समाचार
गंदे नाले से निजात दिलाने की मांग
मुज़फ्फरनगर। थाना नई मण्डी अंतर्गत मौहल्ला गांधी नगर के निवासियों ने क्षेत्र में बह रहे गन्दे नाले की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल को एक ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से मौहल्ला वासियों ने बताया की क्षेत्र ने बहने वाले गन्दे नाले में पीछे से फैक्ट्रियों का दूषित पानी आने के कारण उनके घरों और सरकारी नलों में पानी दूषित हो गया है साथ ही साथ विभिन्न तरह की बीमारियां जिनमे कैंसर, खुजली, दमा एलर्जी, आदि हो गई है । इस मामले को लेकर कोशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने गांधी नगर मौहल्ला वासियों को जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है ।
मासूम की हादसे में मौत
मीरापुर। टै्रक्टर-ट्राली की चपेट मे आकर 12 वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। इस दुखद हादसे से मृतक के परिजनो मे कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
जानकारी के अनुसार कस्बा स्थित स्टेट बैंक कालोनी निवासी करीब 12 वर्षीय जैद पुत्र वकील कस्बे के दरबार कलां रोड स्थित पुलिया के समीप टै्रक्टर-ट्राली की चपेट मे आकर घायल हो गया। जिसे आसपास के कुछ लोगो ने तुरन्त ही उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भिजवाया लेकिन उसने उपचार से पूर्व रास्ते मे ही दम तोड दिया। हादसे की सूचना पर बालक के परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नागरिको की मौजूदगी मे पंचनामा भरकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया। वहीं दूसरी और आरोपी अज्ञात ट्राली चालक के खिलाफ मिली तहरीर पर मामले की छानबीन व भागदौड शुरू की।
युवक गंगनहर में डूबा 
भोपा। अज्ञात कारणो के चलते एक युवक ने गंगनहर मे छलांग लगा दी। इस हादसे से युवक के परिजनो व ग्रामीणो मे हडकम्प मच गया। मामले की जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस तलाश मे जुट गई।
जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के निकटवर्ती गांव धीराहेडी निवासी यतिन पुत्र अनुज नामक युवक ने आत्म हत्या के इरादे से नहर मे छलांग लगा दी। युवक यतिन कक्षा 11 का छात्र है। जो भोपा इण्टर कॉलेज है। छात्र द्वारा गंगनहर मे छलांग लगा लेने से गंग नहर के मौजूद ग्रामीणो मे हडकम्प मच गया। ग्रामीणो ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ भोपा राममोहन शर्मा व इंस्पैक्टर भोपा एम.एस.गिल मय फौर्स के मौके पर पहुंचे। तथा नहर के डूबे छात्र के विषय मे जानकारी लेने के साथ उसके परिजनो को इस घटना की सूचना दी। हादसे की खबर से परिजनो मे हडकम्प मच गया। परिजन व कुछ अन्य ग्रामीण तुरन्त ही घटना स्थल पर पहुंचे। वहीं दूसरी और पुलिस ने गोताखोर टीम की मदद से नहर मे डूबे छात्र की तलाश शुरू की। पुलिस ने छात्र की बरामदगी के लिए नहर मे अलग-अलग स्थानो पर जाल भी डलवाये। छात्र यतिन द्वारा उठाये गए इस कदम से परिजनो मे कोहरम मचा हुआ है। पुलिस सूत्रो का कहना है कि गंगनहर मे डूबे युवक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस व पीएसी के जवान तथा गोताखोर टीम नहर मे डूबे छात्र की तलाश मे जुटे हुए हैं।
सड़क हादसे में पूर्व मंत्री के पौत्र की मृत्यु
मुजफ्फरनगर। पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान के पौत्र व संजय बालियान के पुत्र 21 वर्षीय इंजीनियर आदित्य बालियान का गत रात्रि गुडगांव में हुए सडक हादसे में दुखद निधन हो गया।
पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान के बड़े भाई सेवाराम बालियान का परिवार खतौली में रहता है। खतौली के मशहूर चिकित्सक डा. सुनीता बालियान का 21 वर्षीय पौत्र आदित्य बालिया गुडगांवा में एक कम्पनी में नौकरी करता था। गत रात्रि एक कार दुर्घटना में उसका निधन हो गया। उसके निधन की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आनन फानन में परिजन गुडगांव में पहुंचे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद आदित्य के शव को पल्लवपुरम में लाया गया। जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया।
