समाचार (Muzaffarnagar News)
धूं-धूं कर जले रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपदभर में दशहरा पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर में विभिन्न स्थानों पर रामलीलाओं के समापन के बाद भगवान श्रीराम की विजय के प्रतीक स्वरूप रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने रामलीला का आनंद लिया और बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व को हर्षाेल्लास के साथ मनाया। शहर के नुमाइश कैंप, कच्ची सड़क, गांधी कॉलोनी और रामलीला टिल्ला सहित अनेक स्थानों पर दशहरे के अवसर पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। शाम होते ही विभिन्न रामलीला स्थलों पर दर्शकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। जैसे ही पुतलों का दहन हुआ, पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। दशहरा पर्व को लेकर शहर के रामलीला स्थलों पर विशेष उत्साह देखने को मिला। रामलीला टिल्ला पर आयोजित मेले में लोगों की भारी भीड़ रही। बच्चों ने मेले में खिलौने, तीर-कमान, गदा और अन्य सामान खरीदे, वहीं परिवारों ने मेले में घूमकर पर्व का आनंद लिया। रामलीला स्थलों के आसपास लगी चाट-पकौड़ी और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मेले का आनंद उठाया। दशहरा पर्व भगवान श्रीराम की रावण पर विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी संदेश के साथ विभिन्न स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। आयोजन स्थलों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रमों में भाग लिया और पर्व की खुशियां साझा कीं। शाम के समय हुए पुतला दहन के साथ ही शहर में दशहरा पर्व का उल्लास देखने को मिला। विभिन्न रामलीलाओं और मेलों के माध्यम से लोगों ने धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया और आपसी मेलजोल के साथ त्योहार मनाया।
घरों में किया दशहरा पूजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। दशहरा पर्व पर शहर में श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में विधि-विधान के साथ पूजन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर परिवारों में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। पूजन के बाद भाइयों ने अपनी बहनों के घर जाकर उन्हें दशहरे की शुभकामनाएं दीं तथा बहनों ने भी भाईयों के कानों पर नौरते रखे और भाईयों ने उपहार स्वरूप राशि भेंट की। दशहरा पर्व पर अनेक परिवारों में बहनों के यहां नौरते रखवाने की परंपरा भी निभाई गई। भाइयों ने बहनों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें उपहार स्वरूप राशि भेंट की। इस दौरान भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और अपनत्व की झलक देखने को मिली। पर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल रही। भाइयों ने अपनी बहनों के लिए मिठाइयां और अन्य उपहार खरीदे। इसके बाद बहनों के घर पहुंचकर उन्हें पर्व की बधाई दी और पारिवारिक परंपराओं के अनुसार भेंट प्रदान की। दशहरे के अवसर पर घरों में पूजन, रिश्तेदारों से मुलाकात और उपहार देने का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था के साथ पर्व मनाया। वहीं, भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और पारिवारिक एकता का संदेश भी देखने को मिला।
सीकरी में ज़ियारत के सांसद पत्नी यशिका चैहान नेदर्शन किये
मोरना। गाँव सीकरी शरीफ मे स्थित बाबा अब्दुल लतीफ साबरी नईमी के 57 वे उर्स में पहुंची सांसद की पत्नी यशिका चैहान ने प्रसिद्ध ज़ियारत के दर्शन कर धर्मगुरुओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजित मेले में विभिन्न प्रतिष्ठान लगाए गए हैं। भारी संख्या में पहुंचे अक़ीदतमन्द ने कार्यक्रम में शिरकत कर रहे हैं।सुरक्षा को पुलिस बल तैनात किया गया है।
यशिका चैहान ने कहा कि सूफ़ी परम्परा मानवता व भाईचारे का सन्देश देती है।तीन पीढ़ियों से उनके परिवार का दरगाह शरीफ से जुड़ा है।यहाँ अध्यात्म और शान्ति का वास है। सीकरी में अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण किया जायेगा।
