में सीएमओ डॉ अग्रवाल डॉ गीतांजलि सहित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मुजफ्फरनगर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ एम एल गर्ग, बच्चों के डॉ प्रदीप कुमार गर्ग, सहित काफी संख्या में पदाधिकारी व अध्यक्ष मौजूद रहे।
चुनाव में माहौल बिगाडने वालों को बख्शा नहीं जायेगाः डीएम
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु डीएम श्रीमती सैल्वा कुमारी जै० व एसएसपी अभिषेक यादव महोदय द्वारा थानाक्षेत्र मन्सूरपुर के गांव मन्सूरपुर के संभ्रात व्यक्तियों के साथ मीटिंग आयोजित की गयी, जिसमें लोगों से चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाये रखने, माहौल बिगाडने वाले असामाजिक तत्वों तथा अवैध शराब की बिक्री और अपने पक्ष में वोट देने के लिए डराने/धमकाने/प्रलोभन देने वाले व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस व प्रशासन को देने की अपील की जा रही है।
‘आप’ ने प्रत्याशियों की सूची जारी की
मुजफ्फरनगर। आम आदमी पार्टी के दिल्ली सरकार के विधायक नरेश बालियान व जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान ने संयुक्त रूप से जिला पंचायत चुनावों के लिए प्रथम सूची के रूप में बीस लोगों के नाम घोषित किये है मेरठ रोड पर एक रेस्टोरेंट में आयोजित पत्रकार वार्ता में दोनां पदाधिकारियों ने कहा कि उनके उम्मीदवार बिजली, पानी जैसी समस्याओं को लेकर चुनाव मैदान में उतरे है और वे चौकाने वाले परिणाम देने की स्थिति में आ रहे है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि किसान आंदोलन के कारण गांव के लोग भाजपाईयों को गांव में घुसने नहीं देंगे और किसान आंदोलन का नुकसान भाजपा को इन्ही चुनावों में खुलकर नजर आ जायेगा। उन्होंने कांग्रेस को भी वोट देने से परहेज रखते हुए कहा कि केवल आम आदमी की पार्टी ही जन समस्याओं को सुलझाने में सक्षम है। इस अवसर पर अनिल कुमार, अजय चौधरी, वसी, तस्वुर हुसैन आदि मौजूद रहे।
घायल की उपचार के दौरान मौत
मुजफ्फरनगर। होली के दिन डल्लू देवता पर हुए गुब्बारे गैस सिलेंडर में धमाके के बाद गुब्बारे विक्रेता की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि उसमें घायल हुए नवनीत शर्मा की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। डल्लू देवता मंदिर पर विस्फोट में घायल नवनीत शर्मा निवासी द्वारिका पुरी की ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। नवनीत शर्मा की एक टांग विस्फोट में अलग हो गई थी। घटना के दौरान नवनीत का दिल दहलाने वाला वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसमें मृतक की पत्नी विलाप करते हुए दिखाई दे रही थी। नवनीत शर्मा मौत की खबर सुनते ही राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने परिवार को सांत्वना दी तथा शोक व्यक्त किया साथी मृतक को मुआवजा दिलाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में निखरे चित्रकला के रंग
मुजफ्फरनगर। राष्ट्र सेविका समिति एवं सेवा भारती तथा राज्य ललित कला अकादमी-लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला प्रतियोगिता व कार्यशाला का आयोजन प्राथमिक विद्यालय रामलीला टीला रोड किया गया। प्रतियोगिता चार वर्गा में हुई। चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के २६० छात्राओं ने प्रतिभाग किया। चित्रकला प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवा भारती के जिलाध्यक्ष डा. अंबरीष अग्रवाल एवं मंजू माहेश्वरी, प्रमोद त्यागी, डा. अरुणा गर्ग व हर्षवर्धन अग्रवाल ने किया। इस अवसर मेरठ से पधारे डा. प्रिस राज ने लाइव पोर्ट्रेट बनाकर दिखाया। भारतीय योग का प्रदर्शन अक्षिता पाल ने किया। कार्यक्रम संयोजक प्रवीण कुमार सैनी ने परिणामों की घोषणा की। ग्रुप ए में निष्ठा त्यागी प्रथम, द्वितीय आयुषी सैनी, तृतीय स्थान पर प्रियंका रहीं, जबकि पूर्णिमा