इनामी बदमाश मुठभेड में गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। छपार पुलिस ने अपहरण और हत्या कर शव छुपाने के आरोपी को मुठभेड में लंगडा कर गिरफ्तार किया है। पकडे गये आरोपी की गिरफ्तारी पर 20 हजार रूपये का इनाम घोषित था। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व भारी मात्रा में गांजा भी बरामद हुआ है।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि छपार पुलिस को सूचना मिली थी कि जयभारत इंटर कालेज के पीछे स्थित जंगल में कुछ बदमाश वारदात करने के इरादे से जमा है इस सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी की। जिस पर बदमाश पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए मौके से भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्यवाही करते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसके साथी जंगल के रास्ते से फरार हो गये। पुलिस ने पकडे गये बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व पचास ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए चिकित्सालय में पहुंचाया। मुठभेड की जानकारी मिलने पर पुलिस के बडे अफसर भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने बताया कि पकडा गया आरोपी छपार निवासी आर्यकान्त उर्फ काजू पुत्र छत्रपाल है। उसके विरूद्ध अपहरण कर हत्या करने व शव छुपाने का मुकदमा दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी पर बीस हजार रूपये का इनाम घोषित था। एसएसपी ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।
हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट परीक्षाएं नकल विहीन व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करायी जायेगीः जिलाधिकारी
मुजफ्फरनगर। .जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने कहा कि माध्यमिक परीक्षा परिषद की हाईस्कूल तथा इण्टरमीडिएट परीक्षाएं नकल विहीन व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करायी जायेगी। उन्हेने कहा कि परीक्षाओं में नकल की प्रवृति, सम्भावनाआें पर अंकुश लगाने तथा परीक्षाआें की शुचिताओं, पवित्रता को बनाये रखे जाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्हेने कहा कि परीक्षा केन्द्रो के प्रवेश द्वारों सहित सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरें स्थापित हेगे। उन्होने निर्देश दिये कि विद्यालयों के चारों और चार दीवारी एवं मुख्य प्रवेश द्वार पर गेट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से होगी। उन्होने कहा कि विद्युत की स्थाई व्यवस्था न होने की दशा में पूरे परीक्षा काल में अनिवार्य रूप से जनरेटर की व्यवस्था रखी जायेगी। उन्होने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सीडी में सुरक्षित कर रखवाया जाना सुनिश्चित किया जायेगा। उन्हेने कहा कि केन्द्र व्यवस्थापक के कक्ष में भी सीसीटीवी कैमरा लगेगा और 24 घण्टे संचालित रहेगा। उन्होने कहा कि सभी प्रकार के इलैक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाईल फोन प्रतिबन्धित रहेंगे। जिलाधिकारी जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे आज जिला पंचायत सभागार में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाआें को नकल विहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होने कहा कि सभी केन्द्र व्यवस्थापक अपने केन्द्रों पर जरूरत अनुसार आवश्यक वस्तुओं की शीघ्र ही पूर्ण कर ले। उन्होने कहा कि पेयजल व शौचालय आदि भी साफ सुथरे हो। सभी केन्द्र व्यवस्थापक अपने अपने केन्द्रों पर पैनी नजर बनाये रखे। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा कक्ष में जाने से पूर्व परीक्षार्थी की सही तरीकें से तलाशी ले ले जिससे कि उसके पास कोई नकल सामग्री हो तो वह परीक्षा से ही पूर्व पकड मे आ जाये। उन्होने कहा कि परीक्षा शांति व्यवस्थाओं के साथ चलती रहेगी और परीक्षा केन्द्रों पर सैक्टर मजिस्ट्रेट भी भ्रमणशील रहेगे। जिलाधिकारी ने कहा कि कडी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी परीक्षा केन्द्र पर नकल आदि की शिकायत मिली तो उस केन्द्र को आगामी परीक्षाओं के लिए अयोग्य घोषित कर दिया जायेगा। इसके साथ ही परीक्षा केन्द्र व्यवस्थापक के विरूद्व कड़ी कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा केन्द्र बनाये जाने वाले विद्यालयों में प्रश्न पत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता अंक्षुण्ण रखी जायेगी। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रो पर अग्निशमन के संसाधनों यथा अग्निशमन यंत्र, पानी की बाल्टियां तथा रेत आदि की व्यवस्था रखी जायेगी। इस अवसर पर एसपी सिटी सतपाल अंतिल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक गजेन्द्र सिह, एवं केन्द्र व्यवस्थापक, सैक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
रक्तदान महादान
मुज़फ्फरनगर। भोपा स्वामी कल्याणदेव बालिका इण्टर कालेज पर मिशन वन्देमातरम दा ट्रस्ट के तत्वावधान में शिविर लगाया गया जिसका शुभारम्भ भाजपा नेता डॉ वीरपाल निर्वाल द्वारा किया गया शिवर में विजय राठी, रवि त्यागी, चेतन शर्मा, अमरदीप बालियान, वारिश मालिक, अनुज कुमार, अजय कुमार, व मिशन वन्देमातरम दा ट्रस्ट के गणमान्य उपस्थित रहे
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ मेले का डीएम ने किया उदघाटन
मुजफ्फरनगर भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ मेला में आज जनपद मुजफ्फरनगर के नगरीय स्वास्थ प्राथमिक केंद्र का उदघाटन डीएम सेल्वा कुमारी जे ने कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले में फीता काटकर किया डीएम ने बताया की मुख्यमंत्री कि आरोग्य स्वास्थ मेले की योजना को घर घर तक जानकारी पहुंचाई जाएगी अब रविवार को छुट्टी के दिन भी नजदीकी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र पर डॉक्टरो कि टीम मरीजो को चेकअप कर दवाइयां वितरण करेगी इस केंद्र पर होम्योपैथिक ,एलोपैथीक , आयुर्वेदिक सभी तरह की दवाइयां मरीजो को दी जाएगी, ज्यादा बड़ी कोई अगर बीमारी है तो उसके लिए हाई ट्रॉमा सेंटर जिला अस्पताल में मरीजो को सुविधा दी जाएगी,जनपद में आज ४३ प्राथमिक चिकित्सा केंद्रों का उदघाटन हुआ है जो रोज क़ई भांति रविवार को भी खुलेगा जिससे आस पास के मरीजो को चिकित्सा सुविधा मिल पाएगी,इन केंद्रों पर प्रधानमंत्री आयुषमॉन योजना का भी लाभ मिलेगा,वही उदघाटन में डीएम सेल्वा कुमारी जे के साथ सीएमओ प्रवीण चोपड़ा व डॉक्टरो कि टीम भी मौजूद रही,वही आज चिकित्सा केंद्र पर मोबाईल वेन ओर मरीजो कि जबरदस्त भीड़ मौजूद रही,वही प्राथमिक चिकित्सा केंद्र रामपुरी पर डॉक्टर सोलानी चौधरी सुबह ९ बजे से शाम ५ बजे तक मरीजो को जांच कर चिकित्सा सुविधा देगी।
ट्रक पलटा
मुजफ्फरनगर। गन्ने से भरा ट्रक अनियन्त्रित होकर पलट गया। इस हादसे मे ट्रक ड्राईवर घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।
जानकारी के अनुसार रोहाना पुलिस चौकी क्षेत्र के रोहाना तिराहे के समीप गन्ने से लदा एक ट्रक अनियन्त्रित होकर अचानक पलट गया। इस हादसे मे ट्रक चालक शब्बीर घायल हो गया। हादसे पर एकत्रित ग्रामीणो की इसकी सूचना पुलिस को दी। नागरिको की सूचना पर घटना स्थल पर मय फोर्स के पहुंचे रोहाना चौकी प्रभारी नेत्रपाल सिह ने घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया तथा क्रेन की मदद से सडक पर पलटे ट्रक को उठवाया। इस दौरान अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
राष्ट्रीय ई गवर्नमेंट पुरस्कार मिला जिले की बेटी शैलजा को 
