समाचार (Muzaffarnagar News)
पुलिस मुठभेड में शातिर वांछितों को दबोचा
छपार।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। एसएसपी संजय वर्मा के ऑपरेशन लंगड़ा के तहत छपार पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार देर रात छपार थाना क्षेत्र के रई गांव के जंगलों में हुई मुठभेड़ में दो बदमाश हसीन और नवाब पुलिस की गोली से घायल हुए। पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान उनके दो अन्य साथी शाहनवाज और इरशाद को भी पकड़ लिया। चारों बदमाश छपार थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में वांछित थे। इन पर कुल 41 लूट और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए बदमाशों में से तीन उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर के रहने वाले हैं। एक बदमाश मुजफ्फरनगर के पुरकाजी का निवासी है। पुलिस ने इनके पास से दो चोरी की बाइक, दो तमंचे, कारतूस और चोरी का माल बरामद किया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अन्य दो बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
पीएम के जन्मदिन पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का आयोजन
मीरांपुर।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। विधानसभा मीरापुर के कच्चा पक्का शिव मंदिर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के शुभावसर पर 17 सितंबर से 02 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित हो रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता अभियान कार्यक्रम मे पूर्व विधायक सुरेश चन्द तितोरिया, रामकुमार सैनी. संजय गिरी, प्रदीप चौधरी, अभिषेक गर्ग, अजीत तितोरिया मंडल संयोजक आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सेवा पखवाडा के रूप मे पीएम मोदी का जन्मदिन मनाया
प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी रहे कार्यक्रमों में सम्मलित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर जनपदभर मे अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की मौजूदगी मे जिला चिकित्सालय,अहिल्याबाई चौक, राजकीय इंटर कॉलेज में प्रदर्शनी तथा भाजपा जिला कार्यालय पर विचार गोष्ठी आदि आयोजित की गई।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सेवा पखवाडा के रूप मे मनाया गया। भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रमो मे मुख्य अतिथि के रूप मे पधारे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का जनपद आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं तथा कार्यकर्ताआें ने बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाडा शुरू हुआ जो 17 सितम्बर 2025 से लेकर 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसी कडी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी जिला अस्पताल में चल रहे कार्यक्रम मे पहुंचे। जहां पहुंचने पर सीएमओ डा.सुनील तेवतिया ने उनका बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला अस्पताल ेके आयुष्मान कैम्प मे रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरीत किए गए। जिला अस्पताल मे आयोजित कार्यक्रम मे सम्मलित होने के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी अहिल्याबाई चौक पहुंचे तथा सेवा पखवाडा के अर्न्तगत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम मे शामिल हुए। इस अवसर पर स्वच्छता सेवा पखवाडा के अर्न्तगत प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष डा.सुधीर सैनी आदि नेताओं ने अहिल्याबाई मुर्ति के समीप स्वच्छता अभियान चलाया। जिला अस्पताल एवं अहिल्याबाई चौक पर आयोजित कार्यक्रम मे शामिल होने के बाद श्री चौधरी गांधी नगर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे। जहां पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित विचार गोष्ठी में सम्मलित हुए। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्हे युग पुरूष एवं देश के विकास को समर्पित महानायक बताया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डा.सुधीर सैनी सहित पार्टी नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम मे सम्मलित होन के पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष गाडियों के काफिले के साथ सरकूलर रोड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर पहुंचे जहां उन्होने पीएम मोदी के जन्मदिन प्रदर्शनी का उदघाटन किया। इस दौरान जिला सचिव वैभव त्यागी, शलभ गुप्ता, वरिष्ठ नेता संजय गर्ग, भाजपा नेता तरूण मित्तल आदि अनेक पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकार की बुआ को दी श्रृद्धांजलि