व सेजल को सांत्वना पुरस्कार मिला। ग्रुप बी में कनिष्का प्रथम, द्वितीय केसर नामदेव, तृतीय स्थान पर दिव्या सक्सेना रहीं, जबकि काशिका, यशी, लवी पंवार को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। ग्रुप सी में तरुणा मित्तल प्रथम, सदिका परवीन, तृतीय स्थान पर अंशिका शर्मा रहीं, जबकि आकांक्षा सैनी व राखी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। ग्रुप डी में शगुफ्ता प्रथम, प्रज्ञा द्वितीय, माही नूर तृतीय स्थान पर रहीं, जबकि पायल व नीशू शर्मा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डा. नीतू वशिष्ठ, डा. प्रिस राज, डा. अमित वर्मा, सुचित्रा सैनी, मीरा शर्मा, मयंक गर्ग व अरुण कुमार रहे। कार्यक्रम सफल बनाने में मनीष मित्तल, रमेश साई, अर्चना सिंह अंबरीष गोयल, अर्चना तायल, रोहन, मनोज गर्ग, पूजा कुमारी, मोनिका सिंह, सीताराम शर्मा, मांगेराम, रोहित, जयप्रकाश, विपिन मित्तल व अनिल का योगदान रहा।
श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढाया
मुजफ्फरनगर। मीरापुर स्थित विख्यात श्रीशीतला माता मंदिर में दूसरे दिन भी श्रद्धालुओं ने माता के जयघोष के साथ पूरे दिन प्रसाद चढ़ाया। मेले में सुरक्षा की दृष्टि से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। महाभारतकालीन बबरू वाहन की तपोभूमि श्रीशीतला माता बबरे वाली के मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। माता के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर समिति के महामंत्री अनिरुद्ध शारदा ने बताया कि अष्टमी तिथि में मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाया। लोगों ने अपने नवजात शिशुओं का मुंडन कराया तथा नवविवाहित जोड़ों ने भी मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन कर सुखी जीवन के लिए मनौती मांगी। प्रसाद चढ़ाने के बाद श्रद्धालुओं ने स्वजन के साथ खरीदारी की। मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने के बाद मंदिर समिति के पदाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए सतर्क रहे तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम में नजर जमाए रहे। व्यवस्था बनाने वालों में अनिरुद्ध शारदा, विकास कौशिक, नवनीत शारदा, नितिन शर्मा, चंद्रपाल सिंह, नितिन शर्मा, नीरज शारदा, दीपक गोयल, विभोर डागा, मोनू ठाकुर, विकास कौशिक, गौरव तोमर व मिटू चौधरी आदि शामिल रहे।
प्रमाण पत्र तुरन्त बनवाये जाने की मांग
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अम्बावता ने तहसील सदर स्थित एसडीएम सदर कार्यालय पर एकत्रित हो एसडीएम के नाम एक ज्ञापन सौपा। भाकियू अम्बावता के जिलाध्यक्ष मौ.शाह आलम के नेतृत्व मे एकत्रित कार्यकर्ताओ ने एसडीएम के नाम सौपे गए ज्ञापन मे कोरी जाति के प्रमाण पत्र तुरन्त बनवाये जाने की मांग की जिनके पास पुराने प्रमाण पत्र हैं। किसी भी समाज के पहचान पत्र बार बार आवेदन करते हैं। लेकिन जारी नही किए गए। आरोपित किया कि आय प्रमाण पत्र समय से नही मिल पा रहे है। तथा बच्चो के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने मे समस्या आ रही है। इस दौरान अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महर्षि कश्यप की जयंती मनाई
मुजफ्फरनगर। महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर विभिन्न राजनैतिक एवं सामजिक संगठनो द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी क्रम मे महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर पार्टी नेताओ ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी की अध्यक्षता मे आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओ व पदाधिकारियो ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए महर्षि कश्यप के जीवन पर प्रकाश डाला। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी,महानगर महासचिव शलभ गुप्ता एड., लिजा कोषाध्यक्ष सचिन अग्रवाल,वरिष्ठ नेता जिया चौधरी,जिला मीडिया प्रभारी साहिद हसन,गौरव जैन,शाहिद रूढकली आदि सपाई मौजूद रहे। वहीं दूसरी और बसपा कार्यालय पर भी महर्षि कश्यप की जयंति पर बसपा नेताओं ने महर्षि कश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान जिलाध्यक्ष सतीश कुमार,वरिष्ठ नेता रामनिवास पाल, राजकुमार, पूर्व विधायक नूरसलीम राना, रिषीपाल, नरेश कुमार, ओमवीर पेन्टर आदि मौजूद रहे। इसके अलावा कश्यप समाज के विभिन्न संगठनो द्वारा महर्षि कश्यप जयंति पर कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
बसपा की बैठक सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय चुनाव की तिथि नजदीक आने के साथ एक और जहां जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा प्रशासन द्वारा नामांकन से लेकर अन्य सभी चुनावी प्रक्रियाओ को लेकर पूर्व मे ही विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। वहीं दूसरी और राजनैतिक दलो मे भी गांव की सरकार को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ग्रामीण अंचल मे चुनावी माहौल बनता जा रहा है। नामांकल की तिथि नजदीक आने के साथ राजनैतिक दलो मे प्रत्याशियों के चयन एवं उनके नाम की घोषणा को लेकर गहनता के साथ मंथन चल रहा है।
इसी संदर्भ मे आज महावीर चौक स्थित बहुजन समाज पार्टी जिला कार्यालय पर प्रत्याशियो के चयन एवं त्रिस्तरीय चुनाव की रूपरेखा के सम्बन्ध मे विचार गोष्ठी आयोजित हुई। जिसमे मुख्य अतिथि के रूप मे बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी शमशुददीन राईन मौजूद रहे। मण्डल स्तरीय इस बैठक मे सहारनपुर जिलाध्यक्ष योगेश कुमार, शामली जिलाध्यक्ष रकेश कुमार, बसपा नेता जियाउर्रहमान, मुख्य सैक्टर प्रभारी रामनिवास पाल,नरेश कुमार, रिषीपाल,राजकुमार,ओमवीर पेन्टर के अलावा समस्त सैक्टर एवं जोनल प्रभारी मौजूद रहे।
शादाब हत्याकांडः पुलिस ने फर्जी लोगों को जेल भेजाः पीडित परिवार
मुजफ्फरनगर। कस्बा बुढ़ाना से आये मृतक शादाब के चाचा परवेज आलम व अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि विगत दिनों वैल्डर शादाब का जिस निर्ममता से कत्ल किया गया था उस प्रकरण में पुलिस ने अनेक ऐसे लोगों के पकडकर उक्त प्रकरण खोलने का दावा किया है जिनका उस केस से ताल्लुक भी नहीं है। बालाजी चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उपरोक्त लोगों ने आरोप लगाया कि शादाब की हत्या की रिपोर्ट 24 मार्च को दर्ज करायी गयी थी। 28 मार्च को गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हे बताया कि वे जब क्रेशर से वापस आ रहे थे तो कुछ नामजद लोग शादाब को एक गाडी में बैठाकर ले जा रहे थे और मौके पर शादाब की कथित प्रेमिका भी मौजूद थी। बाद में इस प्रकरण को लेकर बुढ़ाना पुलिस लगातार पीड़ितों को आश्वस्त करती रही कि सही मुल्जिमों को पकडकर न्याय दिलाया जायेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ और कुछ लोगों को इस केस में संलग्न दिखाकर यह प्रकरण खोलने का दांवा किया गया है जबकि मुख्य अभियुक्त अभी भी फरार चल रहे है। पीड़ित पक्ष ने उच्चाधिकारियों से तत्काल कार्यवाही की मांग की है। पत्रकार वार्ता में ठा. ठाठ सिंह, रामनिवास, जयपाल, सत्तार, अनीस, शहजाद, ग्यासू आदि मौजूद रहे।
कोरोना वैक्सीन लगवाई
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन रजि के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल द्वारा कोविड वैक्सीनेशन की दूसरी डोज लगवाई गई। इस अवसर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मित्तल ने कहा कि हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भारत सरकार का आभार प्रकट करते हैं कि उनके द्वारा बहुत ही कम समय में वैक्सीनेशन को भारत में लाकर बहुत तेजी के साथ नागरिकों को दोनों क्रम में लगवाने का कार्य बहुत तेजी के साथ किया जा रहा है हम सभी कोरोना योद्धा स्वास्थ्यकर्मियों को इस कार्य को बखूबी अंजाम देने के लिए बधाई प्रेषित करते हैं,एवं जिला चिकित्सालय में लगाए गए भारतीय जनता पार्टी के कैंप से सभी व्यापारी भाइयों से अपील कि गयी कि किसी भ्रम में न आए कोविड वेक्सीन को जल्द से जल्द लगवाकर खुद एवं अपने परिवार को सुरक्षित करें। इस अवसर पर अस्पताल परिसर में नगर अध्यक्ष राकेश त्यागी,अखिलेश शर्मा नगर मंत्री भाजपा,प्रदेश युवा उपाध्यक्ष तरुण मित्तल उपस्थित रहे।
