सडक हादसे में दर्जनों यात्री घायल
मुजफ्फरनगर। श्रद्धालुओं से भरी बस देर रात वहलना बाईपास पर काली नदी पुल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार ५८ श्रद्धालुओं में से लगभग ३५ श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से एक बच्चे समेत तीन गंभीर घायलों को मेरठ रैफर कर दिया गया है। इस हादसे से घटनास्थल पर कोहराम मच गया। डायल १०० पुलिस के अलावा कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंची।
घायलों को जिला चिकित्सालय लाकर भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार जनपद बिजनौर के थाना अफजलगढ क्षेत्र के गांव शेरगढ से करीब ५८ श्रद्धालु राजस्थान के जनपद भिवाड़ी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागड़ के लिए बस में सवार होकर रवाना हुए थे। रविवार देर रात करीब ११ बजे बस जैसे ही शहर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत वहलना बाईपास होते हुए काली नदी के पुल के समीप पहुंची तो तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार महिलाओं, बच्चों व अन्य लोगों में चीख पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने डायल १०० पुलिस को सूचना दी
जिस पर डायल १०० पुलिस की पीआरवी २२०८ सबसे पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद शहर कोतवाली पुलिस व अन्य गांव वालों ने मिलकर घायलों को बस से निकाला तथा सरकारी एबुलेंस व अन्य वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के सीएमएस डा. पंकज अग्रवाल ने बताया कि बस पलटने से इमरजेंसी पहुंचे घायलों में लेखराज पुत्र बसंत, सोहदर पत्नी भरत सिंह, ललिता पत्नी महावीर, कमला पत्नी विषाका, मीनू पुत्री रामप्रकाश, रामसिंह पुत्र सगवा, रूबी व बबली पुत्री रामफल, प्रीती पत्नी मेघराज, प्रिया पुत्री राजवीर, सजना व शामो पुत्री कल्याण, केला पत्नी पृथ्वी, राजबाला पत्नी विजयपाल, पूनम पत्नी रणवीर, हरकली पत्नी मुकेश, चांदनी पुत्री ओमकार शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लेखराज पुत्र बसंता तथा दो वर्षीय मानवी पुत्री महावीर व जोगेन्द्र पुत्र पदम सिंह को मेरठ रैफर कर दिया गया। सूचना पाकर एडीएम प्रशासन अमित सिंह तथा सीओ सिटी हरीश भदौरिया भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। देर रात्रि में पुलिस ने क्रेन ले जाकर बस को सीधा कराया और यातायात सुचारू कराया।