सज्जादा नशीन बाबा हबीबुररहमान लतीफी, सज्जादा नशीन बाबा शफाअत हसनैन लतीफी, मौलाना उमर अब्बास लतीफ सज्जादा नशीन ने बताया कि प्रतिवर्ष दरगाह शरीफ पर आकर लाखों अक़ीदतमन्द मन्नत मांगते हैं उनकी मनोकामना पूरी होती हैं।धर्मगुरुओं की कृपा सभी के लिये होती है।उनका जीवन लोक कल्याण को समर्पित होता है।सीकरी शरीफ को उसकी ख्याति के अनुरूप बड़े तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किये जाने की ज़रूरत है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद सईदुज़्जमा,सलमान सईद,एमआईआईएम उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष नय्यर काज़मी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। वहीं रात्रि में आयोजित ईदमिलादुन्नबी कार्यक्रम में सय्यद अमीनुल कादरी,दरगाह साबिरपाक के सज्जादा नशी अली शाहमियां दारुल उलूम बरकाते रजा कलियर से शरीफ मुस्तफा रज़ा ने सम्बोधन किया।
आयोजित उर्स शरीफ में क्षेत्र सहित बिजनोर, मुरादाबाद,बरेली,कलियर शरीफ, मेरठ, हरियाणा, दिल्ली आदि अकीदतमन्द पहुंचे हैं। जिसके लिए तमाम इंतजाम किए गए हैं।आगामी 22 अक्तूबर की रात कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी।आयोजित मेले में व्यक्ति झूले आदि से मनोरंजन कर रहे।महिलाएं सौंदर्य प्रसाधन आदि की खरीदारी कर रही हैं।सीकरी का मशहूर पेड़ा व हलुआ परांठा की दुकानों पर भीड़ मौजूद है।सीओ भोपा राधा रमण सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में सुरक्षा के लिये पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
मोबाइल फटने से व्यक्ति की मौत,मचा कोहराम
मोरना। मामा के घर से लौट रहे बाइक सवार व्यक्ति का मोबाइल तेज़ धमाके की आवाज़ से फट गया।जिससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया।पुलिस द्वारा घायल को जिला चिकित्सालय भेजा गया।गम्भीर हालत के चलते परिजनों द्वारा घायल को निजी अस्पताल में लाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।व्यक्ति की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।जिला पंचायत प्रशासक व सांसद की पत्नी ने मृतक परिवार को सांत्वना दी है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव रहमतपुर निवासी 40 वर्षीय विकास पुत्र जोगेन्दर अंतल सोमवार को शाहपुर क्षेत्र के गांव नरोत्तमपुर माजरा में अपनी माता कमलेश को मामा के घर छोड़ने गया था।शाम के समय विकास बाइक द्वारा वापस घर लौट रहा था जैसे ही वह मुज़फ्फरनगर खालापार थाना क्षेत्र के वहलना चैक पर पहुंचा तभी शर्ट की जेब मे रखा मोबाइल तेज़ धमाके की आवाज़ के साथ फट गया।विकास घायल हो गया।अनियंत्रित होकर उसकी बाइक सड़क पर गिर गयी।पास में मौजूद पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया।सूचना पर परिजन भी पहुंच गए।गम्भीर हालत में विकास को आरोग्यम नामक प्राइवेट अस्पताल में लाया गया।जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई के चलते मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया।मंगलवार को मृतक का शव घर पहुंचा।विकास की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है मृतक अपने पीछे माता कमलेश पिता जोगेंद्र सिंह पत्नी दीपा 6 वर्षीय पुत्री दृष्टि तीन वर्षीय पुत्र रियांश विवाहित बहन सपना को छोड़ गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विकास क्षेत्र खाईखेड़ी में स्थित उत्तम शुगर मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्य करता था। विकास की अचानक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।मृतक के घर पहुंचे जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल क्षेत्रीय सांसद की पत्नी यशिका चैहान ने परिजनों को सांत्वना दी है।
मिल पहुंचेंगे किसान, भाकियू ने किया ऐलान
मोरना। दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना में पेराई सत्र 25 अक्टूबर से शुरू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए मिल प्रशासन से जल्द पेराई शुरू कराने की मांग उठाई। धरने के दौरान भाकियू ने ऐलान किया कि 25 अक्टूबर को किसान अपना गन्ना लेकर मिल पहुंचेंगे। मिल प्रशासन तब तक अपनी तैयारियां पूरी कर ले।
धरने पर भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष अनुज राठी ने कहा कि मिल समिति की वार्षिक निकाय की बैठक में किसानों ने एडीएम प्रशासन की मौजूदगी में 25 अक्टूबर से पेराई सत्र शुरू कराने की मांग रखी थी। किसानों के सामने पशुओं के चारे की समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही खेतों में बरसीम की बुवाई भी करनी है। ऐसे में पेराई सत्र जल्द शुरू होना जरूरी है।
जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रधान ने कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुसार किसानों को गन्ना मूल्य पर मिलने वाला ब्याज दिया जाना चाहिए। इसके अलावा मिल की ओर से किसानों को कीटनाशक और यूरिया पर दी जा रही सब्सिडी का विवरण भी स्पष्ट किया जाए, ताकि किसानों को इसकी पूरी जानकारी मिल सके।
धरने पर पहुंचे चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक वीपी पांडेय ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह जिलाधिकारी से मिलकर पेराई सत्र शुरू करने की तिथि निर्धारित कराने का प्रयास करेंगे। इसके बाद भी भाकियू ने 25 अक्टूबर को गन्ना लेकर मिल पहुंचने के अपने फैसले को दोहराते हुए मिल प्रशासन को तैयारियां पूरी रखने की चेतावनी दी।
धरने की अध्यक्षता प्रकाश राठी ने की, जबकि संचालन युवा प्रकोष्ठ के ब्लाक अध्यक्ष राजा देशवाल ने किया। इस दौरान भाकियू के भोकरहेड़ी नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मोंटी राठी, भूरा चैधरी, श्यामवीर सिंह, अनिल, राहुल त्यागी, शिव कुमार और देवीलाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कथाव्यास ब्रजेश पाठक महाराज को शाॅल ओढ़ाकर एवं गीताजी भेंट कर सम्मानित किया
मुजफ्फरनगर। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा कथाव्यास बृजेश पाठक महाराज को शाॅल ओढ़ाकर एवं गीताजी भेंटकर सम्मानित किया गया। कथाव्यास ने बताया कि काम,क्रोध लोभ और मोह का नियंत्रण एक सतत साधना है, इस प्रसंग को सुनकर सभी उपस्थित श्रद्धालुजन भक्तिभाव से ओतप्रोत हो गये। अतुल गर्ग द्वारा अष्टादश श्लोकी गीतापाठ कराया गया।रामबीर सिंह ने सभी उपस्थित श्रद्धालु जनों को अष्टादश श्लोकी गीतापाठ के पत्रक वितरित किये।शामली रोड सत्संग भवन पर रामकथा मे समाजसेवी होतीलाल शर्मा, श्यामलाल बंसल, ताराचंद वर्मा,एड अमर कांत गुप्ता,अतुल गर्ग, रामबीर सिंह,राजेश वर्मा,सुभाष गर्ग, सोनिया सिंह,विमल प्रताप,महेन्द्र रावत,ब्रजमोहन शर्मा आदि बड़ी संख्या मे श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सदस्य तथा मातृशक्ति उपस्थित रही।अन्त मे आरती तथा प्रसाद वितरण के उपरांत कथा को विश्राम दिया गया।
कुंभकरण, मेघनाथ और अहिरावण वध के दृश्य देख भावविभोर हुए श्रद्धालु
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शक्ति क्लब रजिस्टर्ड मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित श्री रामलीला महोत्सव में आज कुम्भकरण वध,मेघनाथ वध,अहरावण वध ,घोर युद्ध,की लीला का बहुत ही सुंदर मंचन किया गया आज की लीला का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय राठी जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल,संजय बंसल,रजत धीमान सभासद, मंडल अध्यक्ष नंद किशोर , वैभव त्यागी,दुर्गेश पाल सर्वेश त्यागी उर्फ पिंटू त्यागी भाजपा नेता आदि ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया तदुपरांत आये हुये अतिथिगण द्वारा श्री गणेश वंदना, रामायण वन्दना, श्री राम जी की वन्दना की स्तुति की गयी आज की लीला का मुख्य आकर्षण कुंभकरण वध,खेड़ा मेघनाथ वध, अहरावण वध रहा लक्ष्मण जी के होश में आने पर रावण अपने सबसे शक्तिशाली भाई कुंभकरण के पास जाता जिसे निद्रा से उठाकर उसे राम जी युद्ध करने भेज देता है जहां राम जी और कुंभकरण में भयंकर युद्ध होता है और अंत में श्री राम जी कुंभकरण का वध कर देते है उसके बाद लक्ष्मण जी और मेघनाथ में भयंकर युद्ध होता है और लक्ष्मण जी मेघनाथ की भुजा और सिर काट देते है उसके उपरांत मेघनाथ की पत्नी सुलोचना मेघनाथ का सिर और भुजा रामादल से लेकर आती है और उसके साथ ही सती हो जाती है रावण अपने मित्र अहरावण के सहयोग से राम।और लक्ष्मण को पाताललोक ले जाकर उनकी बलि चढ़ाना चाहता है जिस पर समय पर पहुंचकर हनुमान जी अहरावण को मार देते है आज की लीला का मुख्य आकर्षण कुंभकरण वध के बाद पड़ने वाले खेड़ा रहा आज की लीला के मुख्य पात्रों में श्री राम जी सौरभ, लक्ष्मण वैभव, हुनमान अखिलेश पाल, रावण गौरव,कुंभकरण अरविंद,मेघनाथ वंश कश्यप, अहरावण ओमपाल कश्यप,आदि ने बहुत ही सुंदर अभिनय कर दर्शकों को मंत्र मुग्घ किया खेड़ा का कार्यक्रम रिंकू कटारिया,लव, उज्ज्वल शर्मा ने बहुत ही सुंदर प्रस्तुत किया आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष पवन पाल, सचिव संजीव दीक्षित, कोषाध्यक्ष सरदार राजिंदर सिंह एडवोकेट, मीडिया प्रभारी नवनीत कौशिक, संयोजक सुनील कपिल, सतेंद्र पंवार, अमरीश त्यागी, नीरज शर्मा, उपाध्यक्ष रविकांत सभासद, नितिन विजेंद्र पाल, सुनील रूहेला, नवनीत कौशिक, उपसचिव राजीव अरोरा, नितिन अरोरा, महीपाल, रिंकू कटारिया, सुशील पाल, जॉनी पाल, राकेश पांचाल, शिवकुमार भाई जी, अक्षय पाल आदि ने बहुत ही सुंदर सहयोग किया
