Barabanki News: नाबालिग लड़की पर गल्ले से रुपये चोरी करने का लगाया आरोप, हाथ-पैर बांधकर पिटाई
Barabanki News: जनपद के थाना कुर्सी क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में दुकान से सामान लेने गई नाबालिग लड़की पर दुकानदार ने गल्ले से नकदी चोरी का आरोप लगाया। इसके बाद नाबालिग लड़की के हाथ-पैर बांधकर मारपीट की। पूरी घटना की वीडियो किसी ने बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर दुकानदार सहित तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार कुर्सी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी कक्षा 8 की छात्रा है। शुक्रवार देर शाम को नाबालिग लड़की घर से गांव में स्थित किराने की दुकान से सामान लेने गई थी। वहां से सामान खरीदने के दौरान दुकानदार ने नाबालिग लड़की पर गल्ले से रुपये चोरी करने का आरोप लगाया और हाथ पैर बांधकर बंधक बना लिया। इस दौरान आरोपित ने उसको दुकान में बंधक बनाकर मारपीट भी की।
नाबालिग लड़की के रोने की आवाज सुनकर काफी लाग एकत्र हो गए। इसी बीच किसी ने घटना की वीडियो बना ली। वीडियो में नाबालिग लड़की के हाथ-पैर बंधे दिखाई दे रहे हैं।
वहीं स्थानीय ग्रामीणों की मौके पर काफी भीड़ थी, लेकिन फिर भी किसी ग्रामीण की हिम्मत नहीं थी कि दुकान के अंदर घुसकर बच्चे के हाथ पैर खोल सके। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को बंधक मुक्त कर स्वजन को सौंप दिया। वहीं, पुलिस ने घटनाक्रम की जांच के लिए आरोपित दुकानदार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।
कुर्सी थाना के थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर दुकानदार सहित तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है अन्य लोगों की तलाश जारी है ।