मीरापुर। वरिष्ठ पत्रकार पंकज ऐरन की बुआ श्रीमति तारावती की रस्म तेरहवीं पर भारी संख्या मे गणमान्य लोगां ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मीरापुर मे संगीत सिनेमा के निकट स्थित रूप विनायक मण्डप मे आयोजित रस्म तेरहवीं मे गणमान्य लोगों ने स्व.श्रीमति तारावती के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके चित्र पर पुष्प चढाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों के अलावा उनके परिजन ला.ईश्वर चन्द राजवंशी, पत्रकार पंकज ऐरन, नीरज ऐरन, डा.धीरज ऐरन, सहित समस्त परिजन मौजूद रहे।
बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पीजेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चेयरमैन अशोक बालियान एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता भाकियू अराजनैतिक के धर्मेन्द्र मलिक ने एआरएम रोडवेज, मुजफ्फरनगर को एक पत्र लिखकर कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव को रोडवेज से जोडने की योजना बनाई थी। उसी क्रम मे अवगत कराना है कि ब्लॉक बुढाना के गांव रायपुर अटेरना से ग्राम सागडी, कुरावा, मौहम्मदपुर, बढी नौआबाद, कपूरगढ, शिकारपुर, आदमपुर, बसी, पलडी, कस्बा शाहपुर होते हुए मुजफ्फरनगर के लिए कोई बस सेवा उपलब्ध नही है। जिससे इन गांवो के निवासियों को एवं छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पडता है। इस लिए इन गांवो के लिए सुबह, दोपहर व मुजफ्फरनगर से वापसी के लिए दोपहर बाद व शाम को बस सेवा उपलब्ध करायी जाए। ताकि ग्रामीणों को रोडवेज की सुविधा का लाभ मिल सके।
जहरीले पदार्थ का सेवन
चरथावल। अज्ञात कारणो के चलते एक महिला ने घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिस्से उसकी हालत बिगड गई। इस हादसे से घबराए परिजनों ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
सूत्रो के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव अकबरगढ निवासी अमित की पत्नि ने गृह क्लेश के चलते घर मे रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिससे उसकी तबियत बिगड गई। इस हादसे से घबराए परिजनो ने उक्त महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। सीएचसी प्रभारी ने ट्रीटमेंट कर महिला की जान छुडाई।
विश्वकर्मा जयन्ती धूमधाम के साथ मनाई
रोहाना। आई०पी०एल० रोहाना कलां मे विश्वकर्मा जयन्ती सभी विभागो में बड़ी धूमधाम से मनाई गई। मुख्य आयोजन इकाई के वर्कशाप में पं0 शिवनारायण शास्त्री ने इकाई प्रमुख लोकेश कुमार के करकमलो द्वारा हवन पूजन कराया इस अवसर पर आर0के0 तिवारी, रामबीर लल्लर, पंकज बालियान, तरूण कुमार गौड, संजीव चौधरी एवं अन्य समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें। हवन व पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। इकाई प्रमुख लोकेश कुमार ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनायें देते हुए आवाह्न किया कि हमारे प्रबन्ध निदेशक डा० पी०एस० गहलौत ने इस इकाई के जीर्णोधार के लिये बहुत पैसा लगाया है और इस प्लांट से उनकी बड़ी आशा है। हम सबका यह कर्तव्य बनता है कि टीम भावना एवं सुचारू रूप से संचालन करते हुए अच्छे परिणाम देगे।
स्टंट से रोका तो कर दी चाकू मारकर हत्या
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। खालापार थाना क्षेत्र के दक्षिणी खालापार में तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाने और स्टंट करने से रोकना 22 वर्षीय अफसार पुत्र जुल्फुकार को भारी पड़ गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और वार्ड 48 के सभासद अन्नू कुरैशी और उनके दो भतीजों ने मिलकर युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह दिल दहलाने वाली घटना देर रात की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने तीनों आरोपियोंकृसभासद अन्नू कुरैशी और उनके दो भतीजोंकृकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक अफसार का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिजनों ने सभासद अन्नू कुरैशी पर न केवल हत्या में शामिल होने, बल्कि इलाके में गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का भी गंभीर आरोप लगाया है। मृतक अफसार दूध की डेयरी चलाता था और अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था। वह अपने बुजुर्ग माता-पिता का भी एकमात्र सहारा था। अफसार की हत्या के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजन रो-रोकर बुरा हाल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