रामपुरी की लक्ष्मण बस्ती में आरएसएस का भव्य पथ संचलन, पुष्प वर्षा से हुआ जोरदार स्वागत
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रामपुरी, मुज़फ्फरनगर में विजयदशमी पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा लक्ष्मण बस्ती में पथ संचलन निकाला गया। कार्यक्रम में श्री आलोक जी (जिला सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख) द्वारा मार्गदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि
1925 में संघ के आद्य सरसंघचालक डॉक्टर केशव राव बलिराम हेडगेवार जी ने विजयदशमी के ही दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार श्रीराम ने सामान्य व्यक्तियो और वन में रहने वालों को संगठित कर रावण का अंत किया था उसी प्रकार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज को संगठित करता है और समाज की सुप्त शक्ति का जागरण करता है तथा समाज को राष्ट्र हित में काम करने के लिए प्रेरित करता है। किस प्रकार संघ ने अपने 100 वर्षों की यात्रा पूर्ण की। इन 100 वर्षों में संघ ने समाज में राष्ट्र में किस तरीके से अपना योगदान दिया इस पर भी उन्होंने चर्चा की।
संघ के कार्यकर्ताओं को किस प्रकार से समाज में अपना योगदान प्रदान करना चाहिए उस पर भी वक्ता ने प्रकाश डाला।
वक्ता ने श्री राम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए बताया कि किस प्रकार प्रभु श्री राम ने सर्व समाज को साथ लेकर सत्य को विजय किया उसी प्रकार हम सभी को भी सर्व समाज को साथ लेकर समरसता के साथ कार्य करना चाहिए।
संचलन लक्ष्मण शाखा संघ स्थान से प्रारम्भ हुआ तथा रामपुरी की विभिन्न गलियों से होते हुए निकला गया। क्षेत्र वासियों ने विभिन्न विभिन्न स्थानों पर संचालन का स्वागत पुष्प वर्षा से किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हनुमान नगर के माननीय नगर संघचालक श्रीमान श्रीपाल जी, जिला अन्य कार्य प्रमुख फूलचंद जी, नगर कार्यवाह संजीव जी, सह नगर कार्यवाह योगेश जी, नगर बौद्धिक प्रमुख डॉ0 ललित जी, नगर प्रचार प्रमुख सहदेव जी, नगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख गौरव जी, नगर सहसेवा प्रमुख नरेंद्र जी, बस्ती प्रमुख राजकुमार जी, आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संचालन का समापन भारत माता की जय के उदघोष व सुक्ष्म जलपान के साथ हुआ।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए गए कड़े दिशा-निर्देश
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। दशहरा (विजयादशमी) पर्व के अवसर पर जनपद में आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रमों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री सूरज कुमार राय के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित रावण दहन स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम आयोजकों से सीधी वार्ता कर मंचन, पार्किंग, आवागमन और दहन स्थल की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारियों द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा दशहरा पर्व को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए शहर से लेकर देहात तक कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी सुरक्षा इंतज़ामात सुनिश्चित किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रोहाना। दशहरा पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में शहर कोतवाल ब्रिजेश शर्मा ने रोहाना चैकी प्रभारी हिमांशु शर्मा के साथ रोहाना कस्बे में पहुँचकर दशहरा आयोजकों से शांतिपूर्ण रूप से पुतला दहन करने की अपील की।शहर कोतवाल ब्रिजेश शर्मा ने रोहाना के मुख्य रामलीला ग्राउंड में चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजकों से कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, इसलिए इस पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। उन्होंने आयोजकों को निर्देश दिया कि पुतला दहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें।
