समाचार
पैदल गश्त
मुजफ्फरनगर। सीओ नई मन्डी की मौजूदगी मे पुलिस ने पैदल गश्त की। इस दौरान क्षेत्र के विशेष चौराहों पर एल ई डी लगवाने व बाजार मे सीसीटीवी कैमरे लगवाने व अतिक्रमण हटवाने आदि विभिन्न विषयो पर व्यापारी नेताओं से चर्चा की।
एसएसपी अभिषेक यादव के निर्देशो के चलते नई मन्डी क्षेत्राधिकारी धनंजय कुशवाहा व इंस्पैक्टर नई मन्डी दीपक चतुर्वेदी ने पुलिस टीम के साथ नई मन्डी के कई बाजारो मे पैदल भ्रमण किया। सीओ धनंजय कुशवाहा तथा प्रभारी निरीक्षक दीपक चतुर्वेदी,नई मन्डी चौकी प्रभारी नरेन्द्र सिह ने व्यापारी नेता संजय मित्तल,राजेन्द्र काटी, अनुराग सिंघल,अजय जैन आदि के साथ क्षेत्र के विशेष चौराहो पर एल.ई.डी. व कैमरे के बारे मे तथा अतिक्रमण हटवाने पर पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नई मन्डी व्यापार मण्डल अध्यक्ष इन्द्रसैन बिन्दल,नवीन बिन्दल,सुभाष चन्द मित्तल आदि व्यापारीगण मौजूद रहे।
चैकिंग अभियानसे मचा हडकम्प
मुजफ्फरनगर। यातायात प्रभारी वीर अभिमन्यु के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने आज मीनाक्षी चौक पर चैकिंग अभियान चलाया। वाहनों पर लगी दोषपूर्ण नम्बर प्लेटों को हटवाकर नई नम्बर प्लेट लगवायी। इस दौरान यातायात पुलिस ने कई वाहनों के चालान भी किये।
जिला यातायात प्रभारी के नेतृत्व में मीनाक्षी चौक पर चलाये गये चैकिंग अभियान में दोषपूर्ण नम्बर प्लैटों को सफेद रंग से पुतवाकर वाहन चालकों को तत्काल नई नम्बर प्लेटे उपलब्ध करायी गयी। इसके अलावा पटाखा छोडने वाले बुलेट बाइकों की भी चैकिंग की गयी और दर्जनों बुलेट बाइको को सीज किया गया। यातायात पुलिस के अभियान से वाहन चालकों में हडकम्प मचा रहा।
टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू
मुजफ्फरनगर। सघन मिशन इंद्रधनुष २.० के तहत चल रहे टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया। इसका शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण चोपड़ा ने जिला अस्पताल में शून्य से २ साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। उन्होंने कहा नियमित टीकाकरण से वंचित बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. शरण सिंह ने बताया – अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी तरह से जुटी हुई है। अभियान में दो तरह के बच्चों को शामिल किया गया है। पहला लेफ्ट आउट यानी जिन बच्चों को एक भी टीका नहीं लगा है। दूसरा ड्राप आउट यानी ऐसे बच्चे जिन्होंने एक – दो टीके लगवाने के बाद बीच में अन्य टीके नहीं लगवाए। उन्होंने बताया अभियान का तीसरा चरण सोमवार से शुरू हो गया है। बच्चों को डीपीटी, पोलियो, बीसीजी, पेंटा, एमआर, रोटा वायरस और गर्भवती को टीडी का टीका लगेगा। उन्होंने बताया इस अभियान के माध्यम से भारत सरकार द्वारा दो वर्ष की आयु के प्रत्येक बच्चे और उन गर्भवती महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिन्हें टीकाकरण कार्यक्रम के तहत यह सुविधा नहीं प्राप्त हुई है। मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत वर्ष २०२० तक पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम के तहत नियमित प्रतिरक्षण से वंचित २ साल तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को प्रतिरक्षित करने का लक्ष्य है। इसके लिए झुग्गी-झोपड़ियों और ऐसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जहां टीकाकरण या तो नहीं हुआ है या उसका प्रतिशत बहुत कम है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया जनपद में अभियान के तहत ३९८१ बच्चों और ६५८ गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए ३२१ सत्र चलाए जाएंगे।
शातिर दबोचा
मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन पर उ0नि0 राधेश्याम यादव द्वारा अभियुक्त सौरभ पुत्र अशोक नि0 शिवदासपुर थाना रामपुर सहारनपुर को रेशु विहार तिराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 1 तमंचा मय 01 जिन्दा कारतूस 12 बोर नाजायज बरामद किया गया।
पव्वों के साथ पकडा
मीरांपुर। थाना मीरापुर पर उ0नि0 करन नागर द्वारा अभियुक्त पंकज कुमार पुत्र राजपाल सिंह नि0 ग्राम रसूलपुर गढी थाना मीरापुर मु0नगर को मोण्टी तिराहा से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 24 पव्वे तोहफा मार्का देशी शराब बरामद किया गया।
वांछितों को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना ककरौली पर व0उ0नि0 चन सिंह अत्री द्वारा वॉछित अभियुक्त ललित पुत्र जयपाल नि0 खरकौड थाना ककरौली मु0नगर को तेवडा पुलिया से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना पुरकाजी पर उ0नि0 शैलेन्द्र सिंह द्वारा वॉछित अभियुक्त अनुज उर्फ भूरा पुत्र कमल सिंह नि0 तुगलकपुर थाना पुरकाजी मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना भौराकलां पर उ0नि0 के0के0 सिंह द्वारावॉछित अभियुक्त साजिद पुत्र मुमताज नि0 मसूद थाना सिंधावली अहीर बागपत को गन्ना तोल सेन्टर मुंडभर गेट से गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने मीटिंग कर दिये दिशा निर्देश
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव ने बीती रात्रि पुलिस लाइन में जनपद के पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर अपराध समीक्षा की और पुलिस अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
एसएसपी अभिषेक यादव ने सभी पुलिस अधीक्षकों व थाना प्रभारियों को क्षेत्र में गश्त बढाने, संवेदनशील स्थानों पर चौकसी बरतने, स्कूल कालेजों के पास छेडछाड की घटनाएं रोकनाएं के अलावा लम्बित पडी विवेचनाओं के शीघ्र निस्तरण व अनसुलझे अपराधों को शीघ्र अनवारण करने के निर्देश दिये। बैठक में एसपी सिटी सतपाल अंतिल, एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ सिटी हरीश भदौरिया के अलावा समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे।
तमंचा, कारतूस सहित पकडा
शाहपुर। उ0नि0 गजेन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्त मुस्तकीम पुत्र मौ0 अली नि0 मौ0 शाहमुबारिक कस्बा व थाना झिंझाना शामली को खतौला मोड बाग के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 1 तमंचा मय 01 जिन्दा कारतूस 01 खोखा कारतूस 315 बोर, 90 किग्रा गौमांस, 01 सिर, 04 पैर, 01 गाय की खाल एवं कटान के उपकरण बरामद किया गया।
हादसों में कई घायल
मुजफ्फरनगर। अलग अलग स्थानों पर हुए सडक हादसों में कई लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि ककरौली थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी सलमान पुत्र मौ. हसन टिहरी फार्म के पास हुए सडक हादसे में गम्भीर रूप से घायल हो गयां उसे के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इसके अलावा सहारनपुर के गांव टपरी निवासी सुशीला पत्नी सुशील रोहाना टोल प्लाजा के पास हुए सडक हादसे ेमें गम्भीर रूप से घायल हो गयी। उसे भी उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। छपार के गांव छपरा निवासी ब्रहम सिह पुत्र मंगत सिह, कूकडा निवासी साजिद पुत्र इस्लाम व बागोवाली निवासी रिहान पुत्र नितिश को भी अलग अलग मामलों में घायल होने पर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
सुबह शाम चली शीतलहर