मुजफ्फरनगर। मुम्बई में आयोजित कार्यक्रम में जिले की बेटी व बिहार के सहरसा जिले की डीएम शैलजा शर्मा ने देश भर में बेहतर लोक सेवाओं के लिए राष्ट्रीय गवर्नमेंट पुरस्कार प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आत्म कुंज कम्बल वाला बाग निवासी डा. वागीश चंद्र शर्मा की बेटी शैलजा शर्मा वर्ष 2012 में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर बिहार कैडर की वर्ष 2013 बैच की आइएएस अधिकारी बन गई। वर्तमान में शैलजा बिहार के सहरसा जिले की डीएम है। गत शनिवार को मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में लोक सेवाओ के लिए देश भर में दूसरे नंबर के ई गवर्नमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। विष्णुलोक के संचालक पं. विष्णु शर्मा की भतीजी शैलजा डा. वागीश चंद्र शर्मा व उमा शर्मा की पुत्री है तीनों बेटी शैलजा शर्मा, शालिनी शर्मा, श्वेता शर्मा में शैलजा शर्मा सबसे बड़ी बेटी है और सबसे छोटा बेटा आशीष वशिष्ठ है। बीते वर्ष भी मिला था राष्ट्रीय अवार्ड शैलजा शर्मा को बीते वर्ष भी कालाजार नियंत्रण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्काच स्वस्थ भारत मेरिट पुरस्कार व स्काच सिलवर पुरस्कार मिला था। इस दौरान वशिष्ठ हास्पिटल पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें शैलजा के अवार्ड मिलने पर खुशी जाहिर की गयी। इस दौरान उनके नाना पं. ब्रहमदत्त शर्मा, नानी श्रीमती जगवती देवी के अलावा प्रेमदत्त त्यागी एडवोकेट, पं. आरडी शर्मा आदि मौजूद रहे।
धूमधाम के साथ निकाली शोभायात्रा
मुजफ्फरनगर। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज ने मानवता की भलाई के लिए अनेक कार्य किये। जात पात से ऊपर उठकर उन्होंने समाजसेवा को अग्रणीय माना। उनके बताये पदचिन्हों पर चलकर हम सभी को उनके समान मानवता की सेवा करनी चाहिए। उक्त उद्गार रविदास जयंती पर टाउनहाल से निकलने वाली शोभायात्रा का शुभारम्भ करते हुए स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि संत रविदास एक ऐसे महापुरूष थे जिनका मन निर्मल एवं स्वच्छ था। वो मानते थे कि अगर मनचंगा है तो कटौती में ही गंगा है। हम सभी को उनके आदर्शो और गुणों को अपनाना चाहिए। संत शिरोमणी रविदास जी महाराज की जयंति के अवसर पर नगर मे विशाल शोभायात्रा निकाली गई जो नगर के टाउन हॉल प्रागण से शुरू होकर अनेक विभिन्न मार्गो व बाजारो से होती हुई देर शाम टाउन मैदान पहुंच कर सम्पन्न हुई।
संत शिरोमणी रविदास जी महाराज की जयंति के अवसर पर नगर के मौहल्ला रैदासपुरी स्थित मंदिर से शुरू हुई रविदास जी की शोभायात्रा का शुभारम्भ हुआ समाजसेवी भाजपा नेता डा. जे.पी.सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन मे कहा कि गुरू रविदास जी का जीवन अनुकरणीय है। हम सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। खादरवाला स्थित भगवान शिव एवं संत रविदास मंदिर,गाजावाली स्थित रविदास मंदिर व रूडकी रोड रामपुरी गेट के समीप स्थित श्री रविदास जी महाराज मंदिर नगर के गहराबाग के समीप स्थित रविदास मंदिर व केशवपुरी स्थित संत रविदास मंदिर आदि नगर के विभिन्न मंदिरो मे एकत्रित सुन्दर-सुन्दर झांकिया दोपहर करीब दो बजे टाउन हॉल मैदान पहुंची। जहां से ये सभी झांकियां विभिन्न बैण्डबाजो व ढोल आदि शोभायात्रा के रूप मे निकली। टाउनहाल में शोभायात्रा का शुभारम्भ राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने किया। यह शोभायात्रा टाउन हॉल से प्रारम्भ होकर शिव चौक होते हुए रूडकी रोड, बकरा मार्किट, किला मौहल्ला, हनुमान चौक, भगत सिह रोड होते हुए देर शाम टाउनहाल प्रागंण में पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान मुनीश कुमार सभासदपति, राजकुमार सि(ार्थ, करण सिंह पेन्टर, संजय जानिया, अतर सिंह अमीन, आरती देवी पूर्व सभासद, शंकर आर्ट, दीपचंद, कुलदीप, सागर, अश्वनी, प्रदीप, हितेष, राहुल, राजेश्वर, मनोज, बोनी डीजे, शुभम, किरणपाल, मनोज प्रेस, गौरव सि(ार्थ, रजनीश, राजीव के अलावा प्रेस प्रवक्ता विजय कैमरिक मौजूद रहे।
खालिद की हत्या में केस दर्ज, पांच नामजद