शहर कोतवाल की इस अपील पर आयोजकों ने आश्वासन दिया कि वे पुलिस प्रशासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से पुतला दहन कार्यक्रम संपन्न कराएंगे।
इस दौरान रोहाना चैकी प्रभारी हिमांशु शर्मा ने बताया कि रोहाना कस्बे में दशहरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस बल को जगह-जगह तैनात किया गया है। ट्रैफिक को डायवर्ट करने की भी योजना बनाई गई है ताकि मेले में आने वाले लोगों को कोई असुविधा न हो सके।
मनुष्य का सर्वाेत्कृष्ट पद है भगवान का भक्त बननारू अचल शास्त्री
मोरना। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माता पिता डा. सुबोध कुमार गुप्ता और सत्यवती गुप्ता के द्वारा भागवत पीठ शुकतीर्थ में आयोजित हुई भागवत कथा के समापन के उपरांत कथा व्यास का सम्मान किया गया। वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त ने वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय कथाव्यास अचल कृष्ण शास्त्री ने कहा कि मनुष्य को अगर उच्चता के शिखर तक पहुँचना है तो अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर तल्लीनता से अपने कर्म में लगे रहना चाहिये।
जो मनुष्य अभय पद प्राप्त करना चाहता है उसे अधिक से अधिक भगवान की कथा का श्रवण, कीर्तन और मनन करना चाहिये। मनुष्य जन्म का यही इतना ही लाभ है कि वह अपने ज्ञान से, भक्ति से और धर्म की निष्ठा से जीवन को ऐसा बना ले की मृत्यु के समय भगवान का स्मरण हो जाये।
उन्होंने कहा कि मनुष्य का सर्वाेत्कृष्ट पद है भगवान का भक्त बनना और सबसे बड़ा धन है भगवद् भक्ति। भगवद् भक्ति जीवन को रसमय और मंगलमय बनाकर परलोक को संवार देती है।
ऑपरेशन चक्रव्यूह में तितावी पुलिस का बड़ा प्रहार, दो हिस्ट्रीशीटर दबोचे
मुजफ्फरनगर। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तितावी पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने दो वांछित हिस्ट्रीशीटरों को गिरफ्तार कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी जयवीर सिंह के नेतृत्व में तितावी पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। चैकी प्रभारी अमित चैधरी की टीम ने घेराबंदी कर हिस्ट्रीशीटर तहसीन और जावेद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और उनके खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर जेल भेज दिया। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस हिस्ट्रीशीटरों और वांछित अपराधियों पर नजर रख रही है। पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाकर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करना है। तितावी पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
शिवसेना ने किया विजयादशमी परशस्त्र पूजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। विजयादशमी के पावन अवसर पर मुजफ्फरनगर में शिवसेना की ओर से विभिन्न स्थानों पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कंबल वाली गली स्थित शिवसेना ओबीसी मोर्चा के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय करीब 50 महिलाओं को शक्ति और आत्मरक्षा के प्रतीक के रूप में कृपाण भेंट की गई। वहीं, प्रकाश चैक स्थित शिवसेना कार्यालय पर भी शस्त्र पूजन कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
कंबल वाली गली स्थित शिवसेना ओबीसी मोर्चा के कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में मोर्चा अध्यक्ष मनोज सैनी ने कहा कि शस्त्र पूजन सनातन संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इतिहास में जब भी सामाजिक और बुरी शक्तियों से संघर्ष करना पड़ा, तब उनका मुकाबला करने के लिए शस्त्र उठाना पड़ा। भगवान श्रीराम ने भी धर्म की रक्षा के लिए अधर्म के विरुद्ध युद्ध किया था।
मनोज सैनी ने कहा कि धर्म और समाज की रक्षा के लिए साहस और शक्ति का होना जरूरी है। कार्यक्रम में समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली और विभिन्न संस्थाओं से जुड़ी करीब 50 महिलाओं को कृपाण भेंट की गई। इस पहल के माध्यम से महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नेहा गोयल ने कहा कि नारी शक्ति का स्वरूप है। महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।
गीता ठाकुर ने भी महिलाओं से आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं की एकजुटता और आत्मविश्वास को महत्वपूर्ण बताते हुए समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