पंचायत चुनावः मुजफ्फरनगर में 19 अप्रैल को होगा मतदान
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल बज चुका है। राज्य चुनाव आयोग ने आज पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसलिए आज से ही उत्तर प्रदेश में चुनाव की लहर दौड़ गई है। जनपद मुजफ्फरनगर में दूसरे चरण मैं 19 अप्रैल को मतदान होगा, इसलिए जनपद का माहौल अब चुनावी हो चला है। आपको बता दें कि दूसरे चरण के नामांकन की तारीख 7 अप्रैल को है। नामांकन पत्रों की समीक्षा 9 अप्रैल को होगी तो वही 11 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकता है। जनपद में 19 अप्रैल को मतदान होगा और उसकी मतगणना अगले माह 2 मई से प्रारंभ होगी।
श्रीराम कॉलेज के वाणिज्य विभाग में हुई प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज मुजफ्फरनगर के वाणिज्य विभाग में ज्ञान-परिचय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन श्रीराम कॉलेज के सभागार में किया गया। ज्ञान-परिचय प्रतियोगिता में 5 समूह में चयनित छात्रों को तीन-तीन की संख्या में बॉंटा गया। पॉंच टीमों में टीम-ए, टीम-बी, टीम-सी, टीम-डी, तथा टीम-ई क्रमशः थी।
ज्ञान परिचय प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम को चार-चार राउंड दिये गये। प्रथम राउंड सामान्य ज्ञान पर आधारित था। जिसमें सामान्य ज्ञान से जुडे कई प्रश्नों को छात्रों के समक्ष व्यावहारिक ज्ञान परखने के लिये रखा गया। दूसरा राउंड खेल पर आधारित था जिसमें खेल जगत से जुडे विभिन्न खेलों के प्रश्न कम्प्यूटर स्क्रीन पर पूछे गये। तीसरा राउंड तकनीकी ज्ञान पर था जिसमें कम्प्यूटर से संबंधित बहुत से ज्ञान-वर्धक प्रश्नों का उत्तर छात्रों के द्वारा प्रतियोगिता के माध्यम से दिये गये। चौथा राउंड विषयगत प्रश्नों पर था जिसमें सभी सैद्धांतिक व व्यावहारिक प्रश्नों को पूछा गया। सभी प्रतियोगियों से प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में अपने बुद्धिपूर्ण कौशल का परिचय दिया । ज्ञान की कोई सीमा नहीं इसको जितना बढाया जायें उतना ही कम है। विद्यार्थियों के जीवन में कैरियर सर्वोपरि स्थान है इसके लिये महाविद्यालय परिसर में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन उनके ज्ञान-वर्धक व आत्मविश्वास में वृद्धि करने के लिये आयोजित करता है। जिससे बालक का सर्वांगिण विकास हो। महाविद्यालय परिसर में वातावरण के साथ तालमेल बैठाकर बालक अपने जीवन में सफलता के मार्ग पर अग्रसर होता है।
इस अवसर पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्रों को प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने पर प्रमाण-पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किये गये।
विजयी टीम मे टीम-बी प्रथम स्थान पर जिसमें श्रृद्धा, तालिब, हरिओम दूसरे स्थान पर टीम-ए रही जिसमें रूचि, मनाली, प्रियांशु तथा तीसरे स्थान पर टीम-डी रही जिसमें शीबा, सुहेल, रचना ने सर्वोच्च प्रदर्शन किया। अवशेष टीमों को भी प्रमाण पत्र दिये गये जिससे भविष्य के लिये छात्रों का मनोबल बढें।
इस अवसर पर मंच का संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम समन्वयक का कार्य शिक्षिका नैना बंसल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वाणिज्य संकाय के सभी अध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

