वैश्विक

केरी सेक्टर में गोलाबारी: पाकिस्तान की तीन चौकियां तबाह

पाकिस्तानी सेना द्वारा जम्मू-कश्मीर में राजोरी के केरी सेक्टर में सुबह सात बजे से ही गोलाबारी शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। उधर मंगलवार को शाहपुर, कीरनी और बालाकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बना गोले दागे। शाम चार बजे शुरू हुई गोलाबारी देर शाम तक जारी थी। सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की तीन चौकियां तबाह हो गईं। तीन से चार सैनिकों के भी मारे जाने की सूचना है। 

Image Result For Indian Army

क्षेत्र के गांव कस्बा, मंधारा, कीरनी, इस्लामाबाद, गूंतरियां, काईयां, अपर शाहपुर, लोअर शाहपुर के साथ ही नियंत्रण रेखा से दूरदराज के गांव गलीपिंडी और कंडियार तक गोले दागे गए। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गोलाबारी से इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने घरों और सुरक्षित जगहों पर पनाह ली।

मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट सेक्टर में भी पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी की। मंगलवार शाम 7:30 बजे शुरू हुई गोलाबारी देर रात तक जारी थी। गोलट गांव को भी निशाना बनाकर गोले दागे गए। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। बता दें, इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को जिले के कृष्णा घाटी में आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए भारतीय क्षेत्र में गोलाबारी की थी जिसमें सेना का एक जवान शहीद हो गया था। सेना की जवाबी कार्रवाई में दो घुसपैठिये मारे गए थे।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21630 posts and counting. See all posts by News-Desk