प्रकाश चैक स्थित शिवसेना कार्यालय पर आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शिवसेना की जिलाध्यक्ष पूनम चैधरी ने कहा कि दशहरे पर हर साल रावण के पुतले का दहन किया जाता है, लेकिन अहंकार, ईष्र्या और नकारात्मक सोच जैसी बुराइयां आज भी समाज में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति अपने भीतर की इन बुराइयों को समाप्त नहीं करेगा, तब तक दशहरे का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं होगा। उन्होंने महिलाओं से एकजुट होकर अपनी आवाज उठाने, अन्याय का विरोध करने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
शिवसेना के जिलाध्यक्ष बिंदु सिखेड़ा ने कहा कि रावण विद्वान होने के बावजूद अहंकार और गलत सोच के कारण विनाश को प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि केवल रावण का पुतला जलाने से समाज की बुराइयां समाप्त नहीं होंगी, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने भीतर मौजूद अहंकार और नकारात्मकता रूपी रावण का अंत करना होगा।
उन्होंने महिलाओं और बेटियों से दुर्गा का स्वरूप धारण कर अन्याय और बुराई के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध मिलकर काम करना होगा।
शिवसेना के दोनों कार्यालयों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, एकजुटता और धर्म-संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। पदाधिकारियों ने लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने, सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में शस्त्र पूजन के साथ-साथ समाज में साहस, आत्मविश्वास और सद्भाव को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
बंद मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संतोष विहार इलाके में मंगलवार दोपहर एक बंद मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से मकान के अंदर रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि होने से बच गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार, संतोष विहार इलाके में रहने वाले कारोबारी शुभम कुमार सिंह मंगलवार सुबह किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। उन्होंने मकान के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाया हुआ था। दोपहर करीब 12 बजे अचानक घर के अंदर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते धुएं के साथ आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
आसपास के लोगों ने मकान से धुआं निकलता देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय निवासियों ने तत्काल दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एफएसओ रामकिशोर यादव की अगुवाई में दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था। दरवाजा बंद होने के कारण दमकलकर्मियों को सीधे अंदर पहुंचने में परेशानी हो रही थी। आग तेजी से फैल रही थी, ऐसे में समय गंवाना खतरे से खाली नहीं था। दमकलकर्मियों ने तत्काल दूसरा रास्ता निकाला और सीढ़ियां लगाकर मकान की छत पर पहुंच गए। इसके बाद छत पर लगे लोहे के जाल को तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया। अंदर पहुंचते ही दमकल टीम ने पानी की बौछारें डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी दौरान कारोबारी शुभम कुमार सिंह भी अपने घर पहुंच गए। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला खोल दिया, जिससे दमकलकर्मियों को पाइप और अन्य उपकरण अंदर ले जाने में आसानी हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दो दमकल गाड़ियां तैनात की गईं। दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह शांत करने में सफलता हासिल की। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से लपटें आसपास के दूसरे मकानों तक नहीं फैल सकीं। राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय मकान के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। हालांकि, घर के एक कमरे में रखा सामान आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। आग बुझने के बाद जब घर के अंदर के हालात देखे गए तो एक कमरे में रखा लाखों रुपये का सामान जला हुआ मिला। आग से कारोबारी और उनके परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचा है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक कीमत का आकलन अभी नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग किस स्थान से शुरू हुई और इतनी तेजी से कैसे फैली, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मुजफ्फरनगर के बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रा की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के बेगराजपुर में बने मेडिकल कॉलेज में उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष में पढ़ाई कर रही एक छात्रा का शव उसी के कमरे में मिला। सोमवार को हुई इस घटना की खबर सामने आते ही पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई थी कि छात्रा ने अपने कमरे के भीतर आत्महत्या कर ली है। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मंसूरपुर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना से जुड़ी तमाम परिस्थितियों को देखते हुए अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम बेगराजपुर स्थित मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर पुलिस कर्मियों ने कमरे और आसपास के इलाके का जायजा लिया। छात्रा की मौत का मामला एक बड़े शैक्षणिक संस्थान से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। पुलिस ने तुरंत अपनी प्राथमिक कानूनी प्रक्रियाएं शुरू कीं और स्थिति को संभाला।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए महत्वपूर्ण साक्ष्य
घटनास्थल की स्थिति और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच में कोई ढील नहीं बरती। मौके पर फील्ड यूनिट और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटना के कमरे का बहुत बारीकी से निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने वहां मौजूद अलग-अलग जगहों से साक्ष्य जुटाए और उन्हें जांच के लिए सुरक्षित किया। ऐसी संदिग्ध घटनाओं में मौके से मिलने वाले छोटे से छोटे सबूत भी जांच की सही दिशा तय करने में बेहद मददगार साबित होते हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा संकलित किए गए इन साक्ष्यों को पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है। इसके साथ ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी खुद बेगराजपुर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी हासिल की।
शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
कमरे में साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने छात्रा के शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस कर्मियों ने वहां की कानूनी लिखापढ़ी पूरी की और शव का पंचनामा भरा। इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई और डॉक्टरी जांच के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मौत से जुड़े चिकित्सकीय और तकनीकी तथ्यों की सटीक जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए इस मामले में आगे बढ़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
एसपी सिटी अमृत जैन ने दी मामले की जानकारी
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) अमृत जैन ने आधिकारिक जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि मंसूरपुर थाना पुलिस को बेगराजपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की छात्रा द्वारा अपने कमरे में आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर बिना किसी देरी के पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी सिटी अमृत जैन ने आगे बताया कि जांच को निष्पक्ष और सटीक बनाने के लिए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम से साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। इसके अलावा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। एसपी सिटी के अनुसार, वर्तमान में घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
मौत की वजहों पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की छात्रा की इस तरह हुई मौत के बाद से ही कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस की तरफ से अभी तक छात्रा की पहचान, उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि, कमरे से किसी सुसाइड नोट के मिलने या न मिलने अथवा मौत के पीछे के कारणों को लेकर कोई अंतिम या विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि बिना ठोस सबूत और जांच के किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना या अटकलें लगाना सही नहीं होगा। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिलने वाले तथ्यों पर ही सब कुछ निर्भर करता है। जांच आगे बढ़ने और डॉक्टरी रिपोर्ट आने के बाद ही इस दुखद घटना से जुड़े वास्तविक कारण सामने आ पाएंगे।