मुजफ्फरनगर। विद्युत संविदा कर्मी खालिद की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। खालिद के भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। रंजिश को लेकर हत्या की गई।
शहर कोतवाली के गांव मिमलाना निवासी खालिद पुत्र शब्बीर विद्युत विभाग में संविदा पर लाइनमैन था। गत चार फरवरी को घर से बाहर गया था, मगर लौटा नहीं। पांच फरवरी की सुबह शहर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने गए परिजनों को पता चला कि खालिद का शव रुड़की गंग नहर में मिला है। खालिद के भाई साजिद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मिमलाना रोड निवासी आमिल, दक्षिणी खालापार निवासी रिजवान खान, शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी वसीम खान, वहाब और शादाब ने उसके भाई की हत्या की और शव को गंगनहर रुड़की में फेंक दिया। आरोप है कि वहाब और शादाब का रिक्शा पार्किंग का काम है।
यहां विद्युत निगम की विजीलेंस टीम ने कई बार छापा मारा था। वहाब और शादाब को शक था कि यह छापा खालिद ने डलवाया है। गत 26 जनवरी को उसे मिमलाना रोड बिजलीघर से हटा भी दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने खालिद को बुलाया और कार में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
काली के प्रदूषण पर लगेगी लगाम, एसटीपी शुरू
मुजफ्फरनगर। प्रदूषण की मार झेल रही काली नदी में अब नगर पालिका से निकलने वाला गंदा पानी नहीं जाएगा। डेढ़ साल से भी ज्यादा समय बंद पड़े एसटीपी प्लांट को चालू कर दिया गया है। अभी इसका एक पंपिंग स्टेशन शुरू हुआ है जबकि दो अन्य भी जल्द ही चालू हो जाएंगे। उनकी मरम्मत का काम चल रहा है। नगर पालिका क्षेत्र के करीब नौ नाले किसी न किसी माध्यम से काली और हिंडन नदी में जाकर मिलते हैं। चार नाले तो सीधे तौर पर काली पश्चिमी नदी में गिरते हैं। इससे यह नदी प्रदूषित हो गई है। काली नदी पर किदवईनगर में 32.5 एमएलडी (मिलियन लीटर प्रति दिन) क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बना है, लेकिन यह डेढ़ साल से बंद था।
इस प्लांट के किदवई नगर और श्मशान घाट समेत तीन पंपिंग स्टेशन हैं। इनका काम नालों के पानी को पंप करके किदवईनगर के चार तालाबों तक ले जाना है, जहां पानी सूखने के बाद गंदगी अलग हो जाती है। शासन से इस एसटीपी के संचालन की जिम्मेदारी एक कंपनी को दी गई है। ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि कंपनी ने किदवईनगर के प्लांट का संचालन शुरू कर दिया है। श्मशान घाट पर बने पंपिंग स्टेशन की मशीनें भी ठीक हैं। इसे भी चलाकर देख लिया गया है। मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही यहां पर गिर रहे नाले को पंपिंग स्टेशन से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द पूरा प्लांट चालू हो जाएगा और शहर का गंदा पानी नदी में नहीं जाएगा।
जाल लगाकर रोकी जा रही गंदगी-श्मशान घाट के पास बने पंपिंग स्टेशन का संचालन अभी नहीं हुआ है। यहां मरम्मत कार्य हो रहा है। यहां पर गिर रहे नाले में आने वाली गंदगी को जाल लगाकर रोका जा रहा है। नाले का पानी अभी सीधे नदी में ही गिर रहा है।
गंदे पानी में घुसकर नदी पार कर रहे लोग-काली नदी शहर के पीछे से तो साफ-सुथरी है लेकिन नगर के पास आते ही इसमें गंदे नाले गिरने शुरू हो जाते हैं। नालों के पानी से नदी प्रदूषित हो रही है। श्मशान घाट के पास रहने वाले लोगों के खेत नदी के पार हैं। इन्हें गंदे पानी से होकर ही खेतों पर जाना पड़ता है।
लग चुका है 62 लाख का जुर्माना-काली नदी को प्रदूषित करने के मामले में नगर पालिका पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 62 लाख रुपये का जुर्माना लगा चुका है। शहर से प्रतिदिन करीब सौ एमएलडी प्रतिदिन निकलता है। इसके सामने एसटीपी की क्षमता काफी कम है। इसलिए एसटीपी की क्षमता को बढ़ाकर 65 एमएलडी करने की योजना है।
काली नदी के किनारे एसटीपी को शुरू करा दिया गया है। इससे नालों का पानी नदी में नहीं जाएगा।
– अतुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट।