सपाईयों ने मनाई भगवान विश्वकर्मा की जयंती
मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी कार्यालय पर भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा सहित समाजवादी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जिनको सृष्टि के प्रथम शिल्पकार के रूप में माने जाने वाले तथा हिंदू धर्म में एक शिल्पकार देवता व देवताओं के दिव्य वास्तुकार माना जाता है उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।भगवान विश्वकर्मा जयंती पर समाजवादी पार्टी प्रदेश सचिव चौधरी इलम सिंह गुर्जर, समाजवादी पार्टी जिला मीडिया प्रभारी साजिद हसन, समाजवादी पार्टी जिला सचिव रमेश चंद शर्मा, सपा नेत्री दीप्ति पाल,जिला सचिव पवन पाल,अनुज कुमार गुर्जर, पूर्व जिलाध्यक्ष सपा अल्पसंख्यक सभा डॉ इसरार अल्वी,सपा सभासद सुंदर सिंह,सपा मजदूर सभा प्रदेश सचिव हनीफ इदरीसी, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी राष्ट्रीय सचिव पूजा अंबेडकर, सपा नेता बालेंद्र मौर्य, डॉ अलीशेर अंसारी, तरूण शर्मा, विशाल शर्मा,मोहित कुमार सहित अनेक पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत आज नगर पंचायत मुजफ्फरनगर में “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान तथा हरित भविष्य के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का आयोजन हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वोमेन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा अपनी माताओं के प्रति सम्मान प्रकट करने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में मातृत्व के महत्व को रेखांकित करना है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
प्रशिक्षण का हुआ समापन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। राजकीय हाई स्कूल रसूलपुर में समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यालय प्रबंध एवं विकास समिति का दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर श्री मांगेराम द्वारा उपस्थित राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं अभिभावकों को विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई एवं वित्तीय अभिलेकीकरण करने के विषय में समझाया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान महेश कुमार, पूर्व प्रधान मदनपाल, सन्तरपाल, जगपाल, अनिल कुमार, शेखर, राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य कुमारी शिवानी, विपिन सहरावत आदि उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक संदीप कुमार कौशिक, पूनम, खुशी का कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग रहा। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित मोहन गुप्ता द्वारा सभी प्रधानाचार्य शिक्षकों ग्राम निवासियों एवं समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया एवं सभी छात्र और छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
अत्याचार और अहंकार बढ़ने पर भगवान स्वयं अवतरित होकर धर्म की रक्षा करते हैं
खतौली। मुबारिकपुर तिगांई की पावन धरा पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन का आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कथा स्थल पर हजारों श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित होकर प्रभु की अमृतमयी लीलाओं का श्रवण कर रहे हैं। आज का दिन और भी विशेष रहा क्योंकि कथा व्यास आचार्य श्री कुलदीप कृष्ण जी महाराज ने दो अत्यंत पावन प्रसंगों का वर्णन कियाकृभगवान वामन अवतार और भगवान शिव-पार्वती विवाह।
