स्वच्छ भारत मिशन -सर्वेक्षण के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया
मुजफ्फरनगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत सर्वेक्षण २०२० के लिए स्वच्छ भारत मिशन निदेशालय लखनऊ से आए निदेशक वैभव पांडे ने कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्वेक्षण के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया तथा दिशा निर्देश दिए।
स्वच्छता सर्वेक्षण २०२० को लेकर नगर पंचायत सभागार में सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक लेते हुए निदेशक वैभव पांडे ने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन व सफाई व्यवस्था को लेकर सफाई नायक व सभी कर्मचारियों को बधाई दी।
उससे पहले उन्होंने नगर पंचायत के कूड़ा निस्तारण केंद्र व कूड़े से बनने वाली आर्गेनिक खाद और गली, मोहल्लों, घरों में डस्टबिन व शौचालयों का जायजा लिया। उन्होंने नगर पंचायत के प्रयासों एवं कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा ही मॉडल अन्य नगर निकायों मे भी लागू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
सभी सफाई कर्मचारियों ने प्रण लिया कि उनकी नगर पंचायत प्रदेश ही नही देश मे नंबर एक बनेगी। इस अवसर पर ईओ ओमगिरी को उनके प्रयासों के लिए व ३१ दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले सफाई कर्मचारी पाले राम को स्वच्छ सर्वेक्षण शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर बलजीत सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी, अजय चौधरी जिला समन्वयक, डॉ राजीव कुमार ब्रांड एंबेसडर, सतीश, सचिन गोयल समेत नगर पंचायत का स्टाफ व सभी सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