खतौली में मदरसे से लापता हुए दो मासूम छात्रः दुकान पर सामान लेने गए थे, पुलिस तलाश में जुटी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली स्थित भूड़ क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामाबाद में संचालित मदरसा फैजान उस्माने गनी से दो नाबालिग छात्र अचानक लापता हो गए हैं। मदरसे से दुकान पर सामान लेने निकले दोनों छात्र जब देर शाम तक वापस नहीं लौटे, तो मदरसा प्रशासन में हड़कंप मच गया। मदरसा प्रबंधक ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान पर जाने के बाद नहीं लौटे दोनों मासूम
पुलिस को दी गई जानकारी में मदरसा प्रबंधक मोहम्मद सुहैल ने बताया कि 11 वर्षीय मोहम्मद अली और 13 वर्षीय समीर मदरसे में ही आवासीय व्यवस्था के तहत रहकर पढ़ाई कर रहे थे। दोनों छात्र मोहल्ले में ही स्थित एक स्थानीय दुकान से कुछ सामान खरीदने के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं आए। काफी देर तक लौटने पर मदरसे के कर्मचारियों ने आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसकी सूचना मदरसा प्रबंधक ने बागपत स्थित उनके परिजनों को दी।
परिजनों ने भी उन्हें रिश्तेदारियों और जानकारी में तलाश किया, लेकिन दोनों मासूक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मोहम्मद अलीः निवासी ग्राम चैबली, थाना छपरौली (जनपद बागपत)
समीरः निवासी ग्राम जलालपुर, थाना बड़ौत (जनपद बागपत)
परिजनों के साथ थाने पहुंचे प्रबंधक, केस दर्ज
मदसरे से छात्रों के इस प्रकार अचानक गायब होने की सूचना तुरंत बागपत स्थित उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद मदरसा प्रबंधक और चिंतित परिजन खतौली कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए लिखित तहरीर सौंपी। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए अलग अलग एंगल पर जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी दिनेश चंद ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर दोनों छात्रों की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही हैं। इसके साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी अलर्ट जारी कर बच्चों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
विवाहिता की मौत पर नया मोड़, पति समेत 8 के खिलाफ हत्या का मुकदमा, सास-ससुर गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नोना में घरेलू कलह के चलते पति-पत्नी द्वारा कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन करने के मामले में विवाहिता की मौत के बाद नया मोड़ आ गया है। उपचार के दौरान पत्नी दीपा की मौत होने के बाद उसके मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति दिनेश समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विवाहिता की सास मूर्ति और ससुर रतन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, पति दिनेश अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नोना में सोमवार सुबह घरेलू कलह के चलते दीपा और उसके पति दिनेश ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान दीपा की मौत हो गई। वहीं, दिनेश की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया था। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है और उसका उपचार जारी है।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
दीपा की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके मायके पक्ष में कोहराम मच गया। मृतका के भाई अमरीश पुत्र राजकुमार निवासी बोपाड़ा ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपा के पति दिनेश सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मुकदमे में पति के अलावा सास, ससुर, जेठ, जेठानी, देवर, ननद और बिचैलिये को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सास मूर्ति और ससुर रतन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस जांच में जुटी
विवाहिता की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पति दिनेश का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि सास-ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।