महाराज श्री ने समझाया कि जब-जब असुरों का अत्याचार और अहंकार बढ़ता है, तब-तब भगवान स्वयं अवतरित होकर धर्म की रक्षा करते हैं। असुरराज बलि जब तीनों लोकों पर अधिकार कर बैठे और देवता असहाय हो गए, तब भगवान ने एक बटुक ब्राह्मण का रूप धारण किया और वामन अवतार में प्रकट हुए। कथा व्यास जी ने अत्यंत मार्मिक स्वर में बताया कि कैसे वामन देव ने तीन पग भूमि का दान माँगा और फिर विराट स्वरूप धारण करके एक पग में आकाश, दूसरे पग में पृथ्वी और तीसरे पग में बलि का अहंकार नाप लिया। असुरराज बलि ने अंततः अपना शीश समर्पित कर दिया और भगवान की शरण में आ गए। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भक्तजन भाव-विभोर हो उठे और “जय वामन देव” के गगन भेदी जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो गया। इसके उपरांत महाराज श्री ने बड़े ही मधुर भाव से भगवान शंकर और माता पार्वती के दिव्य विवाह का वर्णन किया। कथा में बताया गया कि हिमालय कन्या पार्वती ने कठोर तपस्या करके महादेव को प्रसन्न किया और अंततः उनके संग विवाह का सौभाग्य प्राप्त किया। जब शिव-बारात चली तो उसकी अलौकिक छटा का वर्णन सुनकर श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए। कोई बारातियों के रूप में आए गण, भूत-प्रेतों का स्वरूप सुनकर हँस पड़ा तो कोई माता पार्वती के मंगल गीत सुनकर आनंद से झूम उठा। विवाह का वर्णन होते ही पूरे पंडाल में भक्तिरस की गंगा बह निकली। भक्तगण भावनाओं में डूबकर “हर हर महादेव” और “बोलो शंकर भगवान की जय” के जयकारे लगाने लगे। तीसरे दिन की कथा का प्रत्येक क्षण श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत रहा। भक्तजन ऐसा अनुभव कर रहे थे मानो स्वयं वामन देव और शिव-पार्वती विवाह उनके सामने प्रकट हो रहे हों। इस प्रकार मुबारिकपुर तिगांई में चल रही श्रीमद्भागवत कथा हर दिन भक्ति और आस्था की नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। कथा श्रवण के लिए गांव और आसपास के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से उमेश पाल, राजपाल सिंह, प्रदीप कुमार, नारायण चौधरी, विपिन कुमार, इलम सिंह, स्वराज सिंह, नरेश पवार, विनय कुमार, प्रेमवती, शिमला देवी, सुरेश देवी, निर्मला देवी, अर्चना देवी आदि शामिल रहे।
भगवान विश्वकर्मा ज्ञान विज्ञान के दाता
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। विश्वकर्मा जी ने भगवान श्रीकृष्ण के लिए द्वारका नगरी का निर्माण किया था। वहीं, सोने की लंका भी बनाई थी। इसके अलावा भगवान विश्वकर्मा ने जगत के पालनहार भगवान विष्णु के लिए सुदर्शन चक्र और यमराज का कालदंड, पुष्पक विमान और महादेव का त्रिशूल समेत आदि कई तरह के अस्त्र-शस्त्र का निर्माण किया था।
विश्वकर्मा के यथाविधि पूजन और उनके बताए वास्तुशास्त्र के नियमों का अनुपालन कर बनवाये गये मकान और दुकान शुभ फल देने वाले माने जाते हैं। इनमें कोई वास्तु दोष नहीं माना जाता। विश्वकर्मा पूजन हर वर्ष 17 सितम्बर को विश्वकर्मा जयंती मनायी जाती है। यह कन्या संक्रांति पर पड़ता है। विष्णु को चक्र, शिव को त्रिशूल, इंद्र को वज्र, हनुमान को गदा और कुबेर को पुष्पक विमान विश्वकर्मा ने ही प्रदान किये थे। सीता स्वयंवर में जिस धनुष को श्रीराम ने तोड़ा था वह भी विश्वकर्मा के हाथों बना था। जिस रथ पर निर्भर रह कर श्रेष्ठ धनुर्धर अर्जुन संसार को भस्म करने की शक्ति रखते थे उसके निर्माता विश्वकर्मा ही थे। इंदिरा कॉलोनी स्थित विश्वकर्मा मंदिर धर्मशाला में आयोजित पूजनोत्सव में हिमांशु धीमान एवं सचिन धीमान सपत्नीक यजमान रहे एवं पुरोहित श्री सत्यवर्त आर्य जी रहे उन्होंने विधि विधान के साथ यज्ञ के द्वारा श्री विश्वकर्मा जी का पूजन कराया उन्होंने पूजा अर्चना करते हुए कहा कि आदि देव भगवान विश्वकर्मा सभी के देव हैं उन्होंने विश्वकर्मा पूजन में विश्वकर्मा जी के विशेष मंत्रो से पूजन कराया। इस अवसर पर मंदिर के अध्यक्ष सरदार बलविंदर सिंह, मास्टर निर्मल सिंह, धीमान, सभासद रजत धीमान, नेता राधेश्याम विश्वकर्मा, नरेश कुमार, विश्वकर्मा महामंत्री नरेंद्र सिंह डॉक्टर नरेश विश्वकमा, सत्यप्रकाश धीमान, सुनील धीमान, ब्राह्मपाल धीमान, भूषण धीमान,राजेश धीमान सुरेंद्र धीमान, चंद्र दत्त धीमान, मास्टर महेंद्र दत्त अर्जुन धीमान, रमेश चंद धीमान एडवोकेट, अश्वनी धीमान, बृजपाल धीमान, सतीश धीमान, शिवकुमार धीमान, जनार्दन विश्वकर्मा, मुकेश धीमान, राजेश धीमान, आनंद धीमान, बृजेश धीमान, नाथीराम धीमान, देवदत्त धीमान, डा. अमन सिंह महेंद्र धीमान, बिट्टू धीमान आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सहयोग राशि सौंपी