जानसठ। ठंड का सितम कम नहीं हो रहा है और कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। मंगवार के भी सवेरे के समय कोहरे के चलते वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। हालांकि ओर दिनों की अपेक्षा सुबह साढे आठ बजे के बाद धूप तेज होनी शुरू हो गयी जिससे ठंड से कुछ राहत मिली। शीतलहर का भी प्रकोप रहा। बीते कई दिनों से लगातार कोहरा पड़ रहा है। मंगलवार सुबह जल्दी धूप निकलने से कुछ राहत मिल सकी। पसर में कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। कोहरा अधिक होने के कारण रेंग-रेंगकर वाहन चल रहे थे। साथ ही हवा भी थी, जिससे कंपकंपी छूट रही थी। दिन चढ़ने के साथ धूप चटक हो गई। धूप में बैठने पर तो ठंड काफूर हो रही थी, लेकिन धूप से हटते ही ठंड अपना खूब अहसास करा रही थी। ऐसे में लोग धूप तापते नजर आए। वहीं, कार्यालयों और घरों के भीतर लोगों को हीटर का प्रयोग करना पड़ा। शाम को धूप फीकी होनी शुरू हुई तो तापमान गिरने लगा। सर्द हवाओं का प्रकोप भी बढ़ गया। ठंड से बचाव के लिए लोगों ने और अधिक गर्म कपड़ों का सहारा लिया। देर शाम शहर में कई स्थानों पर लोग अलाव तापते दिखे। लोगों का लग रहा था कि फरवरी शुरू होने पर ठंड कम होगी, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है।
बरामदगी की मांग
मुजफ्फरनगर। लापता युवक की सकुशल बरामदगी के लिए परिजनो ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार नई मन्डी कोतवाली क्षेत्र के भोपा रोड गांधी नगर निवासी युवक सोहनवीर उर्फ सोनू पुत्र विनोद सैनी 30 जनवरी 2020 को अपने घर के पास से कहीं लापता हो गया था। युवक के परिजनो ने इस सम्बन्ध मे नई मन्डी कोतवाली मे गुमशुदगी दर्ज करवाई थी।
आज नई मन्डी थाने पहुंचे युवक सोहनवीर के परिजनो ने पुलिस से लापता हुए युवक की सकुशल बरामदगी की मांग की। पुलिस सूत्रो का कहना ंहै कि युवक की बरामदगी के लि ए भागदौड की जा रही है।
सडक हादसे मे कई घायल
रामराज। गंगा बैराज पर देर रात सडक हादसे मे कुछ वाहनो मे भिडन्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलो को उपचार के लिए समीपवर्ती जनपद बिजनौर भिजवाया गया। इस दौरान बैराज पुलिस चौकी पर तैनात हैड कांस्टेबल शैलेन्द्र कुमार ने अन्य पुलिसकर्मियो के साथ मौके पर पहुंच कर कडी मशक्त से वाहनो मे फंसे घायलो को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
समाजसेवी का निधन
मुजफ्फरनगर। नम आंखो के साथ सैकडो लोगो ने समाजसेवी आत्माराम गर्ग को अन्तिम विदाई दी। उल्लेखनीय है कि नगर के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पूर्व अध्यापक आत्माराम गर्ग का बीती रात निधन हो गया। विदित हो कि आत्माराम गर्ग सनातन धर्म सभा के मंत्री थे। तथा वे कई अन्य धार्मिक संस्थाओ से भी जुडे थे। उनके निधन की खबर से नगर मे शोक की लहर दौड गई। विभिन्न सामाजिक,स्वयंसेवी एवं धार्मिक संस्थाओ से जुडे पदाधिकारी स्व.आत्माराम गर्ग की अन्तिम यात्रा मे शामिल हुए तथा शहर शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में बीएफए और बीए प्रथम वर्ष की टीमें विजेता बनीं। महिला और पुरुष दोनों ही वर्गों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कॉलेज सचिव नीरज कुमार, विनोद कुमार एवं प्राचार्य डा. सचिन गोयल ने किया। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला महिला वर्ग में बीए द्वितीय वर्ष व बीकॉम द्वितीय वर्ष के बीच हुआ। बीए द्वितीय वर्ष की टीम २५-१८, २०-२५ व १२-२५ से विजयी रही। दूसरे मैच में बीकॉम तृतीय वर्ष ने बीएससी की टीम को १०-२५, २५-२२, २५-१० से पराजित किया। तीसरा मैच बीए प्रथम वर्ष व बीए द्वितीय वर्ष की टीमों के बीच हुआ, जिसमें बीए प्रथम वर्ष ३१-२६ से विजयी रही। चौथे मैच में बीएफए ने बीकॉम तृतीय वर्ष की टीम को २५-२०, २५-१७ से हराया। पांचवें मैच में बीएफए ने १४-२५, २०-२५ अंकों से बीएससी को पछाड़ा। महिला वर्ग का फाइनल मैच बीएफए व बीकॉम तृतीय वर्ष के बीच खेला गया बीएफए २५-२०, २५-२१ विजयी रही। पुरुष वर्ग के पहले सेमी फाइनल मैच में बीकॉम की टीम ने बीएफए को २५-२३, १६-२५ व २५-२३ अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में बीए प्रथम वर्ष ने बीकॉम प्रथम को २५-२२, २२-२५, २८-२६ से हराया। फाइनल मैच बीए प्रथम व बीकॉम तृतीय की टीमों में हुआ। बीए प्रथम ने २५-१४ व २५-१६ अंकों से विजयी हुए। निर्णायक अंकित धामा, अभिषेक, तुषार, सिद्धार्थ, सर्पित व स्कोरर राघव, नेहा व फैसल रहे। डा. दीपक मलिक, डा. नावेद अख्तर, डा. रवि अग्रवाल, डा. मोहिनी पंवार, डा. अमित कुमार, एकता मित्तल, डा. दीपक गर्ग, देवेश गुप्ता, मानसी, सपना, गीतिका, सोनम, अकांक्षा, गरिमा, कमर रजा, कृष्ण कुमार, प्रिंस चौधरी, आशीष, कुशलवीर, दीपक आदि का सहयोग रहा।
युवक की सड़क हादसे में मौत
मंसूरपुर। सडक हादसे मे बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। युवक की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मंसूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच 58 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी। इस हादसे पर कुछ अन्य वाहन चालक व ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गये। ग्रामीणो की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया तो मृतक की पहचान खतौली के जमुनाविहार निवासी गौरव पुत्र प्रवीन के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को इस दुखद हादसे से अवगत कराया युवक गौरव की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन व कुछ अन्य लोग तुरंत ही खतौली से मंसूरपुर के लिए चल पडे। पुलिस ने नागरिको की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पर भिजवा दिया।
स्पिक मैके कार्यक्रम का आयोजन
मुजफ्फरनगर। पंडित नित्यानंद हल्दीपुर ने अपने बांसुरी वादन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बांसुरी के माध्यम से भजनों की प्रस्तुति कर छात्र-छात्राओं को भावविभोर कर दिया। पंडित नित्यानंद हल्दीपुर ने विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत के बारे में जानकारी दी। अपनी गुरु अन्नपूर्णा के बारे में कहा कि उन जैसी महान आत्माएं सदियों में एक बार जन्म लेतीं हैं।
भागवंती सरस्वती विद्यामंदिर इंटर कॉलेज नई मंडी में स्पिक मैके के तत्वावधान में आयोजित देश के शीर्ष बांसुरी वादकों में से एक पंडित नित्यानंद हल्दीपुर ने शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शास्त्रीय संगीत के बारे में बताया। कहा कि बांसुरी को शास्त्रीय वाद्य का दर्जा दिलाने का श्रेय पन्ना लाल घोष को जाता है। उनके पिता और स्वयं उन्हें पन्ना लाल घोष का शिष्य होने का गौरव प्राप्त है। उन्होंने अपने कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातरू कालीन राग अहीर भैरव से किया। संक्षिप्त अलाप के उपरांत अहीर भैरव में उन्होंने विलंबित एकताल में तथा द्रुत तीन ताल में बंदिशें प्रस्तुत की। राग की प्रस्तुति में फुलझड़ी की चकाचौंध नहीं थी, बल्कि सुकून भर देने वाली दिव्य आभा थी। उसमें लुभाने की चेष्टा नहीं थी. बल्कि ध्यान की तरफ ले जाने का आमंत्रण था। अपने में लीन संगीत की साधना करते हुए पंडित नित्यानंद हल्दीपुर ने एक कर्णप्रिय धुन प्रस्तुत की, जो दादरा ताल में निबद्ध थी। उन्होंने कार्यक्रम का समापन गांधी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिये से किया। साथ ही उन्होंने बताया कि इस भजन को गुजरात में कैसे गाते हैं। बनारस घराने के प्रसिद्ध तबला वादक पंडित शैलेंद्र मिश्र ने बखूबी संगत प्रदान की। तानपूरे पर निधि ने संगत प्रदान की। दीप प्रज्वलन अरुण खंडेलवाल, छोटू राम कॉलेज के प्राचार्य डॉ नरेश मालिक, प्रधानाचार्या सुनीता गौड़ ने संयुक्तरूप से किया। प्रधानाचार्या ने आभार जताया। संचालन नीरा शर्मा ने किया। राधा मोहन तिवारी, राहुल सेन, अभिनव त्यागी, सागर बेनीवाल, हर्ष, शुभम, मोहित, डॉ मृदुला मित्तल तथा डॉ गरिमा जैन का विशेष सहयोग रहा। डीएवी कॉलेज की प्राचार्या डॉ शशि शर्मा, सुनीता शर्मा, दिलीप मिश्रा, आर्य अकादमी निदेशक सुघोष आर्य विशेषरूप से उपस्थित रहे।
युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास
ककरौली। थाना क्षेत्र के गांव में शाम के समय दो युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए उसे घर में खींच लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के शोर मचाने पर दोनों युवक जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह चारा लेने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही आरोपी दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए घर में खींच लिया। युवती ने बताया कि आरोपी एक बार पहले भी उसके साथ ऐसा कर चुके हैं, जिसको गांव में पंचायत कराकर फैसला करा दिया गया था। पीड़ित युवती ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष बचन सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शुरुआती पहचान, बचाए कैंसर से जान
मुजफ्फरनगर। तेजी से बढ़ रही कैंसर की बीमारी की जितनी जल्दी पहचान हो जाए उतना ही ठीक है। शुरुआती चरण में यदि बीमारी का पता लगाकर उसका उपचार शुरू हो जाए, तो मरीज के ठीक होने की संभावना अधिक रहती है।
जिले में कैंसर के उपचार की व्यवस्था नहीं है। इसलिए जिले के मरीजों को मेरठ, पीजीआई या एम्स में ही उपचार के लिए जाना पड़ता है। जनपद में नेशनल प्रोग्राम फॉर कंट्रोल ऑफ डायबिटीज, कैंसर, कार्टियक डिजिज एंड स्ट्रॉक (एनपीसीडीसीएस) के तहत मरीजों की पहचान की जाती है। अब हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू हो गए हैं, जहां गैर संक्रामक बीमारियों को चिह्नित करने का काम शुरू हो गया है। एनपीसी डीसीएस के प्रभारी डॉ. एसके त्यागी का कहना है कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों के पहचानने के लिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू किए गए हैं। जांच में यदि कैंसर के लक्षण होते हैं तो मरीज को उपचार के लिए हायर सेंटर भेज दिया जाता है। वर्तमान में जिले में 30 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर शुरू हो गए हैं जबकि 50 की शुरुआत और होनी है। शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान होने पर कीमोथैरेपी और रेडियोथैरेपी के जरिए इसका उपचार संभव है।
गुटखा और धूम्रपान मुंह के कैंसर का बड़ा कारण-प्रमुख रूप से तीन तरह के कैंसर पाए जाते हैं। डा. एसके त्यागी बताते हैं कि मुंह, गले, फेफड़े के कैंसर गुटखा, तंबाकू और धूम्रपान के कारण होता है। शुरुआती लक्षणों में मुंह में सफेद या लाल चकत्ते होना, गांठ होना, घाव होना है। दूसरा प्रकार ब्रेस्ट कैंसर का है। तीसरा प्रकार सर्विक्स कैंसर का है।
इन गांवों में कहर बरपा रहा कैंसर-जिले में बाढ़, कसौली, लुहारी खुर्द, बोपाड़ा, डबल, मोरकुक्का, कितास आदि गांवों में कैंसर का प्रकोप ज्यादा है। ये गांव काली और हिंडन नदी के किनारे बसे हुए हैं। इन नदियों में प्रदूषित पानी बहता है। ग्रामीण बताते हैं कि गांवों के हैंडपंप में दूषित पानी आता है इसके चलते लीवर, आंत, लंग्स, गले एवं मुंह के कैंसर के मामले सामने आए। कुछ वर्ष पूर्व हिंडन और काली नदी के किनारे बसे गांवों के हैंडपंपों के पानी की जांच में नाइट्रेट, नाइट्राइट और आग्जलेट जैसे तत्व पाए गए थे। चिकित्सक बताते हैं कि ये तत्व कैंसर के कई कारणों में से एक हो सकते हैं।
कैंसर से बचने को बरतें सावधानी
– गुटखा, तंबाकू का सेवन न करें।
– धूम्रपान से बचें।
– शरीर में गांठ हो तो तुरंत डाक्टर को दिखाएं।
– पुराना घाव होने पर तुरंत जांच कराएं।
– शुद्ध पानी एवं भोजन का ही सेवन करें।
– प्रदूषण से बचने की कोशिश करें।