सिसौली। मासिक मीटिंग में भारतीय किसान यूनियन शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी तथा जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर रामरतन बालियान के साथ शिक्षकों की टीम ने जिला मुजफ्फरनगर की तरफ से पंजाब बाढ़ राहत कोष में 451000 ( चार लाख इक्यावन हजार रुपए) की सहयोग राशि दी है। अन्य जिलों में भी शिक्षक प्रकोष्ठ सहयोग राशि यूनियन के हाइकमान को सौंपेगा। चौधरी गौरव टिकैत ने मंच से ही शिक्षक प्रकोष्ठ के गठन कराने का श्रेय भाकियू प्रदेश महासचिव चेयरमैन पुरकाजी जहीर फारुकी को दिया है।
इंटरनल हैकाथॉन का सफल आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जानसठ रोड स्थित एस0 डी0 कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में इंटरनल हैकाथॉन का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संस्थान में संचालित विभिन्न ब्रांचों से कुल 13 टीमों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 80 से अधिक विद्यार्थियों ने अपने तकनीकी ज्ञान एवं नवाचार कौशल का प्रदर्शन किया। इस इंटरनल हैकाथॉन का उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन की चुनौतियों पर कार्य करने, नवीन तकनीकी समाधानों की खोज करने तथा स्टार्टअप और इनोवेशन की दिशा में प्रोत्साहित करना था। साथ ही यह आयोजन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं, विशेषकर स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन हेतु तैयार करने का एक सशक्त प्रयास रहा। निर्णायक मंडल में पहले चरण हेतु संस्थान की पूर्व छात्रा आकांक्षा गोयल एडिशनल डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेटिक्स ऑफिसर, नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय रहीं। दूसरे चरण में श्री देवेश मलिक (यंग प्रोफेशनल, एआईसीटीई) एवं श्री हार्दिक सैनी (सीनियर टेक्निकल कंसल्टेंट, आईबीएम) ने ऑनलाइन माध्यम से प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। सचिव अनुभव कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “युवा पीढ़ी देश की शक्ति है। जब छात्र वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करते हैं तो वे न केवल अपने कौशल को विकसित करते हैं बल्कि राष्ट्रहित में भी योगदान देते हैं। कॉलेज निरंतर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा।” निदेशक डॉ. सिद्धार्थ शर्मा ने कहा कि “आज के युग में तकनीकी नवाचार ही राष्ट्र निर्माण की दिशा में सबसे बड़ी ताकत है। हैकाथॉन जैसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों से जोड़कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करती हैं। एस.डी.सी.ई.टी. के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान अवश्य बनाएँगे।” विजेता टीमों में प्रथम स्थान देसी एग्रीकल्चर सर्विसेज विषय रहा। जिसके सदस्य पियूष कुमार, निखिल पंवार, प्रियांशी, तुषार कुमार, विनीश सैनी थे। दूसरे स्थान पर एआई पावर्ड पर्सनल फार्मिंग असिटेन्ट फार केरला फामर्स विषय रहा। जिसके सदस्य आकांक्षा झा, अभिषेक कुमार, अभिषेक पुंडीर, अखिल, शौर्य गौर, कुमार वंश रहे। तृतीय स्थान पर ए साल्यूशन दैट कैन बूस्ट दी करंट सिचुएसन आफ टूरिजम इन्डस्ट्रीज इन्क्लूडिंग होटल, ट्रेवल एंड अदर्स विषय रहा। जिसके सदस्य दिव्यांश गुप्ता, आर्यन शर्मा, आर्यन, अनंत आर्य, अनुष्का रही। प्रतियोगिता के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा विजेता टीमों को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्भाला पदभार
जानसठ। नए एसडीएम के रूप में राहुल देव भट्ट ने पदभार संभाल लिया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी, जिसमें तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता भी मौजूद रहीं। राहुल देव भट्ट छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने यूपीएससी 2015 की परीक्षा अपने पहले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 279 के साथ उत्तीर्ण की। उनका जन्म 16 मई 1993 को हुआ था और वे मूल रूप से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले के रहने वाले हैं। एसडीएम के रूप में राहुल देव भट्ट शासन की प्राथमिकताओं और योजनाओं को क्रियान्वित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद है। इससे पहले वे मुंगेली के कलेक्टर रह चुके हैं और आकांक्षा प्रोजेक्ट के तहत 1600 लोगों को निजी क्षेत्रों में नौकरी दिलवाई। राहुल देव भट्ट की कार्यशैली और अनुभव उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाते हैं। उनकी नियुक्ति मुजफ्फरनगर के प्रशासनिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव है।


